×

Himachal Pradesh Assembly Elections 2022: हिमाचल में ख़त्म हुआ मतदान, अब 8 दिसंबर को नतीजे का इंतजार

Himachal Pradesh Assembly Elections 2022: हिमाचल में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान समाप्त हो गया है। अब प्रदेश के लोगों को 8 दिसंबर को आने वाले नतीजे का इंतजार है। इस बार मैदान में 412 उम्मीदवार हैं।

Krishna Chaudhary
Report Krishna ChaudharyWritten By aman
Published on: 12 Nov 2022 12:51 PM GMT (Updated on: 12 Nov 2022 12:51 PM GMT)

Himachal Pradesh Assembly Elections 2022 : हिमाचल प्रदेश में विधानसभा की कुल 68 सीटों के लिए शनिवार (12 नवंबर) शाम 5 बजे मतदान समाप्त हो गया। राज्य के कुल 7,884 मतदान केंद्रों पर लोगों ने वोट डाले। शाम 5 बजे वोटिंग ख़त्म होने तक करीब 66 प्रतिशत मतदान हुआ था। विधानसभा चुनाव लड़ रहे 412 प्रत्याशियों की किस्मत ईवीएम में कैद हो चुकी है। चुनाव के नतीजे 8 दिसंबर को घोषित किए जाएंगे।

हिमाचल में आज हुए मतदान में सबसे अधिक सिरमौर में वोटिंग हुई। चुनाव आयोग ने बताया कि शाम 5 बजे तक सबसे ज्यादा वोटिंग सिरमौर में 69.67 फीसदी के करीब हुई। वहीं, किन्नौर जिले में सबसे कम लोगों ने अपने मतों का इस्तेमाल किया। किन्नौर में 62 प्रतिशत मतदान हुआ।

निर्वाचन आयोग के आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, इस बार हिमाचल में कुल 55,92,882 मतदाता थे। इनमें 28,54,945 पुरुष, 27,37,845 महिलाएं और 38 थर्ड जेंडर वोटर थे। वोटिंग के लिए राज्य में कुल 7884 मतदान केंद्र बनाए गए। मतदान खत्म होने के बाद ईवीएम को कड़ी सुरक्षा के बीच स्ट्रॉन्ग रूम में रखा गया। इन कमरों के बाहर पैरामिलिट्री फोर्स और पुलिस के जवानों का कड़ा पहरा रहेगा। चुनाव के नतीजे 8 दिसंबर को घोषित होंगे। हिमाचल प्रदेश में साल 2017 के विधानसभा चुनाव में 75 फीसदी से अधिक मतदान हुआ था और सरकार बदली थी।

दरअसल, इस खूबसूरत पहाड़ी राज्य में लंबे समय से ट्रेंड रहा है कि हर चुनाव में सरकार बदलती है। मतलब सत्तारूढ़ दल को शिकस्त का सामना करना पड़ता है। बीजेपी को उम्मीद है कि पड़ोसी उत्तराखंड की तरह वो यहां भी इस ट्रेंड को तोड़ने में कामयाब रहेगी। चुनाव प्रचार में बीजेपी ने नया नारा दिया कि 'राज नहीं, रिवाज बदलेंगे' अर्थात सरकार नहीं पुरानी परंपरा को बदलेंगे। वहीं, कांग्रेस को इस रिवाज के जारी रहने की आस है।

Live Updates

  • 12 Nov 2022 7:19 AM GMT

    अनुराग ठाकुर- हमारा वोट विकास को 

    केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने परिवार के साथ मतदान किया। उन्होंने ट्वीट में लिखा, 'हमारा वोट..विकास को, विश्वास को। घरों से निकलें, हिमाचल के स्वर्णिम भविष्य के लिए वोट जरूर करें।'


  • 12 Nov 2022 7:14 AM GMT

    हिमाचल प्रदेश में सुबह 11 बजे तक किस सीट पर कितनी वोटिंग :

    शाहपुर- 11%

    सुंदरनगर- 23%

    फतेहपुर- 20%

    चंबा- 8%

    करसोग- 23%

    नाचन- 13%

    नादौन- 15%

    जोगिंदरनगर- 24%

    सरकाघाट- 20%

    दून- 7%

  • 12 Nov 2022 7:08 AM GMT

    CEC- दिव्यांग कर्मचारियों के हाथ 37 पोलिंग बूथ

    मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने ये भी बताया कि, इस बार 1.93 लाख नए मतदाता जुड़े हैं। हिमाचल प्रदेश में 56,000 दिव्यांग मतदाता (PWD) हैं। उनके लिए कई प्रबंध किए गए हैं। राज्य में 37 मतदान केंद्र ऐसे हैं जिनका संचालन केवल दिव्यांग कर्मचारी ही कर रहे हैं।

