×

Aaj Ka Mausam: पहाड़ों की बर्फ़बारी का यहाँ दिखेगा असर, दिल्ली-यूपी समेत कई राज्यों में बढ़ सकती है ठंड

Aaj Ka Mausam: फरवरी के महीने में ही पूरे देश में गर्मी का एहसास हो रहा है। दोपहर में हो रही कड़ी धूप के चलते गर्मी का एहसास बना हुआ है।

Network
Newstrack Network
Published on: 10 Feb 2025 8:53 AM IST
Aaj Ka Mausam
X

Aaj Ka Mausam

Aaj Ka Mausam: देशभर में मौसम तेजी से बदल रहा है। फरवरी के महीने में ही गर्मी का असर दिखने लगा है, लेकिन पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी और बारिश के कारण कुछ मैदानी इलाकों में ठंड लौट सकती है। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार और राजस्थान जैसे राज्यों में तापमान में बढ़ोतरी जारी रहेगी, जबकि उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में अगले तीन दिनों तक हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है।

दिल्ली और यूपी में बढ़ेगा तापमान

दिल्ली और उत्तर प्रदेश में फरवरी में ही अप्रैल जैसी गर्मी महसूस की जा रही है। IMD के मुताबिक, दिल्ली का अधिकतम तापमान 26-28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 8-10 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। सोमवार को सुबह और रात में हल्का कोहरा छाने की संभावना है, जबकि दिन में बादल भी रह सकते हैं।

यूपी में भी तापमान बढ़ रहा है, जहां कई जिलों में अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच चुका है। अगले पांच दिनों तक मौसम शुष्क रहेगा और कोई विशेष अलर्ट जारी नहीं किया गया है। हालांकि, बिहार में पछुआ हवाओं के कारण सुबह और रात में हल्की ठंड महसूस होगी, जबकि दिन में धूप खिली रहेगी।

राजस्थान और गुजरात में भी बढ़ रहा तापमान

राजस्थान में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। बीते 24 घंटों में नागौर, बीकानेर, उदयपुर, सीकर और अलवर में तापमान में 3-4 डिग्री की वृद्धि हुई है। मौसम विभाग ने आगामी दिनों में राजस्थान में मौसम शुष्क रहने की संभावना जताई है। गुजरात में हालांकि अभी भी ठंड का असर बना हुआ है। अगले 24 घंटों में 45-55 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे तापमान में गिरावट हो सकती है।

उत्तराखंड, हिमाचल और जम्मू-कश्मीर में बारिश-बर्फबारी का अलर्ट

उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में 10 और 11 फरवरी को हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना है। इससे ठंड में दोबारा इजाफा हो सकता है। वहीं, जम्मू-कश्मीर में अगले तीन दिनों तक बारिश और बर्फबारी की संभावना है, जिससे पर्यटकों और स्थानीय लोगों के लिए अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा, पूर्वोत्तर भारत में भी बारिश का असर दिखेगा। सिक्किम, असम और अरुणाचल प्रदेश में 14 फरवरी तक हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

क्या फिर लौटेगी ठंड?

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फबारी और बारिश का असर मैदानी इलाकों में भी दिख सकता है। हालांकि, दिल्ली, यूपी और राजस्थान में तापमान लगातार बढ़ने का अनुमान है, जिससे ठंड के दोबारा लौटने की संभावना फिलहाल कम है। लेकिन उत्तराखंड, हिमाचल और जम्मू-कश्मीर में मौसम फिर ठंडा होने वाला है, जिससे पहाड़ी इलाकों में रहने वालों को सतर्क रहने की जरूरत है।



Sonali kesarwani

Sonali kesarwani

Content Writer

Content Writer

Next Story