×

मेरी आवाज ही मेरी पहचान है, स्वर कोकिला के निधन पर दिग्गजों की प्रतिक्रिया, सभी की आंखें नम

Lata Mangeshkar: लता जी ने देश की कई पीढ़ियों के दिलों पर राज किया और सभी का मानना है कि आने वाली पीढ़ियां भी उनके गायन से प्रभावित होती रहेंगी। आइए जानते हैं कि उनके निधन पर दिग्गजों ने क्या प्रतिक्रिया जताई।

Anshuman Tiwari
Written By Anshuman TiwariPublished By Vidushi Mishra
Published on: 6 Feb 2022 7:58 AM GMT
Lata Mangeshkar Passed Away Live Updates: राजकीय सम्मान के साथ विदा होंगी स्वर कोकिला, पीएम श्रद्धांजलि देने पहुंचेंगे मुंबई
X

स्वर कोकिला लता मंगेशकर (फोटो-सोशल मीडिया) 

Lata Mangeshkar: स्वर कोकिला लता मंगेशकर का आज मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में निधन हो गया। उनके निधन की सूचना पाकर पूरा देश शोक में डूब गया है। सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई है जिनमें लता दीदी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया जा रहा है। देश के दिग्गज नेताओं ने ही नहीं बल्कि जीवन के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोगों ने लता मंगेशकर को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की है।

सभी का मानना है कि लता दीदी के निधन से पैदा हुए खालीपन को कभी भरा नहीं जा सकता। लता जी ने देश की कई पीढ़ियों के दिलों पर राज किया और सभी का मानना है कि आने वाली पीढ़ियां भी उनके गायन से प्रभावित होती रहेंगी। आइए जानते हैं कि उनके निधन पर दिग्गजों ने क्या प्रतिक्रिया जताई।

अक्षय कुमार
Akshay Kumar

बॉलीवुड के चर्चित एक्टर अक्षय कुमार ने लता दीदी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि मेरी आवाज ही मेरी पहचान है, गर याद रहे। मालूम हो कि इस चर्चित गाने को लता मंगेशकर ने ही आवाज दी है। उन्होंने अपने ट्वीट में कहा कि कोई कैसे उस जादुई आवाज को भूल सकता है। उन्होंने लता मंगेशकर के निधन पर शोक संवेदना जताते हुए कहा की उनके निधन से मुझे गहरा दुख पहुंचा है।

हेमा मालिनी
Hema Malini

भाजपा सांसद और चर्चित अभिनेत्री हेमा मालिनी ने भी स्वर कोकिला के निधन पर शोक जताया है। उन्होंने छह फरवरी को काला दिवस बताते हुए कहा कि लता दीदी के निधन से मेरी बड़ी व्यक्तिगत क्षति हुई है। हम एक दूसरे को काफी प्यार करते थे और उनके निधन से बड़ा खालीपन पैदा हुआ है।

विराट कोहली
Virat Kohli

टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली ने भी दिग्गज गायिका लता मंगेशकर के निधन पर गहरा शोक जताया है। कोहली ने अपने ट्वीट में कहा कि लता जी की जादुई आवाज ने दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में रहने वाले लाखों लोगों के दिलों को छुआ है। उनके संगीत और उनकी यादों के लिए शुक्रिया। उन्होंने लता दीदी के निधन पर मंगेशकर परिवार के प्रति गहरी संवेदना जताई है।

धर्मेंद्र
Dharmendra

गुजरे जमाने के चर्चित स्टार धर्मेंद्र ने भी लता मंगेशकर को अलविदा कहा है। उन्होंने अपने ट्वीट में कहा कि विश्वास नहीं हो रहा है कि आप हमें छोड़ कर चली गई हैं। आपके जाने से पूरी दुनिया गम में डूब गई है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति की कामना की है।

अनिल कपूर
Anil Kapoor

प्रसिद्ध अभिनेता अनिल कपूर ने लता जी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि लता जी का हमारे दिलों में वह स्थान है जो कोई दूसरा नहीं ले सकता। मैं सौभाग्यशाली हूं कि मुझे उन्हें जानने और उनका प्यार पाने का मौका मिला। उन्होंने अपने संगीत के जरिए हमारे ऊपर काफी गहरा असर डाला है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति की कामना की है।

बोनी कपूर
Boney Kapoor

चर्चित फिल्म प्रोड्यूसर बोनी कपूर और श्रीदेवी के साथ लता मंगेशकर की फोटो शेयर करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है। उन्होंने कहा कि लता जी अपने पीछे गानों की लंबी विरासत छोड़ गई हैं जो आने वाली पीढ़ियों को भी आनंदित करती रहेगी। बोनी कपूर ने कहा कि लता जी के निधन से मुझे गहरा सदमा लगा है।

मनोज बाजपेयी
Manoj Bajpayee

फिल्मी दुनिया के जाने माने अभिनेता मनोज बाजपेयी ने लता मंगेशकर को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि आज सही मायने में संगीत का स्वर्ण युग समाप्त हो गया है। देश के करोड़ों लोगों को हमेशा लता जी की कमी महसूस होती रहेगी। आने वाली पीढ़ियां भी उन्हें हमेशा याद रखेंगी।

गायक हर्षदीप
singer Harshdeep

गायक हर्षदीप ने लता मंगेशकर को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके चर्चित गाने के बोल शायद इस जन्म में मुलाकात हो ना हो लिखे हैं। उन्होंने अपने ट्वीट में कहा कि सही मायने में लता मंगेशकर संगीत का अवतार थीं। उन्हें संगीत का चलता फिरता संस्थान माना जा सकता है जहां संगीत पूर्णता हासिल की।

फवाद हुसैन
Fawad Hussain

पाकिस्तान में इमरान सरकार के चर्चित मंत्री फवाद हुसैन ने भी लता मंगेशकर के निधन पर गहरा शोक जताया है। उन्होंने लता मंगेशकर को सुरों की रानी बताते हुए कहा कि उन्होंने कई दशकों तक संगीत की दुनिया पर राज किया। आने वाले दिनों में भी उनकी आवाज लोगों के दिलों पर राज करती रहेगी। उन्होंने उर्दू और इंग्लिश में ट्वीट करके लता मंगेशकर को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की है।

Vidushi Mishra

Vidushi Mishra

Next Story