×

दिल्ली में भीषण गर्मी के चलते 40 लोगों ने तोड़ा दम, 13 साल बाद दर्ज हुई सबसे गर्म रात

Delhi Weather: दिल्ली-एनसीआर में मंगलवार को 40 से ज्यादा लोगों की असमय मौत हो गयी। दिल्ली के श्मसान घाटों पर एक बार फिर कोरोना काल जैसा दृश्य नजर आ रहा है।

Shishumanjali kharwar
Published on: 19 Jun 2024 9:23 AM GMT (Updated on: 19 Jun 2024 9:24 AM GMT)
delhi news
X

दिल्ली में भीषण गर्मी के चलते 40 लोगों ने तोड़ा दम (सोशल मीडिया)

Delhi Weather: भीषण गर्मी का कहर से देश की राजधानी दिल्ली भी अछूती नहीं है। पहाड़ से लेकर मैदान तक अंगारों की बारिश हो रही है। दिल्ली में गर्मी रोज नये रिकॉर्ड बना रही है। भीषण गर्मी, चिलचिलाती धूप और गर्म हवाओं ने लोगों को जीना दूभर कर रखा है। गर्मी के चलते जहां अस्पतालों में मरीजों की संख्या में रोज इजाफा हो रहा है। वहीं मौतों की संख्या भी रोज बढ़ रही है। दिल्ली-एनसीआर में मंगलवार को 40 से ज्यादा लोगों की असमय मौत हो गयी।

दिल्ली के श्मसान घाटों पर एक बार फिर कोरोना काल जैसा दृश्य नजर आ रहा है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के निगमबोध घाट पर शवों की कतारें लगी हुई हैं। दिल्ली के निगम बोध घाट पर मंगलवार को रिकॉर्ड 95 शवों का अंतिम संस्कार किया गया। घाट प्रबंधन से जुड़े लोगों का कहना है कि कोरोना महामारी के दौर के बाद अब ऐसा दृश्य देखने को मिल रहा है। बुधवार को भी श्मसान घाट पर शवों की कतारें लगी हुई हैं।


दिल्ली में रात में गर्मी ने तोड़ा 13 साल का रिकॉर्ड

दिल्ली में मंगलवार को रात के तापमान ने 13 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। मंगलवार को न्यूनतम तापमान 35.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे पहले साल 2010 में जून माह में न्यूनतम तापमान 34.7 दर्ज किया गया था। प्रचंड गर्मी के चलते दिल्ली में लगातार 37 दिनों से अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक बना हुआ है।


दिल्ली में प्रचंड गर्मी से 24 घंटे में 40 मौतें

दिल्ली-एनसीआर में भीषण गर्मी के चलते हाहाकार मचा है। प्रचंड गर्मी के चलते बीते 24 घंटे में 40 से ज्यादा लोगों की मौत हो गयी है। दिल्ली के सभी अस्पतालों में गर्मी के चलते मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। दिल्ली के आरएमएल अस्पताल में बीते दो दिन में 46 से ज्यादा मरीज भर्ती हुए है। इनमें अधिकतर मरीज बेहोशी, उल्टी व चक्कर आने के कारण भर्ती किये गये हैं।


दिल्ली में अभी गर्मी से राहत की उम्मीद नहीं

दिल्ली-एनसीआर में भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान से लोगों को अभी कुछ दिनों तक दो-चार होना होगा। दिल्ली में प्रचंड गर्मी को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया है। अभी कम से कम 10 दिन तक किसी राहत की उम्मीद नहीं है। मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में 27-28 जून के आसपास मानसून पहुंचने की संभावना है। इसके बाद ही पारा थोड़ा नीचे आएगा। हालांकि, इस बीच एक-दो दिन आंधी और हल्की बारिष हो सकती है। लेकिन इससे गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद कम ही है।

Shishumanjali kharwar

Shishumanjali kharwar

कंटेंट राइटर

मीडिया क्षेत्र में 12 साल से ज्यादा कार्य करने का अनुभव। इस दौरान विभिन्न अखबारों में उप संपादक और एक न्यूज पोर्टल में कंटेंट राइटर के पद पर कार्य किया। वर्तमान में प्रतिष्ठित न्यूज पोर्टल ‘न्यूजट्रैक’ में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं।

Next Story