  • 12 Nov 2022 7:05 AM GMT

    मुख्य चुनाव आयुक्त- श्याम सरन नेगी को श्रद्धांजलि

    मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने कहा, मैं राज्य के 1.2 लाख मतदाताओं को सलाम करता हूं, जिनकी उम्र 80 साल से अधिक है। उनसे प्रेरणा लेकर युवाओं को आगे बढ़ने का मौका मिलता है। हम दिवंगत श्याम सरन नेगी को श्रद्धांजलि देते हैं। साथ ही, बड़ी संख्या में वोट डालना उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि होगी। 

  • 12 Nov 2022 7:02 AM GMT

    CEC - हिमाचल में 157 मतदान केंद्रों का संचालन कर रही महिलाएं

    मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार (Chief Election Commissioner Rajeev Kumar) ने आज मीडिया को बताया कि, हिमाचल प्रदेश में 157 मतदान केंद्र ऐसे हैं, जिनका संचालन पूरी तरह महिला कर्मचारी के हाथों में है। हमीरपुर जिले में क्रेच की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है, ताकि बच्चों के साथ आने वाली महिलाओं को किसी समस्या का सामना न करना पड़े। 

  • 12 Nov 2022 6:57 AM GMT



    105 साल की बुजुर्ग ने किया मतदान

    हिमाचल प्रदेश की चुराह विधानसभा सीट (Churah Assembly Seat) पर 105 वर्षीय बुजुर्ग नारो देवी ने मतदान किया। नारो देवी ने पोलिंग स्टेशन संख्या- 122 पर अपना वोट डाला।

  • 12 Nov 2022 6:53 AM GMT

    जेपी नड्डा ने परिवार के साथ किया मतदान, ट्वीट की तस्वीर

    बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने परिवार के साथ मतदान किया। उन्होंने एक तस्वीर भी ट्वीट की। लिखा कि, आज लोकतंत्र के महापर्व पर विजयपुर, हिमाचल प्रदेश में अपने परिवार के साथ समृद्ध देवभूमि के लिए मतदान किया। मैं हिमाचल प्रदेश के अपने सभी भाई, बहन, युवा साथियों व माताओं से अधिक से अधिक संख्‍या में मतदान कर प्रदेश में सुशासन प्रिय, विकासवादी सरकार चुनने की अपील करता हूँ।'


  • 12 Nov 2022 6:48 AM GMT

    सुबह 11 बजे तक 17.98% वोटिंग

    हिमाचल प्रदेश में सुबह 11 बजे तक 17.98 प्रतिशत मतदान हुआ। बीजेपी, कांग्रेस, आम आदमी पार्टी सहित अन्य दलों के तमाम नेताओं ने मतदान किया। प्रदेश के विकास के लिए काम करने वाली नई राज्य सरकार के चयन के लिए हिमाचल के मतदाता बड़ी संख्या में मतदान केंद्रों की ओर बढ़ रहे हैं। सुबह जब वोटिंग शुरू हुई थी उसके मुकाबले अब मतदाताओं की संख्या में खासा बढ़ोतरी हुई है।

  • 12 Nov 2022 6:17 AM GMT

    अनुराग ठाकुर- बीजेपी सरकार ने 5 साल में अच्छा काम किया


    केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने मतदान के बाद मीडिया से बात करते हुए कहा, कि हम मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में चुनाव लड़ रहे हैं। जयराम ठाकुर के नेतृत्व में बीजेपी सरकार ने बीते 5 वर्षों में अच्छा काम किया। इसलिए हमें विश्वास है कि जनता 'डबल इंजन' वाली सरकार के काम को देखते हुए हिमाचल में एक बार फिर बीजेपी की सरकार बनाएगी।

  • 12 Nov 2022 6:13 AM GMT

    सुबह 10 बजे तक 5.02% मतदान

    हिमाचल प्रदेश में सुबह 10 बजे तक कहां पड़े कितने वोट?

    बिलासपुर- 3.11%

    कांगड़ा- 5.38%

    किन्नौर- 2.50%

    मंडी- 6.24%

    शिमला- 4.78%

    सिरमौर- 6.24%

    सोलन- 4.90%

    ऊना- 5.47%

    कुल्लू- 3.74%

    लाहौल स्पीति- 1.56%

    चंबा- 2.64%

    हमीरपुर- 5.61%

Monika

Monika

Content Writer

पत्रकारिता के क्षेत्र में मुझे 4 सालों का अनुभव हैं. जिसमें मैंने मनोरंजन, लाइफस्टाइल से लेकर नेशनल और इंटरनेशनल ख़बरें लिखी. साथ ही साथ वायस ओवर का भी काम किया. मैंने बीए जर्नलिज्म के बाद MJMC किया है

Next Story