×

Pradhan Mantri Sangrahalay: PM मोदी- आने वाली पीढ़ी यहां देखेगी इतिहास, कांग्रेस पर साधा निशाना

Prime Minister Museum : दिल्ली स्थित जिस तीन मूर्ति भवन की पहचान अब तक नेहरू मेमोरियल म्यूजियम के रूप में होती थी, वो आज से प्रधानमंत्री संग्रहालय के तौर पर जाना जाएगा।

aman
Written By aman
Published on: 14 April 2022 8:15 AM GMT (Updated on: 14 April 2022 8:44 AM GMT)
prime ministers museum pm narendra modi inaugurates Buys first ticket
X

Prime Minister Museum : पीएम मोदी ने किया उद्घाटन

Prime Minister Museum : राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के नेहरू स्मारक म्यूजियम (Nehru Memorial Museum) में तैयार देश के अब तक के प्रधानमंत्रियों के जीवन दर्शन संग्रहालय का आज पीएम नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) ने उद्घाटन किया। उद्घाटन मौके पर उन्होंने संग्रहालय का पहला टिकट भी खरीदा। जिसके बाद अंदर प्रवेश किए।

बता दें, कि यह संग्रहालय दिल्ली स्थित नेहरू स्मारक म्यूजियम और लाइब्रेरी कैंपस में बनाया गया है। जिस तीन मूर्ति भवन की पहचान अब तक नेहरू मेमोरियल म्यूजियम के रूप में होती थी, वो आज से प्रधानमंत्री संग्रहालय के तौर पर जाना जाएगा। इस संग्रहालय में देश के पहले प्रधानमंत्री पं. जवाहरलाल नेहरू से लेकर मौजूदा पीएम नरेंद्र मोदी तक सभी प्रधानमंत्रियों के जीवन दर्शन को विस्तार से संग्रहित किया गया है।

अगली पीढ़ी इतिहास का सच देखेगी

पीएम नरेंद्र मोदी ने 'प्रधानमंत्री संग्रहालय' का उद्घाटन करते हुए कहा, कि 'अगली पीढ़ी इतिहास का सच देखेगी। तेजी से बदल रहे भारत की तस्वीर, यह संग्रहालय दुनिया को दिखाएगा। यह तकनीक के माध्यम से ऐसा अनुभव देगा जैसे हम उसी दौर में जी रहे हैं।' पीएम मोदी ने कहा, 'आज बैसाखी, बिहू है। आज से ही ओडिया नववर्ष की शुरुआत होती है। हमारे तमिलनाडु के भाई-बहन भी आज नव वर्ष का स्वागत कर रहे है। इसके अलावा भी कई क्षेत्रों में नव वर्ष शुरू हो रहा है। मैं देशवासियों को सभी पर्वों की बहुत बधाई देता हूं।'

पूर्व प्रधानमंत्रियों के योगदान से रूबरू होंगे

अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने बिना नाम लिए कांग्रेस पार्टी पर जोरदार हमला किया। उन्होंने कहा, देश के हर प्रधानमंत्री ने संविधान सम्मत लोकतंत्र के लक्ष्यों की पूर्ति में योगदान दिया। उन्हें याद करना स्वतंत्र भारत की यात्रा को जानने जैसा है। यहां आने वाले लोग देश के पूर्व प्रधानमंत्रियों के योगदान से रूबरू होंगे। उनके संघर्ष और सृजन को जान सकेंगे। इस संग्रहालय में जितना अतीत है, उतना ही भविष्य भी है।'

संग्रहालय की लागत इतनी

आपको बता दें, कि इस नवनिर्मित संग्रहालय को बनाने में करीब 271 करोड़ रुपए लागत आई है। इसे केंद्र की तरफ से साल 2018 में ही मंजूरी मिली थी। चार साल के भीतर यह बनकर तैयार हो गया। प्रधानमंत्री संग्रहालय नेहरू म्यूजियम परिसर में करीब 10 हजार वर्ग मीटर में निर्मित हुआ है। यहां भारतीय संविधान को भी जगह दी गई है। यह संग्रहालय आजादी के बाद देश की कहानी को अपने प्रधानमंत्रियों के जीवन तथा उनके योगदान के जरिये बताएगा।

कांग्रेस पर निशाना

पीएम मोदी ने नाम लिए बिना कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा, 'भारत, लोकतंत्र की जननी है। भारतीय लोकतंत्र की बड़ी विशेषता यह भी है कि समय के साथ इसमें बदलाव आते रहे हैं। हर युग में, हर पीढ़ी में, लोकतंत्र को और आधुनिक बनाने, सशक्त बनाने का निरंतर प्रयास किया गया है।' बोले, एक-दो अपवाद छोड़ दें तो हमारे यहां लोकतंत्र को लोकतांत्रिक तरीके से मजबूत करने की गौरवशाली परंपरा रही है। इसलिए हमारा भी दायित्व है कि अपने प्रयासों से लोकतंत्र को मजबूत करते रहें।'

ऐसे जुटाई प्रधानमंत्रियों के बारे में जानकारी

यहां आपकी जानकारी के लिए बता दें कि, इस सेंटर के लिए देश के अब तक के प्रधानमंत्रियों से जुड़ी जानकारी दूरदर्शन, फिल्म डिवीजन, संसद टीवी, रक्षा मंत्रालय, मीडिया हाउस (भारतीय और विदेशी), प्रिंट मीडिया, विदेशी समाचार एजेंसियों, विदेश मंत्रालय के तोशाखाना आदि जगहों और संस्थानों से जुटाई गई। इतना ही नहीं, पूर्व प्रधानमंत्री के बारे में विशेष जानकारी जुटाने के लिए उनके परिवारों से भी संपर्क किया गया। ज्यादातर मामलों में सामग्री स्थायी लाइसेंस पर हासिल की गई। अभिलेखागार जिनमें एकत्रित कार्य, अन्य साहित्यिक कार्य, महत्वपूर्ण पत्राचार, कुछ व्यक्तिगत वस्तुओं, उपहार तथा यादगार वस्तुओं का उचित उपयोग आदि को दिखाया गया है।

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story