×

Monsoon Session: 12वां दिन भी चढ़ा हंगामे की भेंट, शोरगुल और नारेबाजी के बीच 2 अहम बिल पास

Monsoon Session: संसद के मानसून सत्र के 12वें दिन भी दोनों सदनों में जमकर हंगामा हुआ। लोकसभा में विपक्षी सांसदों ने पेगासस जासूसी विवाद पर सरकार को घेरा तो राज्यसभा में कृषि कानूनों के खिलाफ विपक्ष के नेताओं ने झंडा बुलंद किया।

Network
Written By NetworkPublished By Durgesh Bahadur
Published on: 2 Aug 2021 2:36 PM GMT
parliament mansoon session
X

संसद का 12वां दिन भी चढ़ा हंगामे की भेंट (साभारः सोशल मीडिया)

Monsoon Session: संसद के मानसून सत्र का आज 12वां दिन भी हंगामे के भेंट चढ गया। दोनों सदनों में विपक्ष ने जमकर हंगामा किया। जहां लोकसभा में विपक्षी सांसदों ने पेगासस जासूसी विवाद पर सरकार को घेरा तो वहीं राज्यसभा में कृषि कानूनों के खिलाफ विपक्ष के नेताओं ने झंडा बुलंद किया। लगातार हंगामे के चलते दोनों सदनों की कार्यवाही मंगलवार सुबह 11 बजे तक स्थगित कर दी गई। इससे पहले लोकसभा और राज्यसभा दोनों ही सदनों के शुरू होते ही टोक्यो ओलंपिक में ऐतिहासिक जीत दर्ज करने वाली स्टार शटलर पीवी सिंधु को बधाई दी गई।

बता दें कि सरकार और विपक्ष की लड़ाई खत्म होने का नाम नहीं ले रही है। हर दिन जमकर हंगामा हो रहा है और कामकाज ठप पड़ा है। सोमवार को भी सत्र का आगाज नारेबाजी और शोरगुल के बीच ही हुआ। संसद का सत्र शुरू होते ही सबसे पहले लोकसभा अध्यक्ष और राज्यसभा चेयरमैन ने पीवी सिंधु को कांस्य पदक जीतने पर बधाई दी। इस बधाई संदेश के तुरंत बाद ही विपक्षी सांसदों का हंगामा शुरू हो गया।

लोकसभा में उठा पेगासस जासूसी विवाद-

पेगासस जासूसी का मुद्दा लोकसभा में सोमवार को एक बार फिर उठाया गया। दिन की कार्यवाही शुरू होने से पहले ही कांग्रेस के सांसदों पर स्थगन प्रस्ताव नोटिस दिया था और इस मसले पर चर्चा की मांग की गई थी। पीएम नरेंद्र मोदी या गृहमंत्री अमित शाह की मौजूदगी में इस चर्चा की मांग की गई थी। हालांकि, ये स्थगन प्रस्ताव लोकसभा अध्यक्ष की तरफ से रद्द कर दिए गए, जिसके चलते विपक्ष पूरा दिन हंगामा करता रहा।

शोरगुल के बीच ही वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने साधारण बीमा कारोबार (राष्ट्रीयकरण) संशोधन विधेयक लोकसभा में पेश किया। ये विधेयक लोकसभा से पास हो गया। हालांकि, कांग्रेस ने इसका जमकर विरोध किया। लोकसभा में कांग्रेस के नेता सदन अधीर रंजन चौधरी ने साधारण बीमा कारोबार (राष्ट्रीयकरण) संशोधन विधेयक का विरोध किया। उन्होंने इसे एंटी नेशनल और एंटी पीपल बताया और कहा कि सदियों पुराने संस्थान चुनिंदा पूंजीपतियों की जेब भरने के लिए बेचे जा रहे हैं।

राज्यसभा में हुआ जबरदस्त हंगामा-

मानसूम सत्र के आज 12वें दिन यानी सोमवार की कार्यवाही में सबसे ज्यादा हंगामा राज्यसभा में ही देखने को मिला। यहां बुलंद आवाज में वेल तक आकर विपक्षी दलों के सांसदों ने सरकार को घेरा। बीजेपी की गुंडागर्दी नहीं चलेगी, काले कानून वापस लो और जासूसी बंद करो जैसे नारे दिनभर लगाए गए। हंगामे के चलते पहले ही घंटे में सदन की कार्यवाही स्थगित करनी पड़ी। इसके बावजूद पूरे दिन नारेबाजी का शोर नहीं थमा। चेयर की तरफ कागज तक उछाले गए।

इस बीच एक महत्वपूर्ण बिल राज्यसभा से पास करा लिया गया। The Inland Vessels Bill, 2021 लोकसभा से 29 जुलाई को ही पास हो गया था, जिसके बाद सोमवार (2 अगस्त) को ये राज्यसभा से भी पास हो गया। यानी सोमवार की कार्यवाही में एक अहम बिल लोकसभा और एक बिल राज्यसभा से पास हो गया। इसके अलावा पूरा दिन हंगामा होता रहा और दोपहर साढ़े तीन बजे ही दोनों सदनों की कार्यवाही मंगलवार सुबह 11 बजे तक स्थगित कर दी गई।

Durgesh Bahadur

Durgesh Bahadur

Next Story