×

Tokyo Olympics: इतिहास रचने पर नीरज चोपड़ा को नेताओं ने दी बधाई, पीएम ने कहा- ये उपलब्धि देश हमेशा याद रखेगा

नीरज ने स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया। उनकी इस ऐतिहासिक जीत पर करोड़ों देशवासियों के साथ राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत देश के तमाम दिग्गज नेताओं ने ट्वीट कर बधाई दी है।

Rahul Singh Rajpoot
Written By Rahul Singh RajpootPublished By Ashiki
Published on: 7 Aug 2021 3:58 PM GMT
Neeraj Chopra
X

गोल्ड मेडल हासिल करने के बाद नीरज चोपड़ा (फोटो साभार-सोशल मीडिया)

Tokyo Olympics: टोक्यो ओलंपिक 2020 में 23 साल के छोरे ने वो कर दिखाया जो बड़ा से बड़ा भारतीय खिलाड़ी नहीं कर सका। हरियाणा के रहने वाले नीरज चोपड़ा ने जापान में भारत का तिरंगा झंडा बुलंद कर दिया। नीरज चोपड़ा ने 13 साल बाद देश के लिए टोक्यो ओलंपिक में गोल्ड मेडल का सपना पूरा किया है। इससे पहले साल 2008 के बीजिंग ओलंपिक में अभिनव बिंद्रा ने शूटिंग में देश को स्वर्ण पदक दिलाया। अभिनव ने हालांकि यह स्वर्ण निशानेबाजी में जीता था। टोक्यो में नीरज ने जो किया है वह ऐतिहासिक है क्योंकि इससे पहले भारत को ओलंपिक में एथलेटिक्स इवेंट्स में कभी कोई पदक नहीं मिला।

नीरज ने फाइनल मुकाबले में अपने दूसरे प्रयास में 87.58 की दूरी पर भाला फेंका, जिसके बाद वह स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया। उनकी इस ऐतिहासिक जीत पर करोड़ों देशवासियों के साथ राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, कांग्रेस नेता राहुल गांधी समेत देश के तमाम दिग्गज नेताओं ने ट्वीट कर बधाई दी है।

राष्ट्रपति ने दी बधाई

नीरज चोपड़ा को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने बधाई देते हुए ट्वीट कर कहा, "नीरज चोपड़ा की अभूतपूर्व जीत! बाधाओं को तोड़ता है और एक नया इतिहास रचता है। आप अपने पहले ओलंपिक में भारत को पदक दिलाए हैं। आपका खेल हमारे युवाओं को नई प्रेरणा देगा। भारत उत्साहित है! हार्दिक बधाई!"

पीएम मोदी ने दी बधाई

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर नीरज चोपड़ा को बधाई दी। उन्होंने टवीट कर कहा कि आज जो हासिल किया है उसे हमेशा याद किया जाएगा। युवा नीरज ने असाधारण रूप से अच्छा प्रदर्शन किया है, उन्होंने उल्लेखनीय जुनून के साथ खेला और अद्वितीय धैर्य दिखाया। गोल्ड जीतने के लिए उन्हें बधाई।

गृह मंत्री अमित शाह ने दी बधाई

गृह मंत्री अमित शाह ने इस उपलब्धि पर लिखा, "गौरवमयी व ऐतिहासिक क्षण! ओलंपिक में भारत को स्वर्ण पदक दिलाने के लिए @Neeraj_chopra1 को बहुत-बहुत बधाई। आपने अपने परिश्रम और लगन से देश को जो सम्मान दिलाया है उसपर हर भारतीय को गर्व है। पूरा भारत आपकी इस असाधारण उपलब्धि से आनंदित है। #Tokyo2020

रक्षा मंत्री राजनाथ ने दी बधाई

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ट्वीट कर कहा, "ओलंपिक में सूबेदार नीरज चोपड़ा की स्वर्णिम जीत भारतीय सेना के लिए गौरव की बात है। उन्होंने ओलंपिक में एक सच्चे सैनिक की तरह प्रदर्शन किया है। यह वास्तव में भारतीय सशस्त्र बलों सहित पूरे देश के लिए एक ऐतिहासिक और गर्व का क्षण है! उन्हें बहुत-बहुत बधाई!"

हरियाणा के सीएम मनोहर लाल खट्टर ने दी बधाई

आज का दिन हरियाणा के लिए और भी खास रहा क्योंकि हरियाणवी छोरे ने देश का नाम दुनिया में रौशन किया है। नीरज चोपड़ा के स्वर्ण पदक जीतने पर मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने ट्वीट कर कहा.. ऐतिहासिक! लठ गाड़ दिया छोरे..शानदार प्रदर्शन के साथ विश्व के सर्वश्रेष्ठ प्रतियोगियों को पछाड़ते हुए भाला फेंक प्रतियोगिता में भारत को पहली बार स्वर्ण पदक जिताने के लिए @Neeraj_Chopra1 को ढेर सारी बधाई। इस घड़ी का देश को लंबे समय से इंतजार था। पूरे देश को आप पर गर्व है।

सीएम योगी ने दी बधाई

यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने टोक्यो ओलंपिक 2020 में जैवलिन थ्रो में स्वर्ण पदक जीतने पर नीरज चोपड़ा को बधाई दी है। उन्होंने ट्वीट किया, जय हो... भारत माता की जय।

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने दी बधाई

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी नीरज चोपड़ा को बधाई दी। उन्होंने ट्वीट किया कि जैवलिन थ्रो में शानदार जीत हासिल कर भारत को प्रथम स्वर्ण पदक दिलाने वाले नीरज चोपड़ा को इस ऐतिहासिक विजय की हार्दिक बधाई।

राहुल गांधी, प्रियंका गांधी ने दी बधाई

राहुल गांधी ने इंस्टाग्राम पोस्ट में कहा, ''शानदार नीरज चोपड़ा। आज एक अरब दिल आपके लिए धड़क रहे हैं और हर भारतीय आप पर गर्व करता है।''

वहीं कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने ट्वीट किया, ''नीरज चोपड़ा ने स्वर्ण पदक जीता है। क्या शानदार प्रदर्शन था। इतिहास रचा गया है। भारत को आप पर गर्व है। बधाई।''

बीएसपी सुप्रीमो मायावती ने दी बधाई

मायावती ने ट्वीट कर कहा, एथलीट नीरज चोपड़ा को टोक्यो ओलम्पिक में गोल्ड मेडल जीतने की हार्दिक बधाई। उन्होंने 87.58 मीटर भाला फेंक कर करीब 100 वर्ष बाद ओलम्पिक की एथलेटिक्स स्पर्धा में गोल्ड जीत कर जो इतिहास बनाया वह हमेशा यादगार रहेगा। पूरा देश आज निश्चय ही खुशी व गौरव महसूस कर रहा है।


Ashiki

Ashiki

Next Story