×

अनुराग ठाकुर को बचपन से था क्रिकेट का शौक, PM मोदी ने बनाया खेल मंत्री

ओलंपिक खेलों (Olympics 2021) से पहले देश को नया खेल मंत्री मिला है। किरण रिजिजू (Kiren Rijiju) की जगह अब सांसद अनुराग ठाकुर (MP Anurag Thakur) को भारत का नया खेल मंत्री बनाया गया है। अनुराग ठाकुर को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद (Ram Nath Kovind) ने बुधवार को मंत्री पद की शपथ दिलाई। अनुराग ठाकुर चार बार के संसद सदस्य है, और इससे पहले बीसीसीआई (BCCI) अध्यक्ष के रूप में कार्य कर चुके हैं।

Network
Newstrack NetworkPublished By Satyabha
Published on: 8 July 2021 3:15 PM GMT
अनुराग ठाकुर को बचपन से था क्रिकेट का शौक, PM मोदी ने बनाया खेल मंत्री
X

अनुराग ठाकुर फोटो (न्यूजट्रैक)

पीएम मोदी के कैबिनेट विस्तार (Modi govt cabinet expansion) में हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर से बीजेपी सांसद व पूर्व बीसीसीआई अध्यक्ष अनुराग ठाकुर (Anurag Thakur Sports Minister) को देश का नया खेल मंत्री बनाया गया है। अनुराग ठाकुर को सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय की बागडोर भी सौंपी गई है। अनुराग ठाकुर इससे पहले वित्त राज्य मंत्री थे। बता दें कि टोक्यो ओलंपिक शुरू होने से महज दो हफ्ते पहले अनुराग ठाकुर के खेल मंत्री बनने को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में खुशी की लहर है। अनुराग ठाकुर को किरण रीजीजू की जगह देश का खेल मंत्री बनाया गया है।


खेल मंत्री अनुराग ठाकुर फोटो (न्यूजट्रैक)


47 वर्षीय अनुराग ठाकुर अब तक हिमाचल प्रदेश से सबसे कम उम्र के केंद्रीय कैबिनेट मंत्री बने हैं। अनुराग ठाकुर को युवा सेवाएं एवं खेल मंत्रालय के अलावा सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय का जिम्मा दिया गया है। यह पहली बार है जब प्रदेश के किसी नेता को केंद्रीय सरकार में इतना बड़ी जिम्मेदारी मिली है। यहां से अभी तक वीरभद्र सिंह, शांता कुमार, आनंद शर्मा और जगत प्रकाश नड्डा ही कैबिनेट मंत्री रहे हैं।

नए खेल मंत्री के निजी जीवन की कुछ खास बातें

अनुराग ठाकुर का जन्म 24 अक्तूबर 1974 को हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल और माता शीला धूमल के घर जिला हमीरपुर के गांव समीरपुर में हुआ। उन्होंने जालंधर के दयानंद मॉडल स्कूल से अपनी शुरूआती पढ़ाई की। उन्होंने डोबा कॉलेज जालंधर से बीए स्नातक की पढ़ाई की।

ठाकुर गुलाब सिंह की बेटी से हुई शादी

2002 में अनुराग ठाकुर की शादी पूर्व लोक निर्माण एवं रांजस्व मंत्री ठाकुर गुलाब सिंह की पुत्री शैफाली ठाकुर के साथ हुई। अनुराग ठाकुर का बचपन से क्रिकेट से खासा लगाव रहा है। दयानंद माडल स्कूल जालंधर में पढ़ाई के दौरान अनुराग पंजाब क्रिकेट टीम अंडर-15 और बाद में अंडर-19 के खिलाड़ी रहे हैं। वर्ष 2001 में जम्मू-कश्मीर की टीम के साथ हुए क्रिकेट मैच में अनुराग ठाकुर हिमाचल के कप्तान रहे। हालांकि, यह मैच हिमाचल ने चार विकेट से हार दिया।

अनुराग का राजनीतिक करियर

अनुराग ठाकुर मई 2008 में उप चुनाव से हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से लोकसभा पहुंचे। वह देश की मई 2008 में 14वीं लोकसभा 2009 में 15वीं और 2014 में 16वीं लोकसभा में बतौर सांसद चुने गए। हमीरपुर सीट भाजपा सांसद सुरेश चंदेल के पास थी, लेकिन संसद में एक विवाद के चलते उन्हें सांसद पद से इस्तीफा देना पड़ा। इसके बाद इस सीट पर उपचुनाव में प्रेमकुमार धूमल ने जीत दर्ज की। हालांकि कुछ ही समय बाद विधानसभा के चुनावों में भाजपा के स्पष्ट बहुमत के कारण धूमल को भी इस्तीफा देना पड़ा। फिर खाली हुई इस सीट पर हुए उपचुनाव में तत्कालीन मुख्यमंत्री प्रेमकुमार धूमल के ज्येष्ठ पुत्र अनुराग ठाकुर को टिकट मिला और उन्होंने चुनाव में जीत दर्ज की। इसके बाद अनुराग वर्ष 2009 में 15वीं, वर्ष 2014 में 16वीं और वर्ष 2019 में 17वीं लोकसभा में बतौर सांसद चुने गए।


खेल मंत्री का पद संभालने कार्यलय पहुंचे अनुराग ठाकुर फोटो (न्यूजट्रक)


इन संघों में प्रमुख पदों पर रहे अनुराग

मई 2008 में हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष बने

वर्ष 2009 में साउथ अफ्रीका दौरे के दौरान चैंपियन ट्राफी में टीम इंडिया के मैनेजर

हिमाचल प्रदेश ओलंपिक एसोसिएशन के अध्यक्ष

राइफल एसोसिएशन हिमाचल प्रदेश के अध्यक्ष

हॉकी हिमाचल प्रदेश के महासचिव

इंडिया हॉकी एसोसिएशन के वाइस प्रेजीडेंट

26 वर्ष की उम्र में भारतीय जूनियर क्रिकेट टीम के सिलेक्टर बने

बता दें कि अनुराग ठाकुर ने बुधवार (7 जुलाई) को कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ली, जिसके बाद उन्हें खेल मंत्रालय के साथ-साथ सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय का प्रभार भी सौंपा गया है। नई जिम्मेदारी मिलने के बाद अनुराग ठाकुर ने ट्वीट भी किया। अनुराग ठाकुर ने ट्वीट में लिखा है कि 'मैं एक केंद्रीय कैबिनेट मंत्री के रूप में भारत के लोगों की सेवा करने के लिए सम्मानित महसूस कर रहा हूं और मुझे यह जिम्मेदारी सौंपने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त करता हूं।'

Satyabha

Satyabha

Next Story