×

कन्हैया कुमार की कांग्रेस में एंट्री पर छिड़ी महाभारत, मनीष तिवारी ने उठाए सवाल, टुकड़े-टुकड़े गैंग पर भाजपा ने घेरा

भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के नेता कन्हैया कुमार की कांग्रेस में एंट्री को लेकर महाभारत छिड़ गई है।

Anshuman Tiwari
Written By Anshuman TiwariPublished By Ragini Sinha
Published on: 28 Sep 2021 9:00 AM GMT
Political latest news
X

कन्हैया कुमार की कांग्रेस में एंट्री पर छिड़ी महाभारत (social media)

जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के नेता कन्हैया कुमार की कांग्रेस में एंट्री को लेकर महाभारत छिड़ गई है। मजे की बात यह है कि भाजपा के साथ ही कांग्रेस में भी कन्हैया कुमार को लेकर सवाल उठाए जाने लगे हैं। वरिष्ठ कांग्रेस नेता और जी-23 के सदस्य माने जाने वाले मनीष तिवारी ने कन्हैया कुमार की कांग्रेस में एंट्री पर सवाल उठाएं है। दूसरी और भाजपा ने इसे लेकर कांग्रेस पर बड़ा हमला बोला है। भाजपा ने सवाल किया है कि कांग्रेस को इस बात का जवाब देना होगा कि क्या वह टुकड़े टुकड़े गैंग के साथ है?

कांग्रेस में ही उठने लगे सवाल

कम्युनिस्ट नेता कन्हैया कुमार की कांग्रेस में एंट्री को लेकर काफी दिनों से सियासी अटकलें लगती रही हैं। अब कांग्रेस नेतृत्व की हरी झंडी के बाद भगत सिंह की जयंती पर मंगलवार को कन्हैया कुमार के साथ ही गुजरात के युवा नेता जिग्नेश मेवाणी की कांग्रेस में एंट्री हो रही है। खास तौर पर कन्हैया कुमार की एंट्री को लेकर कांग्रेस में ही बवाल शुरू हो गया है। कांग्रेस ने कन्हैया कुमार की पार्टी में एंट्री को बिग शो बनाने की तैयारी की है। इसी कारण कांग्रेस मुख्यालय के इर्द-गिर्द और दिल्ली में तमाम स्थानों पर बड़े-बड़े पोस्टर लगाकर इसका प्रचार किया गया है। इस बीच कांग्रेस सांसद और पार्टी के वरिष्ठ नेता मनीष तिवारी ने कन्हैया कुमार को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। उन्होंने इस बाबत ट्वीट करते हुए नेतृत्व के सामने सवाल खड़े किए हैं। उनका कहना है कि कुछ कम्युनिस्ट नेताओं के कांग्रेस में शामिल किए जाने की बात सामने आई है। ऐसे में कम्युनिस्ट इन कांग्रेस किताब को पढ़ा जाना चाहिए। यह किताब 1973 में छपी थी। उन्होंने कहा कि बदलने के साथ चीजें उतनी ही समान लगती हैं।

भाजपा का कांग्रेस नेतृत्व पर बड़ा हमला

भाजपा ने भी कन्हैया कुमार को लेकर कांग्रेस के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। पार्टी ने कांग्रेस को याद दिलाया है कि कन्हैया कुमार टुकड़े-टुकड़े गैंग की अगुवाई करने वालों में शामिल थे। पार्टी के प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कि टुकड़े-टुकड़े गैंग की ओर से ही भारत तेरे टुकड़े होंगे का नारा दिया गया था। अब कांग्रेस नेतृत्व की ओर से ऐसे नेताओं को पार्टी में एंट्री दी जा रही है। राहुल गांधी ने जेएनयू जाकर इस गैंग का समर्थन किया था। अब इस गैंग से जुड़े लोग कांग्रेस में दाखिल हो रहे हैं। कांग्रेस को यह स्पष्ट करना चाहिए कि क्या वह टुकड़े-टुकड़े गैंग का समर्थन कर रही है।

आपत्तिजनक नारे लगाने वाले को एंट्री

भाजपा आईटी सेल के हेड अमित मालवीय ने भी इसे लेकर कांग्रेस नेतृत्व को घेरा है। उन्होंने कहा कि सर्जिकल स्ट्राइक की एनिवर्सरी पर कांग्रेस नेतृत्व की ओर से भारत तेरे टुकड़े होंगे जैसे आपत्तिजनक नारे लगाने वाले कन्हैया कुमार और जिग्नेश मेवाणी को पार्टी में शामिल किया जा रहा है। उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व पर हमला करते हुए कहा कि यह कोई नई बात नहीं है। भारत के टुकड़े करने का नारा देने वालों के साथ हाथ मिलाना कांग्रेस की पुरानी आदत रही है।

इस कारण विवादित हुए थे कन्हैया कुमार

उल्लेखनीय है कि जेएनयू में लगे देश विरोधी नारे में कन्हैया कुमार का नाम भी विवादित हुआ था। अभी तक कम्युनिस्ट पार्टी का चेहरा रहे कन्हैया कुमार की अब कांग्रेस में एंट्री बड़े विवाद का कारण बनती दिख रही है। कन्हैया कुमार ने 2019 का लोकसभा चुनाव बेगूसराय संसदीय सीट से लड़ा था। वे भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के टिकट पर चुनाव मैदान में उतरे थे । मगर उन्हें भाजपा के फायर ब्रांड नेता गिरिराज सिंह ने चार लाख से अधिक मतों से पराजित कर दिया था। हाल के दिनों में कांग्रेस नेतृत्व ने युवा नेताओं को महत्व देना शुरू किया है ।.मगर कन्हैया कुमार और मेवाणी को लेकर नया विवाद छिड़ता नजर आ रहा है।

Ragini Sinha

Ragini Sinha

Next Story