एक-एक कर गायब हुए परिवार के तीन लोग, नहीं लौटे वापस, फिर तीन दिन बाद...

Bihar News: बिहार में एक ही परिवार के तीन लोग एक-एक कर घर से गायब हो गए। मां और दो बेटों का गायब होने के तीन दिन बाद शव मिला है।

Network
Newstrack Network
Published on: 16 Aug 2024 3:02 AM GMT
Bihar News
X

मौके पर पहुंची पुलिस (Pic: Social Media)

Bihar News: बिहार के भोजपुर में ट्रिपल मर्डर से सनसनी मच गई। एक ही परिवार के तीन लोगों को मौत के घाट उतार दिया गया। मां और दो बेटों की हत्या कर दी गई। सभी की लाशें झाड़ियों में मिलीं। हत्या होने से पहले परिवार का एक-एक सदस्य गायब होने लगा था। कल गुरुवार को मां और दोनों बेटों का शव सोन नदी के दियारा इलाके में सड़ी हालत में बरामद किया गया। मामला अगिआंव के अजीमाबाद थाना इलाके के नूरपुर गांव की है। शुरुआती जांच में पता चला है कि जमीनी विवाद के चलते सभी की हत्या की गई। पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है।

एक परिवार के तीन लोगों की हत्या

मृतकों की पहचान 50 वर्षीय शांति कुंवर, उनके 27 वर्षीय बेटे बुधन चौधरी और 25 वर्षीय सुधन चौधरी के रूप में हुई है। मामले की जानकारी मिलने पर एसपी प्रेम कुमार यादव एसडीपीओ राहुल सिंह के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस पूरे मामले की छानबीन और पूछताछ कर रही है। पुलिस के साथ ही फॉरेंसिक एक्सपर्ट की टीम को भी मौके पर साक्ष्य जुटाने के लिए बुलाया गया। पुलिस ने श्वान दस्ता के साथ भी जांच पड़ताल की।

नहीं लौटे घर से निकले लोग

एसपी के अनुसार बुधन चौधरी का उसके पड़ोसी भोला चौधरी से जमीनी विवाद चल रहा था। पिछले कुछ दिनों से चल रहे विवाद में दोनों से मारपीट भी हुई थी। भोला और उसके लड़कों ने सोमवार को बुधन के परिवार को धमकी दी थी। धमकी भरे लहजे में कहा था कि बुधन का परिवार अगली सुबह नहीं देखेगा। उसी दिन यानी सोमवार से ही उसके परिवार से लोग गायब होने लगे। शाम को सुधन चौधरी गायब हो गए। मंगलवार उसे खोजने निकले उसकी मां और भाई भी लौट कर नहीं आए।

सड़ी हालत में मिले शव

24 घंटे के अंदर परिवार के तीन लोगों के गायब होने पर परिवार में कोहराम मच गया। गुमशुदगी की सूचना पुलिस को दी गई। तहरीर के आधार पर पुलिस छानबीन में जुट गई। गुरुवार को सोन नदी की ओर से बदबू ने लोगों को परेशान कर दिया। गांव वालों ने इलाके की जांच की तो तीन शव मिले। शव सड़ी-गली हालत में मिले। तीनों शव एक ही परिवार के मां और बेटों के थे। शव देखने के बाद माना जा रहा है कि हत्या करीब 36 घंटे पहले कर दी गई है। हालांकि, पुलिस की शुरुआती जांच में मृतक सुधन चौधरी के मोबाइल का लोकेशन लापता होने के दूसरे दिन संदेश थाना क्षेत्र के खंडोल गांव में मिला। इससे यह माना जा रहा है कि हत्या करने के बाद शवों को अजीमाबाद थाना क्षेत्र में डंप किया गया है।

मुआवजे की मांग

एक की परिवार के तीन लोगों की हत्या से परिजनों में आक्रोश है। गुस्साए लोगों ने सड़क जाम कर दी। हत्यारों की गिरफ्तारी और मुआवाजे की मांग को लेकर स्थानीया लोगों और सीपीआई माले ने प्रदर्शन किया। लोगों ने सड़क जाम कर दी। एसपी का कहना है कि शुरुआती जांच में जमीन विवाद में हत्या करने का मामला सामने आ रहा है। मामले की छानबीन जारी है। वैज्ञानिक ढंग से जांच करके जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा। जांच और पीड़ित परिवार की निशानदेही पर घटना में शामिल दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया है। साथ ही दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

Sidheshwar Nath Pandey

Sidheshwar Nath Pandey

Content Writer

मेरा नाम सिद्धेश्वर नाथ पांडे है। मैंने इलाहाबाद विश्विद्यालय से मीडिया स्टडीज से स्नातक की पढ़ाई की है। फ्रीलांस राइटिंग में करीब एक साल के अनुभव के साथ अभी मैं NewsTrack में हिंदी कंटेंट राइटर के रूप में काम करता हूं। पत्रकारिता के अलावा किताबें पढ़ना और घूमना मेरी हॉबी हैं।

Next Story