×

एक करोड़ के इनामी प्रशांत बोस की गिरफ़्तारी के विरोध में नक्सलियों का भारत बंद शुरू, झारखंड में उड़ाया रेलवे ट्रैक

माओवादी पोलित ब्यूरो सदस्य और एक करोड़ के इनामी प्रशांत बोस और उनकी पत्नी शीला मरांडी को बीते दिनों गिरफ्तार किया गया था। जिसके विरोध में नक्सलियों ने आज शनिवार (20 नवंबर 2021) को भारत बंद किया है।

aman
By aman
Published on: 20 Nov 2021 3:35 AM GMT
एक करोड़ के इनामी प्रशांत बोस की गिरफ़्तारी के विरोध में नक्सलियों का भारत बंद शुरू, झारखंड में उड़ाया रेलवे ट्रैक
X

माओवादी पोलित ब्यूरो सदस्य और एक करोड़ के इनामी प्रशांत बोस और उनकी पत्नी शीला मरांडी को बीते दिनों गिरफ्तार किया गया था। जिसके विरोध में नक्सलियों ने आज शनिवार (20 नवंबर 2021) को भारत बंद किया है। दरअसल, इस बंद की शुरुआत शुक्रवार की रात 12 बजे से ही हो गई है, जो शनिवार की रात 12 बजे तक रहेगा। इसे लेकर देश नक्सल प्रभावित इलाकों में पुलिस को अलर्ट पर रखा गया है। सुरक्षा एजेंसियों को पूरी तरह सतर्क रहने का निर्देश दिया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, नक्सलियों का तांडव टोरी रेलखंड पर देखने को मिला। नक्सलियों ने टोरी रिचुघुटा डेम स्टेशन का रेलवे ट्रैक उड़ा दिया। झारखंड के धनबाद मंडल के टोरी-लातेहार रेलखंड पर रिचुघुटा-डेमू स्टेशनों के बीच नक्सलियों ने बम धमाके से रेल की पटरी उड़ा दी। यह घटना देर रात करीब 01 बजे की है। बम धमाके के कारण रेलवे ट्रैक क्षतिग्रस्त हो गया। साथ ही, पटरी टूटने के कारण डीजल लोको का पहिया पटरी से उतर गया। शुक्र रही कि इस घटना में कोई घायल या हताहत नहीं हुआ। सुरक्षा नजरिये से इस मार्ग पर फिलहाल ट्रेनों की आवाजाही रोक दी गई है। घटना की जांच जारी है।

बता दें सुरक्षा एजेंसियों को पहले ही सूचना मिली चुकी थी, कि नक्सली कहीं भी हिंसा कर सकते हैं। भारत बंद से पहले ही माओवादी संगठन और इससे जुड़े विंग ने 15 नवंबर से 19 नवंबर 2021 तक प्रशांत बोस की गिरफ़्तारी के विरोध में 'प्रतिरोध दिवस' मनाया था। बता दें, कि प्रशांत बोस, उनकी पत्नी शीला मरांडी सहित चार सहयोगियों को झारखंड पुलिस ने 12 नवंबर 2021 को सरायकेला के कांड्रा थाना के अंतर्गत गिद्दीलबेड़ा टोल प्लाजा के पास से गिरफ्तार किया था।

इससे पहले माओवादियों के पूर्वी रीजनल ब्यूरो की तरफ से 14 नवंबर 2021 को भारत बंद का आह्वान किया गया था। इसके बाद पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों की पुलिस को विशेष सतर्कता बरतने को कहा था। इसी के मद्देनजर विशेषकर झारखंड राज्य की सीमाओं पर पुलिस लगातार वाहनों की जांच पड़ताल कर रही है।

छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित इलाके और महाराष्ट्र के गढ़चिरौली सहित बिहार के कुछ इलाकों में भी विशेष सतर्कता बरती जा रही है। स्थानीय पुलिस को इस संबंध में सभी आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story