×

Aaj Ka Mausam 12 May 2023: यूपी में भी चढ़ने लगा पारा, इन राज्यों में हीटवेव अलर्ट, चक्रवात मोचा का आज दिखेगा भीषण रूप

Aaj Ka Mausam 12 May 2023: मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में तापमान और तेजी से ऊपर चढ़ेगा। मौसम विभाग ने देश के कई इलाकों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है।

Anshuman Tiwari
Published on: 12 May 2023 9:30 AM GMT
Aaj Ka Mausam 12 May 2023: यूपी में भी चढ़ने लगा पारा, इन राज्यों में हीटवेव अलर्ट, चक्रवात मोचा का आज दिखेगा भीषण रूप
X
Aaj Ka Mausam (photo: social media )

Aaj Ka Mausam 12 May 2023: देश के विभिन्न हिस्सों में बेमौसम की बारिश के बाद अब तीखी गर्मी का दौर शुरू हो गया है। उत्तर प्रदेश व राजधानी दिल्ली समेत देश के कई इलाकों के अधिकतम तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में तापमान और तेजी से ऊपर चढ़ेगा। मौसम विभाग ने देश के कई इलाकों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। उधर दक्षिण भारत के कई इलाकों में अभी भी बारिश का माहौल बना हुआ है। मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में दक्षिण भारत के कई इलाकों में बारिश का दौर बना रहेगा।

इस बीच बंगाल की खाड़ी में उठा चक्रवाती तूफान मोचा अब उत्तर की ओर बढ़ रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक आज इस चक्रवाती तूफान का भयंकर रूप दिख सकता है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आज इस तूफान के गंभीर चक्रवाती तूफान में बदलने की संभावना है।

तूफानी हवाओं के साथ होगी बारिश

मौसम विभाग की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक चक्रवाती तूफान मोचा के 14 मई को दक्षिण-पूर्व बांग्लादेश और उत्तरी म्यांमार के तटों को पार करने की संभावना है। चक्रवाती तूफान के तट से टकराने के दौरान हवा की गति काफी तेज होने की आशंका जताई गई है। हवा की रफ्तार 150-160 किमी प्रति घंटे से 175 किमी प्रति घंटे तक हो सकती है। चक्रवाती तूफान के म्यांमार में सिटवे के करीब क्यौकप्यू और कॉक्स बाजार (बांग्लादेश) के बीच तट से टकराने की आशंका है।

चक्रवाती तूफान के कारण आज अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में भारी से बहुत भारी बारिश होने का अलर्ट है।

इसके साथ ही बंगाल की खाड़ी के पूर्व मध्य में 110-120 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से लेकर 135 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तूफान आने की आशंका है। मौसम विभाग का कहना है कि ओडिशा, तटीय और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, केरल और माहे में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है।

भीषण गर्मी करने लगी बेहाल

इस बीच पूर्वी भारत, पूर्वी उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, आंतरिक महाराष्ट्र और गुजरात में भीषण गर्मी पड़ने लगी है। इन इलाकों में अधिकतम तापमान 40 से 44 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया है। देश के कई अन्य इलाकों में भी अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है। बिहार, पश्चिम बंगाल, उत्तर पूर्वी भारत, सौराष्ट्र और कच्छ में अधिकतम तापमान औसत से चार से छह डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया है। मौसम विभाग का कहना है कि पूर्वी भारत को छोड़कर देश के अन्य सभी इलाकों में अगले तीन दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में तीन से छह डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी।

मौसम विभाग ने आज पश्चिम बंगाल और गुजरात में हीटवेव का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। बिहार, पश्चिम बंगाल, गुजरात, पश्चिम राजस्थान और मध्य महाराष्ट्र में कई जगहों पर लू लोगों की मुसीबत बढ़ाएगी।

झारखंड में इन दिनों भीषण गर्मी पड़ने लगी है और राजधानी रांची समेत राज्य के 12 जिलों का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उससे ऊपर पहुंच गया है। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी।

दक्षिण भारत में भारी बारिश का अलर्ट

दूसरी ओर दक्षिण भारत के राज्यों में अभी भी बारिश का दौर बना हुआ है। मौसम विभाग का कहना है कि केरल और माहे में अगले पांच दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में आज बारिश होने की संभावना है। केरल और तमिलनाडु के कुछ इलाकों में आज भारी बारिश होने का अलर्ट जारी किया गया है।

स्काईमेट वेदर का पूर्वानुमान

स्काईमेट वेदर के मुताबिक अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में आज हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ इलाकों में भारी बारिश होने की आशंका है। अगले 24 से 48 घंटों के दौरान अंडमान सागर और बंगाल की खाड़ी के मध्य भागों में समुद्र की स्थिति बहुत खराब रहने की संभावना है। इस दौरान काफी ऊंची लहरें उठ सकती हैं। तेज हवाओं की रफ्तार 70 किलोमीटर प्रति घंटे की हो सकती है जो बढ़कर 90 किलो प्रति घंटे की रफ्तार तक पहुंच सकती है।

दक्षिण कर्नाटक, केरल और पूर्वोत्तर भारत में छिटपुट हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और लक्षद्वीप में हल्की बारिश होने की संभावना है। सौराष्ट्र और कच्छ, गंगीय पश्चिम बंगाल और बिहार के कुछ हिस्सों में लू का कहर दिख सकता है।

Anshuman Tiwari

Anshuman Tiwari

Next Story