TRENDING TAGS :
Aaj Ka Mausam: फरवरी में खत्म होगी ठंड! दिल्ली-UP में बढ़ेगा तापमान, पहाड़ों पर बर्फबारी की संभावना
Aaj Ka Mausam: फरवरी महीने की शुरुआत हुए कुछ दिन बीत चुके है। लोगों की इस महीने में ही गर्मी का एहसास होने लगा है।
Aaj Ka Mausam
Aaj Ka Mausam: फरवरी के शुरुआती दिनों में ही मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। सर्दी धीरे-धीरे विदाई ले रही है और दिन के समय गर्मी का अहसास बढ़ने लगा है। खासतौर पर दिल्ली-एनसीआर और उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है।
मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। यहां सर्दी अब धीरे-धीरे कम हो रही है। पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, झारखंड, मध्य प्रदेश और राजस्थान के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान 6 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है। हालांकि, अगले कुछ दिनों में इन राज्यों में तापमान में और बढ़ोतरी होने की संभावना है।
पश्चिमी विक्षोभ का असर और पहाड़ों का मौसम
मौसम विभाग ने बताया है कि पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों में बारिश और बर्फबारी हो सकती है। 8 से 12 फरवरी के बीच जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बर्फबारी होने की संभावना है। वहीं, अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम में भी बारिश और बर्फबारी का अनुमान लगाया गया है। 11 और 12 फरवरी को पूर्वोत्तर भारत के कुछ इलाकों में गरज के साथ बारिश हो सकती है।
तापमान में होगा इजाफा
मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 5 दिनों में उत्तर-पश्चिम भारत में न्यूनतम तापमान में 2-4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होगी। मध्य और पूर्वी भारत में 24 घंटों तक तापमान स्थिर रहने के बाद उसमें 2-4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है।
हालांकि, फरवरी के महीने में दिन में गर्मी महसूस होने लगी है, लेकिन मौसम विभाग के अनुसार, पहाड़ों में बर्फबारी और कुछ इलाकों में बारिश के कारण ठंड एक बार फिर लौट सकती है। ऐसे में ठंड पूरी तरह खत्म हो गई, यह कहना जल्दबाजी होगी।