TRENDING TAGS :
हमारे किसानों ने पूरी दुनिया को खिलाने की व्यवस्था कर ली, खाद्य संकट पर बोले पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि संकट के कारण ईंधन और उर्वरक की खरीदी मुश्किल हो रही है। दुनिया में एक नया संकट खड़ा होता दिख रहा है। देशों के अन्न भंडार खाली होते जा रहे हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी: Photo - Social Media
Ahmedabad News: रूस और यूक्रेन युद्ध (Russia Ukraine war) से न केवल पूरा यूरोप (Europe) बल्कि पूरी दुनिया प्रभावित होती नजर आ रही है। दुनियाभर में ईंधन की कीमतों में जबरदस्त बढ़ोतरी के बाद अब खाद्य संकट भी होने लगा है। गेहूं का बड़ा उत्पादक देश यूक्रेन में युद्ध के कारण उत्पादन पर जबरदस्त असर हुआ है। जिसके कारण दुनिया के कई हिस्सों में खाद्य भंडार की कमी होने लगी है।
ऐसी स्थिति में दुनिया का एक और बड़ा अन्न उत्पादक देश भारत बड़ी भूमिका अदा कर सकता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) ने भी इसका उल्लेख करते हुए कहा कि अगर विश्व व्यापार संगठन भारत को इजाजत देता है तो हमारा देश अपने खाद्य भंडार से दुनिया को खाद्य आपूर्ति कर सकता है।
देशों के अन्न भंडार खाली होते जा रहे हैं- पीएम मोदी
दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को गुजरात के अडलाज में श्री अन्नपूर्णआधाम न्यास के छात्रवास एवं शिक्षा परिसर के उद्घाटन और जनसहायक ट्रस्ट के हीरामणि आरोग्यधाम के भूमि–पूजन कार्यक्रम के बाद ये बातें कह रह थे। उन्होंने कहा कि रूस और यूक्रेन युद्ध के कारण आज हर कोई अपने अनाज भंडार को सुरक्षित रखऩा चाहता है। विश्व आज एक अनिश्चित स्थिति का सामना कर रहा है, लोग जो चाह रहे हैं वो उन्हें मिल नहीं पा रहा है। इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि संकट के कारण ईंधन और उर्वरक की खरीदी मुश्किल हो रही है। दुनिया में एक नया संकट खड़ा होता दिख रहा है। देशों के अन्न भंडार खाली होते जा रहे हैं।
पीएम ने किसानों की तारीफ की
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार शाम अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन (US President Joe Biden) के साथ हुई वर्चुअल बैठक का जिक्र करते हुए कहा कि बातचीत के दौरान उन्होंने खाद्य संकट के मुद्दे को उठाया था। जिसपर मैंने सुझाव दिया कि अगर विश्व व्यापार संगठन इजाजत देता है तो भारत कल से अपने खाद्य भंडार की आपूर्ति करने के लिए तैयार है। पीएम ने कहा कि हमारे पास अपने लोगों के लिए पहले से ही पर्याप्त खाद्यान्न है, मगर ऐसा लगता है कि हमारे किसानों ने पूरी दुनिया को खिलाने की व्यवस्था कर ली है।
भारत दुनिया में अनाज उत्पादन में है अव्वल
केंद्रीय कृषि मंत्रालय द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, फसल वर्ष 2019-20 (जुलाई-जून) में देश का खाद्यान्न उत्पादन (गेहूं, चावल, दाल और मोटे अनाज सहित) रिकॉर्ड 29.75 करोड़ टन रहा था। 2020-21 में यह बढ़कर 30 करोड़ टन के आसपास रहा। बता दें कि भारत दुनिया में अनाज उत्पादन के मामले में दुनिया के अव्वल देशों में शुमार है।