×

नीरज चोपड़ा सहित ओलंपिक पदक विजेताओं को आज मिलेगा राष्ट्रीय खेल पुरस्कार, राष्ट्रपति करेंगे सम्मानित

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद शनिवार (13 नवंबर 2021) को राष्ट्रीय खेल पुरस्कार 2021 प्रदान करेंगे। राष्ट्रपति भवन में विशेष रूप से आयोजित एक समारोह में पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।

aman
By aman
Published on: 13 Nov 2021 4:16 AM GMT (Updated on: 13 Nov 2021 4:39 AM GMT)
नीरज चोपड़ा सहित ओलंपिक पदक विजेताओं को आज मिलेगा राष्ट्रीय खेल पुरस्कार, राष्ट्रपति करेंगे सम्मानित
X

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद आज शनिवार (13 नवंबर 2021) को राष्ट्रीय खेल पुरस्कार 2021 प्रदान करेंगे। राष्ट्रपति भवन में विशेष रूप से आयोजित एक समारोह में पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। गौरतलब है, कि युवा मामले और खेल मंत्रालय ने 02 नवंबर 2021 को राष्ट्रीय खेल पुरस्कारों की घोषणा की थी।

इस वर्ष मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार नीरज चोपड़ा (एथलेटिक्स), लवलीना बोरगोहेन (मुक्केबाजी), रवि कुमार (कुश्ती) श्रीजेश पीआर (हॉकी), सुमित अंतिल (पैरा-एथलेटिक्स),अवनि लेखरा (पैरा निशानेबाजी) सहित 12 खिलाड़ियों को प्रदान किए जाएंगे। इनके अलावा, प्रमोद भगत (पैरा बैडमिंटन), कृष्णा नगर (पैरा बैडमिंटन), मनीष नरवाल (पैरा शूटिंग), मिताली राज (क्रिकेट), सुनील छेत्री (फुटबॉल), मनप्रीत सिंह (हॉकी) के खिलाड़ी शामिल हैं।

भारतीय हॉकी टीम के खिलाड़ियों को अर्जुन पुरस्कार

बता दें, कि इस बार टोक्यो 2020 ओलंपिक में भारतीय हॉकी टीम ने ऐतिहासिक कांस्य पदक जीता था। इस पदक ने वर्षों से ओलंपिक में भारतीय हॉकी टीम के सूखे को ख़त्म किया था। ओलंपिक पदक जीतने वाली भारतीय पुरुष हॉकी टीम के पीआर श्रीजेश और मनप्रीत सिंह को छोड़कर सभी खिलाडियों को अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। अर्जुन पुरस्कार प्राप्त करने वाले एथलीटों की लिस्ट में अरपिंदर सिंह, शिखर धवन,सिमरनजीत कौर, भवानी देवी, वंदना कटारिया, मोनिका, संदीप नरवाल, हिमानी उत्तम परब, अंकिता रैना,अभिषेक वर्मा, दीपक पुनिया तथा दिलप्रीत सिंह और हरमन प्रीत सिंह शामिल हैं।

इन्हें मिलेगा ये सम्मान

लाइफटाइम श्रेणी में द्रोणाचार्य पुरस्कार टी.पी. औसाफ़, सरकार तलवार, सरपाल सिंह, आशान कुमार और तपन कुमार पाणिग्रही को मिला।

नियमित श्रेणी में द्रोणाचार्य पुरस्कार राधाकृष्णन नायर पी, संध्या गुरुंग, प्रीतम सिवाच, जय प्रकाश नौटियाल और सुब्रमण्यम रमन को दिया गया है।

लाइफटाइम अचीवमेंट के लिए ध्यानचंद पुरस्कार लेख केसी, अभिजीत कुंटे, दविंदर सिंह गरचा, विकास कुमार और सज्जन सिंह को मिला।

मौलाना अबुल कलाम आज़ाद (MAKA) ट्रॉफी पंजाब विश्वविद्यालय (चंडीगढ़) को साल 2021 के लिए दी जाएगी।

हाल ही में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने राष्ट्रपति भवन में आयोजित एक समारोह में देश के प्रतिष्ठित 73 व्यक्तियों को पद्म पुरस्कार प्रदान किए। इनमें से कुछ मरणोपरांत भी दिए गए।

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story