×

Protein Kya Hai: बॉडी को क्यों होती है प्रोटीन की जरुरत, वेजिटेरियन में किन फूड्स से हो सकती है पूर्ति, यहां समझें विस्तार से

Protein In Hindi: प्रोटीन एक पोषक तत्व है जिसकी आपके शरीर को कई कार्यों के लिए आवश्यकता होती है। आइए जानते हैं प्रोटीन इतना जरूरी क्यों है और वेजिटेरियन लोगों के लिए प्रोटीन का बेस्ट सोर्स।

Shreya
Published on: 1 March 2025 6:50 AM IST (Updated on: 1 March 2025 6:51 AM IST)
Protein Kya Hai: बॉडी को क्यों होती है प्रोटीन की जरुरत, वेजिटेरियन में किन फूड्स से हो सकती है पूर्ति, यहां समझें विस्तार से
X

Protein Kya Hai (फोटो साभार- सोशल मीडिया)

Why Protein Is Important: एक बहुत ही फेमस कोट है यू आर व्हाट यू ईट... यानी आप जो खाते हैं वैसे ही बनते हैं। ये बात कहीं से भी गलत नहीं है क्योंकि आपकी जिस तरह की डाइट होती है, वैसे ही आपका शरीर भी बन जाता है, भले ही वो बॉडी की साइज हो या फिर फिटनेस। शरीर को तंदरुस्त रखने और उसके निर्माण के लिए पोषक तत्वों की जरुरत होती है। प्रोटीन (Protein) भी जरूरी न्यूट्रिएंट्स में से एक है, जो शरीर के कई अंगों के निर्माण, मरम्मत और रखरखाव के लिए आवश्यक होता है।

अक्सर प्रोटीन (Protein) को केवल बॉडी बिल्डर्स या फिर जिम जाने वाले लोगों और एथलीट्स के लिए ही जरूरी समझा जाता है, लेकिन यह हर किसी की तंदरुस्ती के लिए जरूरी है। अगर बॉडी में प्रोटीन की कमी हो जाए तो इससे कई सारी स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं हो सकती हैं, जैसे कि कमजोरी, वजन कम होना, इम्यूनिटी वीक होना आदि। साथ ही इससे आपके बाल और नाखून तक प्रभावित होते हैं। तो चलिए जानते हैं कि आखिर प्रोटीन शरीर के लिए इतना जरूरी क्यों है, इसके फायदे क्या हैं और किन फूड आइटम्स से इसकी पूर्ति की जा सकती है।

प्रोटीन क्या है (Protein Kya Hai)?

(फोटो साभार- सोशल मीडिया)

Better Health Channel ने प्रोटीन को इस तरह परिभाषित किया है, प्रोटीन एक पोषक तत्व है जिसकी आपके शरीर को कोशिकाओं के विकास, मरम्मत और ठीक से काम करने के लिए आवश्यकता होती है। साथ ही बताया है कि आपको हर दिन प्रोटीन मिलना जरूरी होता है। वहीं, आपके शरीर को कितना प्रोटीन चाहिए, ये आपके वजन, लिंग, उम्र और स्वास्थ्य पर निर्भर करता है।

प्रोटीन अमीनो एसिड नामक बिल्डिंग ब्लॉक्स से बने होते हैं। लगभग 20 अलग-अलग अमीनो एसिड होते हैं जो विभिन्न कॉम्बिनेशंस में एक साथ जुड़ते हैं। आपका शरीर उनका इस्तेमाल नए प्रोटीन, जैसे मांसपेशी और हड्डी, और अन्य कम्पाउंड्स जैसे एंजाइम और हार्मोन बनाने के लिए करता है।

यहां ध्यान देने वाली बात ये है कि आपका शरीर कुछ अमीनो एसिड को तो बना सकता है, इनमें से 11 हैं और उन्हें नॉन-एसेंशियल अमीनो एसिड के रूप में जाना जाता है। वहीं, ऐसे 9 अमीनो एसिड होते हैं, जिन्हें आपका शरीर नहीं बना सकता, जिन्हें एसेंशियल अमीनो एसिड कहा जाता है। इसलिए इन अमीनो एसिड को आपको अपनी डाइट में पर्याप्त मात्रा में शामिल करने की आवश्यकता होती है, ताकि आपका शरीर सही से फंक्शन कर सके।

प्रोटीन किन कामों में मदद करता है?

(फोटो साभार- सोशल मीडिया)

यह जरूरी पोषक तत्व शरीर के लिए कई तरह से जरूरी होता है। जैसे कि-

1- वजन कम करने में सहायक

प्रोटीन वेट लॉस या फिर वेट मेंटेन करने में मदद करता है। इसे पचने में अधिक समय लगता है, जिससे यह आपको लंबे समय तक भूख का एहसास नहीं होने देता और आप अधिक खाने से बचते हैं।

2- स्किन और बालों के लिए महत्वपूर्ण

प्रोटीन स्किन और बालों दोनों के लिए बेहद जरूरी है। प्रोटीन से कोलेजन का स्तर मजबूत होता है, जिससे त्वचा पर झुर्रियां नहीं पड़तीं और आप जवान नजर आते हैं। साथ ही इस पोषक तत्व से केराटिन बनता है, जिससे बालों को मजबूती और शाइन मिलती है। इसके अलावा प्रोटीन आपके दांतों और नाखूनों के निर्माण के लिए भी जरूरी है।

