×

Nitin Desai Death: क्या बॉलीवुड है नितिन देसाई की मौत का जिम्मेदार ? इस कारण डायरेक्टर ने खुद को लगाई फांसी

Nitin Desai Death: लगता है हमारी बॉलीवुड इंडस्ट्री को किसी की नजर लग गई है। साल 2023 ने इंडस्ट्री के कई चमकते सितारों को हमसे हमेशा के लिए दूर कर दिया और आज जाने-माने आर्ट डायरेक्टर नितिन देसाई भी हमारे बीच नहीं रहे।

Ruchi Jha
Published on: 3 Aug 2023 1:48 AM GMT
Nitin Desai Death: क्या बॉलीवुड है नितिन देसाई की मौत का जिम्मेदार ? इस कारण डायरेक्टर ने खुद को लगाई फांसी
X
Nitin Desai Death (Image credit: Instagram)

Nitin Desai Death: 2 अगस्त 2023 ये वो दिन है, जब बॉलीवुड इंडस्ट्री ने हमेशा के लिए एक चमकता सितारा खो दिया। आज इंडस्ट्री में सभी की आंखें नम है। सबके मन में बस यही सवाल है कि आखिर क्यों नितिन ने इतना बड़ा कदम उठा लिया, क्यों नितिन देसाई अपनी जिंदगी से इतनी बुरी तरह हार गए थे कि उन्होंने फांसी के फंदे को अपना दोस्त बना लिया। आखिर क्या कारण था कि उन्होंने ऐसा कदम उठाने से पहले अपने परिवार तक के बारे में नहीं सोचा?

नितिन देसाई ने फांसी लगाकर दी जान

नितिन देसाई की कला का तो हर कोई दीवाना था। हिंदी फिल्मों के सेट पर चार-चांद लगाने वाले आर्ट डायरेक्टर नितिन चंद्रकांत देसाई असल जिंदगी में उस अंधेरे में खो गए जहां से वह खुद को निकाल नहीं पाए। नितिन देसाई ने 2 अगस्त 2023 की सुबह अपने ही स्टूडियो में फांसी लगाकर खुद की जान ले ली, लेकिन सवाल अब भी वही है कि आखिर क्यों?

क्या बॉलीवुड है नितिन देसाई की मौत की जिम्मेदार?

बॉलीवुड इंडस्ट्री बाहर से जितनी खूबसूरत दिखती है, उसकी असल सच्चाई उतनी ही ज्यादा डरावनी है। यहां एक कलाकार को नाम-फेम और पैसा तो मिलती है, लेकिन इसके साथ-साथ उसके सर पर एक ऐसा बोझ होता है, जिससे बाहर निकलना हर किसी के बस की बात नहीं होती। नितिन देसाई भी शायद इसी बोझ तले अपनी जिंदगी हार गए। नितिन ने कई ब्लॉकबस्टर फिल्मों के सेट्स डिजाइन किए थे। उनका खुद का स्टूडियो भी था, लेकिन इस नाम को बनाए रखने में नितिन इतना खो गए कि शायद उन्हें पता ही नहीं चला कि वो इस कामयाबी की रेस में कितना आगे निकल आए हैं।

नितिन पर था करोड़ों का कर्ज

एक एक्टर हो डायरेक्टर हो या फिर कोई फिल्ममेकर हो, जब इंडस्ट्री में अचानक से किसी को फेम मिलने लगता है, तो उसे बनाए रखने के लिए इंसान कुछ भी करता है। ऐसा ही कुछ नितिन ने भी किया था। नितिन ने सिनेमा की दुनिया में अपना जो योगदान दिया था, वह वाकई काबिल-ए-तारीफ था। उन्होंने कई सुपरहिट फिल्मों के सेट्स डिजाइन किए थे, जिनमें 'हम दिल दे चुके सनम', 'मिशन कश्मीर', 'राजू चाचा', 'देवदास', 'जोधा अकबर', 'लगान', 'बाजीराव मस्तानी' जैसी फिल्में शामिल हैं। नितिन को बेस्ट आर्ट डायरेक्टर के तौर पर 4 बार नेशनल अवॉर्ड से भी सम्मानित किया गया था, लेकिन इस बढ़ती कामयाबी को नितिन खोना नहीं चाहते थे।

एनडी स्टूडियो था उनका ड्रीम प्रोजेक्ट

हर किसी का एक सपना होता है, उसी तरह से नितिन देसाई ने भी एक सपना देखा था और वो था उनका एनडी स्टूडियो। यह उनकी ड्रीम प्रोजेक्ट था, जिसकी प्लानिंग भी उन्होंने एडवांस लेवल पर की थी। इस प्रोजेक्ट पर नितिन ने काफी खर्च किया था, लेकिन जो पैसा नितिन ने इस स्टूडियो में लगाया था उसका रिटर्न नहीं हो पा रहा था। ऐसे में नितिन काफी ज्यादा परेशान थे और फिर कोविड आ गया, जिसने उन्हें पूरी तरह से तबाह कर दिया। नितिन के इस स्टूडियो में ज्यातादर प्रोडक्शन हाउस जाना नहीं चाहते थे। ऐसे में इस स्टूडियो से कमाई निकाल पाना नितिन के लिए काफी मुश्किल हो गया था और उन्होंने इस स्टूडियो पर लगभग 180 करोड़ से भी ज्यादा खर्च कर दिए थे। इसके अलावा भी नितिन पर कई कर्ज थे।

हिम्मत हार गए थे नितिन देसाई

एनडी स्टूडियो...ये वही स्टूडियो था, जिसको बड़े लेवल पर ले जाने का सपना नितिन ने देखा था, लेकिन इसी स्टूडियो में नितिन अपनी हिम्मत हार गए। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, नितिन रात 10 बजे अपने कमरे में चले गए थे और सुबह जब वह बहुत देर तक बाहर नहीं आए तो सभी परेशान हो गाए। उनके बॉडीगार्ड और दूसरे लोगों ने दरवाजा खटखटाया, लेकिन दरवाजा नहीं खुला और फिर जब खिड़की से देखा तो नितिन देसाई का शव पंखे से लटका हुआ था, जिसके बाद पुलिस को जानकारी दी गई।

खैर, नितिन देसाई तो एक जाने-माने डायरेक्टर थे, जिनकी मौत की खबर सब तक पहुंच गई। लेकिन क्या आप जानते हैं बॉलीवुड इंडस्ट्री में हर रोज कोई ना कोई कलाकार नाम-पैसा और कामयाबी की उम्मीद लेकर आता है, जिनमें से कुछ को अपनी मंजिल मिलती है, कुछ खाली हाथ वापस लौट जाते हैं और कुछ हिम्मत हारकर मौत को गले लगा लेते हैं और दुख की बात को यह है कि हिम्मत हार चुके इन कलाकारों के बारे में किसी को कानों-कान खबर भी नहीं होती।

Ruchi Jha

Ruchi Jha

Next Story