×

Independence Day 2022: महिलाओं पर चर्चा करते हुए भावुक हुए मोदी, नारी सम्मान को देश के लिए महत्वपूर्ण बताया

Independence Day 2022: PM नरेंद्र मोदी ने आज स्वतंत्रता दिवस के मौके पर लाल किले की प्राचीर से अपने महत्वपूर्ण संबोधन के दौरान महिलाओं के सम्मान का मुद्दा प्रमुखता से उठाया।

Anshuman Tiwari
Published on: 15 Aug 2022 9:43 AM GMT (Updated on: 15 Aug 2022 10:12 AM GMT)
Narendra Modi Birthday Special
X

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी: Photo- Social Media

Click the Play button to listen to article
Independence Day 2022: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) ने आज स्वतंत्रता दिवस (Independence Day 2022) के मौके पर लाल किले की प्राचीर से अपने महत्वपूर्ण संबोधन के दौरान महिलाओं के सम्मान (respect for women) का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि यह लाल किले से से उठाया जाने वाला विषय नहीं हो सकता मगर मैं अपने भीतर के दर्द को आखिर कहां कहूं। उन्होंने देश में पैदा हुई बड़ी विकृति की ओर लोगों का ध्यान खींचते हुए कहा कि हम नारी का अपमान करते हैं। नारी का गौरव राष्ट्र के सपने पूरे करने में बहुत बड़ी पूंजी बनने वाला है।

उन्होंने देशवासियों से सवाल किया कि क्या हम अपने व्यवहार में नारियों के अपमान से छुटकारा पाने का संकल्प ले सकते हैं? नारियों के अपमान के मुद्दे का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री मोदी पूरी तरह भावुक दिखे और वे इस महत्वपूर्ण मुद्दे पर चर्चा करते हुए संबोधन के दौरान थोड़ी देर के लिए रुक भी गए।

आचरण में बदलाव लाने का संकल्प लें

दरअसल, हाल के दिनों में देश के विभिन्न राज्यों में महिलाओं के साथ होने वाले अपराधों में काफी बढ़ोतरी हुई है। महिलाओं के साथ बदसलूकी और अपराध की घटनाओं को लेकर आज मोदी पूरी तरह भावुक दिखे। उन्होंने कहा कि सच्चाई तो यह है कि हमारे आचरण में विकृति आ गई है और इसी कारण हम कभी-कभी नारियों का अपमान कर डालते हैं। उन्होंने अपने व्यवहार में बदलाव लाने के लिए देशवासियों से संकल्प लेने की अपील की।

प्रधानमंत्री मोदी (PM Modi) ने देश के लोगों को याद दिलाया कि कभी-कभी हम अपने व्यवहार, बोलचाल और कुछ शब्दों से नारियों का अपमान कर देते हैं। हम अपने स्वभाव, संस्कार और रोजमर्रा की जिंदगी में नारियों के अपमान से मुक्ति का क्या संकल्प नहीं ले सकते? पीएम मोदी ने लाल किले से अपने भाषण के दौरान यह महत्वपूर्ण सवाल उठाकर लोगों को नारियों का हमेशा सम्मान करने का बड़ा संदेश दिया।

Photo- Social Media

नारियों के सम्मान से होगा विकास

देश के विकास की चर्चा करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि नारियों का सम्मान करना देश के विकास का महत्वपूर्ण स्तंभ है। इसलिए इस दिशा में ठोस पहल की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति से कोई इनकार नहीं कर सकता। इसलिए आज नारी शक्ति का समर्थन करने की आवश्यकता है।

उन्होंने कहा कि अगर हम दुनिया के दूसरे राष्ट्रों की प्रगति का विश्लेषण करें तो हम पाएंगे कि इसके पीछे वहां के नागरिकों के अनुशासन की बहुत बड़ी भूमिका रही है। अगर हमारे देश के सभी लोग अपनी जिम्मेदारी को निभाने के लिए हमेशा तैयार रहें तो निश्चित रूप से हमारे देश को भी विकास करने से कोई रोक नहीं सकता। उन्होंने कहा कि समानता ही देश की प्रगति की आधारशिला है। इसलिए सभी देशवासियों को भारत पहले के मंत्र के साथ एकजुट होकर देश की प्रगति के लिए योगदान करना चाहिए।

नारी शक्ति के समर्थन से हासिल होगा लक्ष्य

प्रधानमंत्री मोदी (PM Modi) ने जीवन के विभिन्न क्षेत्रों में नारियों की ओर से हासिल की गई उपलब्धियों का भी प्रमुखता से जिक्र किया। उन्होंने कहा कि चाहे युद्ध की भूमि हो या खेलकूद का मैदान, हर जगह भारत की नारी शक्ति नए जोश के साथ उभरकर सामने आ रही है। हमारे देश की महिलाओं ने हमें गर्व करने के तमाम मौके दिए हैं। मुझे पूरी उम्मीद है कि आने वाले 25 वर्षों में नारी शक्ति हमें आगे बढ़ाने में और बड़ी भूमिका निभाएगी। अगर हम देश की बेटियों के लिए सुविधाएं मुहैया कराएंगे तो वे कई गुना देश को लौटाने में पूरी तरह सक्षम हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि आजादी के अमृत काल (Azadi Ka Amrit) में देश को आगे बढ़ाने के लिए काफी मेहनत करने की जरूरत है और अगर हमें नारी शक्ति का समर्थन हासिल हो जाए तो निश्चित रूप से हम कम मेहनत में ही अपने लक्ष्य को आसानी से हासिल करने में कामयाब होंगे। हमें नारियों के प्रति अपनी जिम्मेदारी का निश्चित रूप से निर्वाह करना होगा और यह कदम देश को आगे बढ़ाने में काफी मददगार साबित होगा।

Shashi kant gautam

Shashi kant gautam

Next Story