3- हड्डियों को रखता है मजबूत

प्रोटीन हड्डियों के लिए भी जरूरी पोषक तत्व है। यह हड्डियों के द्रव्यमान को बनाए रखने और मांसपेशियों को मजबूत रखने में मदद करता है।

4- मसल बिल्डिंग में मददगार

इसके अलावा प्रोटीन आपके मांसपेशियों यानी मसल्स के लिए भी आवश्यक होता है। यह मसल्स के निर्माण, उनके मरम्मत और उन्हें मजबूत बनाने में मदद करता है। अगर बॉडी में प्रोटीन की कमी हो जाए तो मांसपेशियां कमजोर होने लगती हैं।

5- मेटाबॉलिज्म को तेज करता है

प्रोटीन से भरपूर डाइट लेने से आपका स्लो मेटाबॉलिज्म भी तेज हो जाता है, जिससे कैलोरी बर्न करने में मदद मिलती है और इससे वजन नियंत्रित रह पाता है। इसके अलावा प्रोटीन ऊर्जा भी प्रदान करता है।

6- ग्लूकोज का लेवल रहता है स्थिर

प्रोटीन से भरपूर डाइट आपके शरीर में ग्लूकोज के लेवल को संतुलित रखने का काम करती है। इससे हार्ट हेल्थ बेहतर रहती है और डायबिटीज के खतरे को कम किया जा सकता है।

7- हार्मोन के संतुलन के लिए जरूरी

शरीर में हार्मोन का असंतुलित होने से कई दिक्कतें हो सकती हैं। अगर आप हार्मोन को संतुलित रखना चाहते हैं तो इसके लिए प्रोटीन इनटेक जरूरी है। इसके अलावा प्रोटीन शरीर की बीमारी से लड़ने में मदद करता है।

प्रोटीन रिच फूड आइटम्स (Protein Rich Foods for Vegetarians)

(फोटो साभार- सोशल मीडिया)

प्रोटीन की पूर्ति के लिए सबसे बढ़िया साधन है आहार। आप जरूरी फूड आइटम्स को डाइट का हिस्सा बनाकर प्रोटीन इनटेक को पूरा कर सकते हैं। ज्यादातर लोगों का मानना है कि प्रोटीन का अच्छा सोर्स केवल नॉनवेजिटेरियन फूड्स होते हैं, लेकिन वेजिटेरियन्स के लिए भी प्रोटीन रिच फूड्स (Protein Rich Foods) की लंबी लिस्ट है। आइए जानते हैं वेजिटेरियन लोग किन फूड्स से प्रोटीन की कमी को पूरा कर सकते हैं।

1- दालें: 3 टेबलस्पून (लगभग 120 ग्राम) दाल में 9 ग्राम प्रोटीन होता है।

2- दही: 150 एमएल प्लेन योगर्ट में 8 ग्राम प्रोटीन होता है।

3- सोयाबीन: 100 ग्राम सोयाबीन खाने से 36.5 ग्राम प्रोटीन मिलता है।

4- चिया सीड्स: 100 ग्राम चिया सीड्स से करीब 16.5 ग्राम प्रोटीन मिलता है।

5- कीनुआ: लगभग 100 ग्राम कीनुआ में 16 ग्राम प्रोटीन होता है।

6- नट्स: 30 ग्राम अखरोट 4 ग्राम, 100 ग्राम बादाम में करीब 21.2 ग्राम प्रोटीन, 30 ग्राम मूंगफली 8 ग्राम और 30 ग्राम हेजलनट्स 4 ग्राम प्रोटीन मिल सकता है।

7- टोफू: सोयाबीन से बने 100 ग्राम टोफू में करीब 12 से 20 ग्राम प्रोटीन होता है।

8- ओट्स: 100 ग्राम ओट्स में करीब 16.9 ग्राम प्रोटीन होता है।

9- एडमामे: इनमें प्रति 100 ग्राम सर्विंग में 10 से 12 ग्राम प्रोटीन होता है।

10- हाई प्रोटीन सब्जियां: इसमें प्रति पकाए गए कप में 4 से 5 ग्राम प्रोटीन होता है।

11- फल: अमरूद और एवोकाडो जैसे फल में भी प्रोटीन की अच्छी मात्रा मौजूद होती है। 100 ग्राम अमरूद में 2.6 ग्राम प्रोटीन और मध्यम आकार के एवोकाडो में करीब 3 ग्राम प्रोटीन होता है।

12- मटर: एक कप मटर में 7.9 ग्राम प्रोटीन होता है।

एक दिन में कितने प्रोटीन की होती है जरुरत (How Much Protein Is Needed In A Day)?

हार्वर्ड यूनिवर्सिटी के मुताबिक, प्रोटीन के लिए Recommended Dietary Allowance (RDA), शरीर के वजन के प्रति किलोग्राम 0.8 ग्राम प्रोटीन या 0.36 ग्राम प्रति पाउंड है।

नोट- यह खबर सामान्य जानकारी के लिए है। इसकी सटीकता, सत्यता और असर की जिम्मेदारी न्यूजट्रैक नहीं लेता है।



Admin 2

Admin 2

Next Story