×

Vitamin B-12 Deficiency: विटामिन बी-12 की कमी से महिलाओं में आ सकता है बांझपन

Vitamin B-12 Deficiency: विटामिन बी-12 की कमी होने से खतरनाक बीमारियां पैदा होती हैं।

Preeti Mishra
Report Preeti MishraPublished By Ragini Sinha
Published on: 10 May 2022 3:11 AM GMT
Vitamin B-12 deficiency
X

विटामिन बी-12 की कमी से महिलाओं में आ सकता है बांझपन (Social media)

Vitamin B-12 deficiency: शरीर को स्वस्थ रखने के लिए विटामिन्स का होना बेहद जरुरी है। किसी भी विटामिन की कमी हो जाने पर शरीर में उसके दुष्प्रभाव दिखने लगते हैं। इनमें से ही एक विटामिन है विटामिन बी-12 (Vitamin B12) । शरीर के लिए बेहद जरूरी माने जाने वाली विटामिन बी-12 की कमी होने से से कई खतरनाक बीमारियां पैदा हो जाती हैं। बता दें कि विटामिन बी-12 की कमी से मस्तिष्क और नर्वस सिस्टम बुरी तरह प्रभावित हो जाता है। इतना ही नहीं इसकी कमी से शरीर में रेड ब्लड सेल्स के निर्माण में कमी आने के साथ शरीर में कई तरह की परेशानियाँ भी जन्म ले लेती हैं।

बता दें कि गर्भावस्था के दौरान विटामिन बी-12 की सबसे ज्यादा जरूरत होती है। इतना ही नहीं इस विटामिन के नियंत्रण में रहने से बुढ़ापे में भूलने वाली बीमारी यानी डिमेंशिया का भी खतरा कम हो जाता है। गौरतलब है कि शरीर में विटामिन बी-12 की कमी से हड्डी और जोड़ों में दर्द की समस्या होने के साथ एनीमिया होने का भी का खतरा काफी बढ़ जाता है। कई बार शरीर में इसकी कमी के लक्षण को नज़रअंदाज़ करना खतरनाक साबित हो सकता है।

लक्षण:

- शरीर में विटामिन बी- 12 की कमी के कुछ प्रमुख लक्षण जैसे त्वचा का पीला पड़ जाना, जीभ में दाने या फिर लाल हो जाना, मुंह में छाले की समस्या, आंखो की रोशनी कम होना, डिप्रेशन, कमजोरी और सुस्ती , सांस फूल जाना, सिरदर्द और कान बजना, भूख कम लगना है।

शरीर में विटामिन बी-12 की कमी से होने से व्यक्ति कई रोग से घिर जाता है :

हड्डियों में दर्द:

शरीर के हर अंग कोसुचारु रुप से काम करने में विटामिन बी-12 बेहद सहायक होता है। शरीर में इसकी कमी से हड्डियों में दर्द की समस्या के साथ हड्डी से संबंधित कमर और पीठ में भी दर्द रहने लगता है।

मानसिक बीमारी:

विटामिन बी-12 हमारे मस्तिष्क को बहुत ज्यादा प्रभावित करता है। शरीर में इसकी कमी होने पर भूलने और भ्रम में रहने की समस्या होने का खतरा काफी बढ़ जाता है। हालाँकि कई बार लोग इन समस्याओं को गंभीरता से नहीं लेते हैं, जिसका परिणाम काफी खतरनाक हो सकता है।

डिमेंशिया:

विटामिन बी12 की कमी से उम्र के साथ-साथ लोगों में भूलने की बीमारी होने के साथ इसका दिमाग पर काफी गहरा असर पड़ता है। जिसके कारण कई तरह की मानसिक बीमारियों के होने का खतरा काफी ज्यादा बढ़ जाता है। गौरतलब है कि डिमेंशिया में आपकी सोचने-समझने की क्षमता बहुत प्रभावित होती है।

एनीमिया:

विटामिन बी-12 की मात्रा कम होने पर शरीर में एनीमिया जैसी गंभीर समस्या होने का खतरा कई गुना बढ़ जाता है। बता दें कि दरअसल विटामिन बी-12 की कमी होने पर रेड ब्लड सेल्स के निमार्ण में आयी कमी के कारण हीमोग्लोबिन भी कम होने लगता है जिससे एनीमिया होने का खतरा बढ़ जाता है। कई बार समय से जांच और इलाज़ नहीं कराने पर मामला बेहद गंभीर हो जाता है।

नर्व सिस्टम को होता है नुकसान:

शरीर में विटामिन बी-12 के महत्व का अंदाज़ा इस बात से लगाया जा सकता है कि इसकी कमी होने से शरीर का पूरा तंत्रिका-तंत्र बुरी तरह से प्रभावित हो जाता है। जिससे शरीर के हर अंग तक खून पहुंचाने में काफी परेशानी होने लगती है। बता दें कि विटामिन बी-12 की कमी से तंत्रिका तंत्र को क्षति पहुंचने के साथ जीवन भर तक इससे जुडी समस्याएं इंसान का पीछा नहीं छोड़ती हैं।

पेट या क्रॉन रोग:

पेट से संबंधी बीमारियां जैसे क्रॉन रोग भी शरीर में विटामिन बी 12 की कमी के कारण हो सकती है।इतना ही नहीं पाचन समस्या और कब्ज की समस्या जैसी परेशानियां भी विटामिन बी-12 की कमी से हो सकती है।

गर्भपात का खतरा

शरीर में विटामिन बी-12 की कमी होने पर गर्भवती महिलाओं में गर्भपात का खतरा काफी ज्यादा बढ़ जाता है। इतना ही नहीं विटामिन बी-12 की कमी होने पर शिशु के सही विकास और जन्म के दौरान होने वाली समस्याएं और ज्यादा बढ़ जाती हैं। गौरतलब है कि अधिकांश दूधपान कराने वाली महिलाओं के अंदर विटामिन बी-12 की कमी पाई जाती है।

कंसीव करने में परेशानी

शरीर में विटामिन बी-12 की कमी से आपको गर्भ धारण करने यानि कंसीव करने में भी परेशानी हो सकती है। कई बार कुछ मामलों में विटामिन बी12 की कमी से महिलाओं को अस्थाई बांझपन की समस्या होने का खतरा भी बना रहता है।

स्किन इंफेक्शन

शरीर में विटामिन बी12 की कमी से त्वचा संबंधी बीमारियों का खतरा काफी बढ़ जाता है। इतना ही नहीं इसकी कमी से आपकी त्वचा पर किसी भी तरह का संक्रमण होने के खतरा के साथ घाव भरने में भी देरी हो सकती है। इसके अलावा बालों का झड़ना और नाखूनों से जुड़ी परेशानियां होने का भी खतरा विटामिन बी12 की कमी से हो जाता है।

अन्य समस्याएं:

शरीर में अगर विटामिन बी-12 की कमी होने से आपको दिनभर थकान, कमजोरी, चिड़चिड़ापन महसूस होता है। इसके अलावा कई बार हाथ पैरों में झुनझुनी या अकड़न पैदा होना भी विटामिन बी-12 की कमी के ही संकेत होते हैं। गौरतलब है कि शरीर में विटामिन बी-12 की कमी होने पर आपको मुंह में छाले, कब्ज की समस्या और दस्त की भी दिक्कत हो सकती है।

Ragini Sinha

Ragini Sinha

Next Story