×

Jhansi News: पूर्व गणतंत्र दिवस परेड चयन शिविर में बुंदेलखंड विश्वविद्यालय और रानी लक्ष्मीबाई केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय के स्वयंसेवक शामिल

Jhansi News: बुंदेलखंड विश्वविद्यालय झांसी में आज पूर्व गणतंत्र दिवस परेड के लिए स्वयंसेवकों का चयन किया गया। जिसमें 33 स्वयंसेवकों ने हिस्सा लिया।

B.K Kushwaha
Published on: 29 Oct 2022 1:01 PM GMT
Jhansi News
X

शिविर में भाग लेने वाले स्वयंसेवक

Jhansi News: बुंदेलखंड विश्वविद्यालय झांसी में आज पूर्व गणतंत्र दिवस परेड के लिए स्वयंसेवकों का चयन किया गया। इस चयन प्रतियोगिता में बुंदेलखंड विश्वविद्यालय झांसी और रानी लक्ष्मीबाई केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय झांसी के 33 स्वयंसेवकों ने हिस्सा लिया। चयनित स्वयंसेवक 12 नवंबर से गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय बिलासपुर में गणतंत्र दिवस परेड में चयनित होने के लिए 10 दिवसीय शिविर में प्रतिभाग करेंगे।

बुंदेलखंड विश्वविद्यालय झांसी के कुलसचिव एवं प्रभारी समन्वयक विनय कुमार सिंह ने स्वयंसेवकों को बधाई देते हुए कहा कि यह चयन प्रतियोगिता बेहतर में से बेहतरीन के चयन के लिए है। सभी स्वयंसेवकों में कोई न कोई प्रतिभा होती है, लेकिन गणतंत्र दिवस के लिए निर्धारित मानकों के आधार पर स्वयंसेवकों का चयन किया जाता है। उन्होंने कहा कि जो स्वयंसेवक चयनित होते हैं, वह 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस परेड में हिस्सा लें, यही मेरी शुभकामना है। जिन स्वयंसेवकों का चयन किसी कारण से नहीं होता है वह 26 जनवरी को बुंदेलखंड विश्वविद्यालय झांसी में परेड में हिस्सा ले सकते हैं।

इस अवसर पर प्रो. मुन्ना तिवारी ने कहा कि बुंदेलखंड विश्वविद्यालय झांसी के स्वयंसेवक हर साल गणतंत्र दिवस परेड में हिस्सा लेते रहे हैं। उन्होंने कहा कि गणतंत्र दिवस परेड में हिस्सा लेना सौभाग्य की बात होती है। दुनिया भर की नजर 26 जनवरी के दिन कर्तव्य पथ परेड पर ही लगी हुई होती है। राष्ट्रीय सेवा योजना के क्षेत्रीय निदेशक डॉ. अशोक कुमार श्रोती ने कहा कि स्वयंसेवकों का गणतंत्र दिवस परेड के लिए चयन तीन स्तरों पर होता है। विश्वविद्यालय स्तर पर चयनित स्वयंसेवक पूर्व गणतंत्र दिवस परेड में हिस्सा लेते हैं। वहां पर चयनित किए गए स्वयंसेवक गणतंत्र दिवस परेड शिविर में प्रतिभाग करते हैं। यह शिविर एक माह का होता है। जिससे दिल्ली में आयोजित किया जाता है। इस शिविर में चयनित स्वयंसेवक ही 26 जनवरी को कर्तव्य पथ पर परेड में हिस्सा लेते हैं।

वरिष्ठ कार्यक्रम अधिकारी राष्ट्रीय सेवा योजना बुंदेलखंड विश्वविद्यालय झांसी डॉ. श्वेता पांडेय ने बताया कि उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय सेवा योजना निदेशालय के निर्देशों के अनुरूप आज बुंदेलखंड विश्वविद्यालय में पूर्व गणतंत्र दिवस परेड का आयोजन किया गया। इस परेड में बुंदेलखंड विश्वविद्यालय झांसी, रानी लक्ष्मीबाई केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय झांसी, बुंदेलखंड महाविद्यालय झांसी, स्वामी विवेकानन्द महाविद्यालय झांसी, डॉ. आर पी रिछारिया महाविद्यालय झांसी, नेहरू महाविद्यालय ललितपुर के स्वयंसेवकों ने हिस्सा लिया।

नोडल अधिकारी राष्ट्रीय सेवा योजना डॉ. उमेश कुमार ने बताया कि आज कुल आठ स्वयंसेवकों का चयन किया गया है। चार स्वयंसेवकों का चयन पूर्व गणतंत्र दिवस परेड के लिए अंतिम रूप से किया गया है एवं चार को प्रतीक्षा सूची में रखा गया है। उन्होंने बताया कि निदेशालय से नामों की संस्तुति होते ही बुंदेलखंड विश्वविद्यालय झांसी में स्वयंसेवकों की पूर्व गणतंत्र दिवस परेड के लिए तैयारी शुरू कर दी जाएगी। आज के इस चयन प्रतियोगिता में कार्यक्रम अधिकारी डॉ. प्रीति निगम, डॉ. मिली भट्ट, गणतंत्र दिवस परेड में सहभागिता कर चुकी स्वयंसेवक काजल, निकेता, रौनक, सत्यम, एवं अन्य उपस्थित रहे।

Jugul Kishor

Jugul Kishor

Content Writer

मीडिया में पांच साल से ज्यादा काम करने का अनुभव। डाइनामाइट न्यूज पोर्टल से शुरुवात, पंजाब केसरी ग्रुप (नवोदय टाइम्स) अखबार में उप संपादक की ज़िम्मेदारी निभाने के बाद, लखनऊ में Newstrack.Com में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। भारतीय विद्या भवन दिल्ली से मास कम्युनिकेशन (हिंदी) डिप्लोमा और एमजेएमसी किया है। B.A, Mass communication (Hindi), MJMC.

Next Story