×

टिकैत पर हमला: ABVP नेता समेत 14 गिरफ्तार, BJP ने पुलिस पर उठाए सवाल

टिकैत पर हमला मामले में पुलिस ने ABVP के कार्यकर्ता कुलदीप सिंह यादव समेत 14 लोगों को गिरफ्तार किया है।

Ashiki
Published on: 3 April 2021 4:58 AM GMT
rakesh tikait
X

फाइल फोटो 

नई दिल्ली: शुक्रवार को किसान आंदोलन के अगुवा नेता राकेश टिकैत के काफिले पर राजस्थान में भीड़ ने हमला बोल दिया। यह हमला तब हुआ जब टिकैत अलवर के हरसौरा में सभा को संबोधित कर बानसूर जा रहे थे। कुछ लोगों ने स्वागत के बहाने अलवर जिले के तातरपुर चौराहे पर उनकी गाड़ी रुकवाई और फिर हमला कर दिया।

33 लोगों ने हमला किया था, 14 गिरफ्तार

किसान नेता राकेश टिकैत के ऊपर स्याही भी फेंकी गई थी। साथ ही उनकी कार के शीशे भी फोड़ दिए थे। इस हमले के बाद राकेश टिकैत ने ट्वीट कर इसके लिए भाजपा पर आरोप लगाया था। टिकैत का आरोप था कि भाजपा के गुंडों ने उनके ऊपर हमला किया है। इस मामले में 33 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज किया गया था, जिसमें अब तक 14 लोग गिरफ्तार किए जा चुके हैं। इस मामले में पुलिस ने ABVP के कार्यकर्ता कुलदीप सिंह यादव समेत 14 लोगों को गिरफ्तार किया है।

दर्ज एफआईआर के अनुसार, स्वागत करने के बहाने पहले टिकैत की गाड़ी रुकवाई गई, उसके बाद लाठी से कार का शीशा तोड़ दिया। इसके अलावा टिकैत पर काली स्याही भी फेंकी गई। इस हमले में राकेश टिकैत और राजस्थान के डीजीपी एमएल लाठर के ससुर राजाराम मील के सुरक्षाकर्मी से हथियार भी छिनने की कोशिश की गई।

भाजपा ने उठाये सवाल

दूसरी ओर इस मामले में अब राजनीति भी तेज हो गई है। एक तरफ टिकैत ने इस हमले के लिए भाजपा पर आरोप लगाया है। उन्होंने इस हमले को सुनियोजित भी बताया है। दूसरी तरफ भाजपा का कहना है कि इस हमले से उनकी पार्टी का कोई लेना-देना नहीं है। भाजपा ने पुलिस पर ही सवाल उठाते हुए कहा कि ये पूरी घटना पुलिस की मौजूदगी में हुई थी। आखिर पुलिस वहां मूकदर्शक क्यों बनी रही?

गहलोत ने भी भाजपा पर आरोप लगाया

वहीं इस हमले के लिए राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी बीजेपी पर ही आरोप लगाया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि अलवर में भारतीय किसान यूनियन के नेता राकेश टिकैत जी के काफिले पर BJP के लोगों द्वारा हमला निंदनीय है, दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा- BJP किसान आंदोलन की शुरुआत से ही किसानों के हक में संघर्ष करने वालों के प्रति अनर्गल बयानबाजी, अलोकतांत्रिक बर्ताव कर रही है, जोकि शर्मनाक है।

Ashiki

Ashiki

Next Story