×

Russia Ukraine War: जल्द सभी भारतीय होंगे अपने देश में, अगले तीन दिनों में 26 उड़ानों से आएंगे वापस

Russia Ukraine War: विदेश सचिव हर्षवर्धन श्रृंगला ने कहा कि हमारी जानकारी के अनुसार, हमारे सभी नागरिक कीव से निकल चुके हैं।

Vidushi Mishra
Written By Vidushi Mishra
Published on: 1 March 2022 4:59 PM GMT
Indians stranded in Ukraine
X

यूक्रेन में फंसे भारतीय (फोटो-सोशल मीडिया)

Russia Ukraine War: रूस-यूक्रेन युद्ध दिन-प्रति-दिन भयानक रूप लेता जा रहा है। इस दौरान आज यूक्रेन में फंसे एक भारतीय की मौत हो गई। जिससे अब फंसे भारतीयों को निकालना केंद्र सरकार के लिए बहुत बड़ी चुनौती बन गई है। ऐसे में मंगलवार को सरकार द्वारा ताजा जानकारी मिली है कि सभी भारतीय कीव से बाहर हो गए हैं। जबकि बचे भारतीय नागरिकों को वापस लाने के लिए 26 उड़ानें संचालित हैं।

यूक्रेन के फंसे भारतीयों को लेकर मंगलवार को विदेश सचिव हर्षवर्धन श्रंगला ने कहा कि जब हमने अपनी पहली एडवाइजरी जारी की, उस समय यूक्रेन में अनुमानित रूप से 20,000 भारतीय छात्र थे। उस संख्या से लगभग 12,000 लोग यूक्रेन छोड़ चुके हैं, जो यूक्रेन में हमारे नागरिकों की कुल संख्या का 60% है।

पीएम मोदी ने कई देशों के राष्ट्रपति से की वार्ता

विदेश सचिव हर्षवर्धन श्रृंगला ने कहा कि हमारी जानकारी के अनुसार, हमारे सभी नागरिक कीव से निकल चुके हैं। आगे उन्होंने कहा कि खार्किव में मारे गए भारतीय छात्र के शव को शहर के चिकित्सा विश्वविद्यालय के मुर्दाघर में ले जाया गया।

हर्षवर्धन श्रंगला ने कहा कि पीएम मोदी को फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों का फोन आया। साथ ही पीएम मोदी ने पोलैंड के राष्ट्रपति से भी वार्ता की। उन्होंने कहा कि बुखारेस्ट और बुडापेस्ट के अलावा, पोलैंड और स्लोवाक गणराज्य के हवाई अड्डों का भी निकासी उड़ानों के संचालन के लिए उपयोग किया जाएगा।

विदेश मंत्री श्रृंगला ने कहा कि उन्होंने रूस और यूक्रेन के दूतों को भारत के खार्किव और अन्य संघर्ष क्षेत्रों में फंसे सभी भारतीय नागरिकों के लिए "तत्काल सुरक्षित मार्ग" की मांग से अवगत करा दिया है।

उन्होंने कहा कि यूक्रेन संकट पर एक उच्च स्तरीय बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खार्किव में एक भारतीय नागरिक की मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया। हम खार्किव, सुमी और अन्य संघर्ष क्षेत्रों की स्थिति को लेकर बहुत चिंतित हैं।"

उन्होंने कहा कि "अगले तीन दिनों में, भारतीय नागरिकों को वापस लाने के लिए 26 उड़ानें निर्धारित की गई हैं। हमारे नागरिकों को स्वदेश लाने के लिए सी-17 वायुसेना का एक विमान बुधवार को सुबह चार बजे रोमानिया के लिए उड़ान भरेगा। भारत रोमानिया और हंगरी से भारतीयों को वापस लाने के लिए उड़ानों का संचालन कर रहा है, जब वे इन देशों को पार कर गए थे।



Vidushi Mishra

Vidushi Mishra

Next Story