×

Tajinder Bagga Arrest: बग्गा की गिरफ्तारी पर गरमाई सियासत, भाजपा ने खोला मोर्चा, दिल्ली में प्रदर्शन, सिद्धू ने भी उठाए सवाल

Tajinder Bagga Arrest: भाजपा नेता तेजिंदर बग्गा की गिरफ्तारी को लेकर सियासत गरमा गई है। बीजेपी के साथ साथ कांग्रेस ने भी इस कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं।

Anshuman Tiwari
Written By Anshuman TiwariPublished By Shreya
Published on: 6 May 2022 1:00 PM GMT (Updated on: 9 May 2022 12:48 PM GMT)
Tajinder Bagga Arrest: बग्गा की गिरफ्तारी पर गरमाई सियासत, भाजपा ने खोला मोर्चा, दिल्ली में प्रदर्शन, सिद्धू ने भी उठाए सवाल
X

तेजिंदर बग्गा (फोटो साभार- ट्विटर)

Tajinder Bagga Arrest: भाजपा नेता तेजिंदर बग्गा (BJP Leader Tajinder Bagga) की गिरफ्तारी को लेकर सियासी माहौल गरमा गया है। पंजाब पुलिस (Punjab Police) की ओर से आज सुबह की गई बग्गा की गिरफ्तारी को लेकर भाजपा ही नहीं बल्कि कांग्रेस (Congress) ने भी पंजाब की भगवंत मान सरकार (Bhagwant Mann Government) पर हमला बोला है। गिरफ्तारी के बाद से ही भाजपा (BJP) की ओर से दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (CM Arvind Kejriwal) और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान (CM Bhagwant Mann) पर जोरदार हमले किए जा रहे हैं और अब पंजाब कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू (Navjot Singh Sidhu) ने भी बग्गा की गिरफ्तारी को गलत बताया है।

सिद्धू ने कहा कि बग्गा भले ही अलग पार्टी के हों, लेकिन यह सच्चाई है कि केजरीवाल और भगवंत मान राजनीतिक बदले की भावना से पाप कर रहे हैं। उन्होंने पंजाब पुलिस का राजनीतिकरण करने का बड़ा आरोप भी लगाया है। बग्गा की गिरफ्तारी का मामला सियासी रूप ले चुका है और इसे लेकर दिल्ली, हरियाणा और पंजाब तीन राज्यों की पुलिस में शुक्रवार को दिन भर खींचतान चलती रही।

गिरफ्तारी के बाद हाईवोल्टेज ड्रामा

भाजपा नेता बग्गा की गिरफ्तारी के बाद शुक्रवार को हाईवोल्टेज ड्रामा दिखा। शुक्रवार की सुबह पंजाब पुलिस ने बग्गा के आवास पर दबिश डालकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया, मगर पंजाब की पुलिस बग्गा को साथ लेकर पंजाब नहीं पहुंच सकी। पंजाब पुलिस जब हरियाणा पहुंची तो कुरुक्षेत्र में हरियाणा पुलिस ने काफिले को रोककर बग्गा को दिल्ली पुलिस (Delhi Police) के हवाले कर दिया।

दिल्ली पुलिस की ओर से तर्क दिया गया था कि उसे कोई जानकारी दिए बिना पंजाब पुलिस की ओर से यह कार्रवाई की गई है। अब दिल्ली पुलिस बग्गा को लेकर दिल्ली लौट चुकी है और यह मामला पंजाब हरियाणा हाईकोर्ट (Punjab And Haryana High Court) तक पहुंच चुका है।

बदले की भावना से कार्रवाई

भाजपा ने गिरफ्तारी के बाद ही इस कार्रवाई के खिलाफ मोर्चा खोल दिया था। अब कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सिद्धू भी इस मामले में कूद पड़े हैं और उन्होंने आरोप लगाया है कि राजनीतिक बदले की भावना से केजरीवाल और मान की ओर से कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि बग्गा के अलग पार्टी से होने के कारण उनसे राजनीतिक मतभेद हो सकते हैं मगर पंजाब पुलिस के जरिए अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान अपना व्यक्तिगत हिसाब चुकता करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब पुलिस का राजनीतिक इस्तेमाल करके उसकी छवि को खराब करने की कोशिश की जा रही है।

दिल्ली में भाजपा कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन

दिल्ली में भाजपा कार्यकर्ताओं ने इस गिरफ्तारी के विरोध में आप के दफ्तर पर बड़ा प्रदर्शन (BJP Protest At AAP Office) किया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों को काबू में रखने के लिए दिल्ली पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। प्रदर्शनकारियों में काफी संख्या में महिलाएं भी शामिल थीं। गिरफ्तारी के विरोध में कानपुर में भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने केजरीवाल का पुतला फूंका।

भाजपा के वरिष्ठ नेता कैलाश विजयवर्गीय (Kailash Vijayvargiya) ने बग्गा की गिरफ्तारी की निंदा करते हुए आप मुखिया अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि जब बंदर के हाथ में उस्तरा लग जाता है तो वह किसी की भी हजामत बनाने की कोशिश करता है। उन्होंने बग्गा की गिरफ्तारी को गलत बताते हुए कहा कि इस तरह की कार्रवाई की हम निंदा करते हैं।

सवाल पूछना कोई जुर्म नहीं

दिल्ली भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने कहा पंजाब पुलिस की कार्रवाई का विरोध करने पर बग्गा के पिता के साथ दुर्व्यवहार किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि बग्गा के पिता के मुंह में पंजाब पुलिस कर्मियों ने कपड़ा ठूंस दिया। भाजपा नेता ने कहा कि सरकार से सवाल पूछना कोई अपराध नहीं है और यदि इसे अपराध माना जाता है तो भाजपा के कार्यकर्ता यह अपराध हजार बार करेंगे।

भाजपा नेता कपिल मिश्रा ने भी बग्गा के पिता के साथ हाथापाई और दुर्व्यवहार किए जाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि केजरीवाल ऐसे हथकंडे अपनाकर दूसरों की जुबान बंद नहीं कर सकते। उन्होंने अब दोगुनी ताकत से केजरीवाल का भंडाफोड़ करने का ऐलान भी किया। हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने कहा कि दिल्ली पुलिस की ओर से किडनैपिंग की जानकारी दी गई थी। इसीलिए बग्गा को दिल्ली पुलिस को सौंप दिया गया है। अब इस मामले में सबकी निगाहें पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट के आदेश पर लगी हुई हैं।

दोस्तों देश और दुनिया की खबरों को तेजी से जानने के लिए बने रहें न्यूजट्रैक के साथ। हमें फेसबुक पर फॉलो करने के लिए @newstrack और ट्विटर पर फॉलो करने के लिए @newstrackmedia पर क्लिक करें।

Shreya

Shreya

Next Story