×

Akanksha Dubey Suicide Case: अकांक्षा दुबे की मां की सीएम योगी से गुहार, बेटी के हत्यारे समर सिंह को मिले फांसी की सजा

Akanksha Dubey Suicide Case: समर सिंह और उनके भाई पर हत्या में शामिल होने का आरोप लगाया जा रहा है। परिजनों की शिकायत पर उनके खिलाफ मामला भी दर्ज हो चुका है, जिसके बाद से भोजपुरी गायक फरार है।

Krishna Chaudhary
Published on: 30 March 2023 2:06 PM GMT
Akanksha Dubey Suicide Case: अकांक्षा दुबे की मां की सीएम योगी से गुहार, बेटी के हत्यारे समर सिंह को मिले फांसी की सजा
X
Akanksha Dubey (Image: Social Media)

Akanksha Dubey Suicide Case: भोजपुरी अदाकारा आकांक्षा दुबे सुसाइड केस को लेकर इन दिनों काफी गहमागहमी है। इस घटना को पुलिस जहां खुदखुशी मान रही है, वहीं परिजन इसे हत्या बता रहे हैं। भोजपुरी अभिनेत्री के प्रेमी और भोजपुरी गायक समर सिंह परिवार वालों के निशाने पर हैं। समर सिंह और उनके भाई पर हत्या में शामिल होने का आरोप लगाया जा रहा है। परिजनों की शिकायत पर उनके खिलाफ मामला भी दर्ज हो चुका है, जिसके बाद से भोजपुरी गायक फरार है।
अभिनेत्री आकांक्षा दुबे की मां मधु दुबे पहले दिन से अपनी बेटी की हत्या होने का शक जता रही हैं। उनका ये शक किसी और पे नहीं बल्कि उनकी बेटी के प्रेमी और गायक समर सिंह पर है। उन्होंने समर पर रिलेशनशिप के दौरान उनकी बेटी को प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। आकांक्षा दुबे की पोस्टमार्टम रिपोर्ट भी आ चुकी है, जिसमें मौत की वजह का खुलासा हो गया है।

समर सिंह को मिले फांसी की सजा

मधु दुबे ने अपनी बेटी के हत्यारे के लिए फांसी की सजा की मांग की है। मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा, मैं योगी सरकार से यही चाहती हूं कि मेरी बेटी को न्याय मिले। समर सिंह और उसके भाई संजय सिंह को फांसी की सजा मिले। उनकी बेटी कभी सुसाइड नहीं कर सकती। समर और संजय दोनों ने मिलकर उसे मारा है।
आकांक्षा दुबे की मां ने आगे कहा कि वो पहले भी बताती थी कि समर उसे बहुत टॉर्चर करता था। उसे फिल्म इंडस्ट्री में किसी और के साथ काम नहीं करने देना चाहता था। वो चाहता था कि केवल उनकी बेटी उसी के साथ काम करे। आकांक्षा के सपोर्ट में दिग्गज भोजपुरी अभिनेत्री अक्षरा सिंह भी मैदान में उतर गई हैं। उन्होंने मीडिया से अक्षरा को न्याय दिलाने की अपील की है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुआ मौत की वजह का खुलासा

बुधवार को मृतक अभिनेत्री आकांक्षा दुबे की पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आई थी। जिसमें मौत की वजह फंदे में लटकने को बताया गया। दुबे के शरीर पर किसी तरह के चोट का निशाना नहीं पाया गया। दरअसल, आकांक्षा दुबे बीते रविवार को वाराणसी स्थित एक होटल में अपने कमरे में मृत मिली थीं। पुलिस ने जब उनके कमरे का दरवाजा खोला तो उनका शव पंखे से लटकता हुआ मिला।

शक के दायरे में हैं गायक समर सिंह

अभिनेत्री आकांक्षा दुबे की मौत के बाद उनके प्रेमी और भोजपुरी सिंगर समर सिंह शक के घेरे में हैं। पुलिस का कहना है कि दोनों लिव-इन रिलेशनशिप में थे। समर और आकांक्षा वाराणसी के टकटकपुर इलाके में स्थित भोजपुरी गायक के घर में साथ रहते थे। पुलिस का मानना है कि किसी वजह से दोनों के संबंध टूट गए होंगे, जिसके कारण आकांक्षा तनाव में आ गई होगी। संभव है कि डिप्रेशन में आकर भोजपुरी अभिनेत्री ने सुसाइड जैसा प्राणघातक कदम उठा लिया होगा। इस घटना के बाद से गायक सिंह और उसका भाई संजय दोनों फरार हैं।

Krishna Chaudhary

Krishna Chaudhary

Next Story