×

गलवान के वीरों को मिला सम्मान, शहीद संतोष बाबू को मरणोपरांत 'महावीर चक्र' तो 5 को मिला वीर चक्र

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद देश के वीर सैनिकों को वर्ष 2021 के वीरता पुरस्कार तथा विशिष्ट सेवा अलंकरण प्रदान कर रहे हैं। कई सैनिकों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन और सेवा के लिए मरणोपरांत सम्मान प्रदान किया जा रहा है।

aman
By aman
Published on: 23 Nov 2021 6:13 AM GMT (Updated on: 23 Nov 2021 6:41 AM GMT)
गलवान के वीरों को मिला सम्मान, शहीद संतोष बाबू को मरणोपरांत महावीर चक्र तो 5 को मिला वीर चक्र
X

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद देश के वीर सैनिकों को वर्ष 2021 के वीरता पुरस्कार तथा विशिष्ट सेवा अलंकरण प्रदान कर रहे हैं। कई सैनिकों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन और सेवा के लिए मरणोपरांत सम्मान प्रदान किया जा रहा है। राष्ट्रपति ने गलवान घाटी में चीनी सेना से संघर्ष में शहीद होने वाले वीरों को सम्मानित किया। राष्ट्रपति कोविंद ने गलवान के शहीद संतोष बाबू को मरणोपरांत 'महावीर चक्र' प्रदान किया।

गौरतलब है, कि पिछले साल लद्दाख के गलवान घाटी में भारतीय सेना और चीनी सेना के बीच हिंसक झड़प हुई थी। जिसमें शहीद हुए कर्नल संतोष बाबू को आज मरणोपरांत महावीर चक्र से सम्मानित किया गया। संतोष बाबू मूलतः हैदराबाद के रहने वाले थे। शहीद कर्नल संतोष बाबू 16 बिहार रेजीमेंट के कमांडिंग ऑफिसर थे। गलवान घाटी के इस संघर्ष को ऑपरेशन 'स्नो लेपर्ड' नाम दिया गया था।

इसके अलावा इस कार्यक्रम में जम्मू-कश्मीर के केरन सेक्टर एक आतंकवादी को मार गिराने तथा दो अन्य को घायल करने के लिए 4 पैरा स्पेशल फोर्स के सूबेदार संजीव कुमार को मरणोपरांत 'कीर्ति चक्र' से सम्मानित किया गया। राष्ट्रपति कोविंद ने उनकी पत्नी को यह पुरस्कार दिया।

ऑपरेशन स्नो लेपर्ड में शामिल हवलदार के. पलानी को गलवान घाटी में चीनी सेना के साथ संघर्ष में उनकी वीरतापूर्ण कार्रवाई के लिए मरणोपरांत 'वीर चक्र' से सम्मानित किया गया। राष्ट्रपति कोविंद ने उनकी पत्नी को यह पुरस्कार सौंपा।

सके अलावा, गलवान घाटी में ऑपरेशन 'स्नो-लैपर्ड' के दौरान चीनी सेना के साथ हुई झड़प में शहीद होने वाले पांच अन्य सैनिकों को भी वीर चक्र दिया गया। इससे पहले, सोमवार को इसी तरह सम्मान समारोह में विंग कमांडर और अब ग्रुप कैप्टन अभिनंदन वर्धमान सहित अन्य वीर सैनिकों को बहादुरी मेडल से सम्मानित किया गया था।

इन जवानों को मिला 'वीर चक्र'

-नायब सूबेदार नूदूराम सोरेन (16 बिहार)

-नायक दीपक कुमार ( आर्मी मेडिकल कोर-16 बिहार)

-सिपाही गुरतेज सिंह (3 पंजाब)-हवलदार तेजेंद्र सिंह (3 मीडिय-म रेजीमेंट)

इस सभी वीरों को राष्ट्रपति कोविंद ने वीर चक्र से सम्मानित किया।

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story