×

Modi Cabinet Ka Vistar: आज शाम होगा मोदी मंत्रिमंडल का विस्तार, दिल्ली पहुंचे ये नेता

Modi Cabinet Ka Vistar : कैबिनेट विस्तार में यानी आज लगभग दो दर्जन से ज्यादा नए चेहरों को मंत्री पद की शपथ दिलाई जाएगी। इस बारे में राष्ट्रपति भवन को केंद्र सरकार ने शपथ ग्रहण की जानकारी दे दी है।

Network
Newstrack NetworkPublished By Shivani
Published on: 7 July 2021 6:29 AM GMT (Updated on: 7 July 2021 6:31 AM GMT)
Symbolic image of modi govt
X

Symbolic image of modi govt

Modi Cabinet Ka Vistar : लंबे इंतजार के बाद आज शाम 6 बजे मोदी कैबिनेट का विस्तार (Modi Cabinet Expansion) प्रस्तावित है। एनडीए की सरकार वाली मोदी कैबिनेट में आज कई नए और युवा चेहरों को जगह मिल जाएगी। इसके लिए कई नेताओं को दिल्ली तलब किया गया है। शाम 6 बजे साफ हो जाएगा कि मोदी मंत्रिमंडल विस्तार के बाद कौन से नए मंत्री शामिल होने वाले हैं और किन नेताओं की छुट्टी कर दी जाएगी।

कैबिनेट विस्तार में यानी आज लगभग दो दर्जन से ज्यादा नए चेहरों को मंत्री पद की शपथ दिलाई जाएगी। इस बारे में राष्ट्रपति भवन को केंद्र सरकार ने शपथ ग्रहण की जानकारी दे दी है। सूत्रों के मुताबिक, कैबिनेट विस्तार के बाद मोदी कैबिनेट में युवा मंत्रियों की संख्या अधिक हो जाएगी। शपथ ग्रहण समारोह में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन किया जाएगा। साथ ही परिवार के सिर्फ एक सदस्य को कार्यक्रम में शामिल होने की इजाजत दी जाएगी।

मोदी मंत्रिमंडल में इन नामों पर चर्चा

हर किसी की निगाह इस बात पर टिकी है कि केंद्रीय कैबिनेट (Cabinet Ministers) में अब किसे शामिल होने का मौका मिलेगा। कई नामों पर चर्चा हो रही है। राज्यसभा सांसद ज्योतिरादित्य, महाराष्ट्र में भाजपा के वरिष्ठ नेता नारायण राणे, असम के पूर्व सीएम सर्वानंद सोनोवाल और यूपी से अनुप्रिया पटेल को बीते दिन दिल्ली तलब किया गया था। अनुप्रिया पटेल ने कल अमित शाह के आवास पर उनसे शिष्टाचार मुलाकात भी की थी। यूपी से उनके अलावा रविकिशन के भी केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल होने के आसार हैं।


वहीं कांग्रेस छोड़ बीजेपी में शामिल हुए ज्योतिरादित्य सिंधिया के भी कैबिनेट में शामिल किए जाने के कयास लगाए जा रहे हैं, क्योंकि सिंधिया ने मध्यप्रदेश में कांग्रेस की सरकार गिरवार बीजेपी की सरकार बनवाने में अहम भूमिका निभाई थी। फिलहाल, ज्योतिरादित्य मध्यप्रदेश के दौरे पर हैं, जैसे ही उन्हें दिल्ली तलब किया गया उन्होंने अपना दौरा रद्द कर दिया।

अगर महाराष्ट्र से बीजीपी नेता नारायण राणे की बात की जाए तो उनके पास भी बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा के दफ्तर से फोन किया गया है, जिसके बाद वह भी आज ही दिल्ली आ सकते हैं। साथ ही असम के पूर्व मुख्यमंत्री सर्वानंद सोनोवाल भी गुवाहटी से दिल्ली के लिए रवाना हो गए है।

किस राज्य से कितने बन सकते हैं मंत्री?

उत्तर प्रदेश से मोदी मंत्रिमंडल में तीन मंत्री शामिल किए जा सकते हैं। अपना दल से अनुप्रिया पटेल को भी कैबिनेट में जगह मिल सकती है। वहीं बिहार से दो से तीन, मध्य प्रदेश से एक से दो मंत्री बन सकते हैं। महाराष्ट्र से भी दो मंत्रियों के शामिल होने की चर्चा है। जबकि जम्मू-कश्मीर और लद्दाख से कैबिनेट में एक-एक मंत्री को जगह मिल सकती है। राजस्थान से एक, असम से एक या दो मंत्री शामिल हो सकते हैं। पश्चिम बंगाल से मोदी कैबिनेट में दो नेताओं को जगह दी जा सकती है।

Shivani

Shivani

Next Story