×

UP Nikay Chunav 2023: भाजपा के इस नेता ने कहा- सपा हो गई समाप्त वादी पार्टी

Hardoi News: नितिन अग्रवाल ने कहा कि ‘मैं कई जनपदों में चुनाव प्रचार में गया था, यहां मैंने देखा भारी संख्या में लोगों का समर्थन भारतीय जनता पार्टी की सरकार के पक्ष में आ रहा है।

Pulkit Sharma
Published on: 4 May 2023 8:24 PM GMT
UP Nikay Chunav 2023: भाजपा के इस नेता ने कहा- सपा हो गई समाप्त वादी पार्टी
X
भाजपा नेता नितिन अग्रवाल ने कहा समाजवादी पार्टी हो गई समाप्तवादी पार्टी: Photo- Newstrack

Hardoi News: जनपद में पहले चरण के लिए मतदान की प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गई। यहां सभी पार्टियों के उम्मीदवारों के अलावा आबकारी राज्यमंत्री नितिन अग्रवाल ने मतदान किया। वोट देकर निकले नितिन अग्रवाल ने विरोधी दलों को आड़े हाथों लिया।

सरकार की उपलब्धियों पर जनता को भरोसा

नितिन अग्रवाल ने कहा कि प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी को लोगों का बहुत अच्छा सहयोग मिल रहा है। सभी नगर निकाय में भारतीय जनता पार्टी का प्रत्याशी भारी बहुमत के साथ जीत रहा है। हम अपनी सरकार की छह वर्षों की उपलब्धियों को लेकर जनता के बीच गए थे। नितिन अग्रवाल ने कहा कि ‘मैं कई जनपदों में चुनाव प्रचार में गया था, यहां मैंने देखा भारी संख्या में लोगों का समर्थन भारतीय जनता पार्टी की सरकार के पक्ष में आ रहा है। केंद्र और राज्य में भारतीय जनता पार्टी का कामों की वजह से आम लोग पार्टी के सभी प्रत्याशियों को भारी मतों से विजयी बनाने जा रहे हैं।’

नितिन अग्रवाल ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी के लोग अभी भी उस कार्यकाल में जी रहे हैं, जब उनकी सरकार थी। प्रदेश में जिस तरीके से गुंडागर्दी के बल पर वह उत्तर प्रदेश में चुनाव जीता करते थे। उसका प्रत्यक्ष प्रमाण है कि 2014 के बाद जब से भारतीय जनता पार्टी की सरकार देश में बनी है और निष्पक्ष चुनाव शुरू हुए हैं। समाजवादी पार्टी की हालत समाप्त वादी पार्टी जैसी हो गई है।

नितिन अग्रवाल ने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि अखिलेश यादव मुंगेरीलाल के हसीन सपने कैसे देख रहे हैं, यह नहीं पता। 2014 से लगातार चार चुनाव समाजवादी पार्टी हारती चली आ रही है। समाजवादी पार्टी की सरकार का गुंडाराज, माफिया राज उत्तर प्रदेश की जनता नहीं भूली है। समाजवादी पार्टी उत्तर प्रदेश में समाप्त वादी पार्टी हो चुकी है। उत्तर प्रदेश के 25 करोड़ जनमानस का विश्वास भारतीय जनता पार्टी में है।

रहे सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त

मतदान प्रक्रिया के दौरान जनपद के सभी मतदान स्थलों पर सुरक्षा के व्यापक प्रबंध रहे। हरदोई विधानसभा के अंतर्गत वेणी माधव स्कूल में एक पिंक बूथ भी बनाया गया। जहां महिलाएं बढ़-चढ़कर मतदान करने पहुंची। नगर पालिका परिषद हरदोई में मतदान करने को लेकर कई वरिष्ठ नेता भी मतदान स्थल पर पहुंचे थे। जिसमें निवर्तमान नगर पालिका अध्यक्ष सुख सागर मिश्रा मधुर, भाजपा जिला अध्यक्ष सौरभ मिश्रा, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमवती समेत नगर पालिका अध्यक्ष के लिए समाजवादी पार्टी से प्रत्याशी रामज्ञान गुप्ता,समाजवादी पार्टी के उपाध्यक्ष अजय पाल सिंह,बसपा प्रत्याशी दीपांशु मिश्रा ने मतदान स्थल पहुंच वोट दिया।

Pulkit Sharma

Pulkit Sharma

Next Story