×

Aaj Ka Mausam 15 may 2023: दिल्ली समेत कई इलाकों में धूल भरी आंधी की चेतावनी,नार्थ ईस्ट में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट

Aaj Ka Mausam 15 May 2023: मौसम विभाग का कहना है कि पूर्वी और दक्षिण भारत के कई इलाकों में आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी।

Anshuman Tiwari
Published on: 15 May 2023 9:21 AM GMT (Updated on: 15 May 2023 8:29 PM GMT)
Aaj Ka Mausam 15 may 2023: दिल्ली समेत कई इलाकों में धूल भरी आंधी की चेतावनी,नार्थ ईस्ट में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट
X
Aaj Ka Mausam 15 may 2023 (photo: social media )

Aaj Ka Mausam 15 May 2023: देश के विभिन्न इलाकों में गर्मी का तेवर तल्ख होने के साथ ही आज कई राज्यों में मौसम का रुख बदलने की संभावना है। दिल्ली-एनसीआर में आज धूल भरी आंधी और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और चंडीगढ़ के कई इलाकों में भी धूल भरी आंधी के साथ हल्की बारिश हो सकती है। पूर्वोत्तर के राज्यों,उप हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की चेतावनी दी गई है। इसके लिए मौसम विभाग की ओर से ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

इस बीच मौसम विभाग का कहना है कि पूर्वी और दक्षिण भारत के कई इलाकों में आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी। मौसम विभाग ने देश के कई इलाकों में लू चलने की भी चेतावनी दी है।

चक्रवाती तूफान मोचा ने मचाई तबाही

मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक चक्रवाती तूफान मोचा रविवार को म्यांमार के तट से टकराया। तट से टकराने के बाद चक्रवाती तूफान कमजोर पड़ गया है। मौसम विभाग का कहना है कि म्यांमार के बंदरगाह शहर सिटवे में इस चक्रवात ने भारी तबाही मचाई है। म्यांमार के रखाइन प्रांत की राजधानी सिटवे के कुछ हिस्सों में चक्रवाती तूफान के कारण बाढ़ जैसे हालात दिखने लगे।

इस दौरान हवाओं की रफ्तार करीब 130 किलोमीटर प्रति घंटे की थी। इस कारण कई इलाकों में टिन की छतें भी उड़ गईं। भूस्खलन में दो लोगों की मौत होने की भी खबर है। तेज हवाओं के कारण कई इलाकों में पेड़ गिरने की भी खबर मिली है और पेड़ के नीचे दबकर भी एक व्यक्ति की मौत हो गई। बिजली गुल होने के कारण कई इलाकों में अंधेरा भी छा गया। तूफान के कारण सिटवे के कई इलाकों में सड़कों पर पानी भर गया।

भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी

मौसम विभाग का कहना है कि नॉर्थईस्ट कई इलाकों में आज भी तूफान मोचा का बड़ा असर दिखेगा। नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, असम, मेघालय,अरुणाचल प्रदेश, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में कुछ जगहों पर आज भारी से बहुत भारी बारिश होने की चेतावनी दी गई है।

भारी बारिश की आशंका को देखते हुए मौसम विभाग की ओर से ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में भी मौसम खराब रहेगा और कई इलाकों में आंधी-तूफान के साथ बारिश हो सकती है। हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, केरल और माहे में भी मौसम बिगड़ सकता है।

यूपी में भी बदलेगा मौसम का मिजाज

आने वाले दिनों में उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों के मौसम में बदलाव आने की संभावना है। मौसम विभाग का कहना है कि आगरा, मेरठ और गाजियाबाद सहित प्रदेश के कुछ इलाकों में आंशिक रूप से बादल छाए रहने और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। नोएडा और आसपास के इलाकों में सोमवार को दोपहर के समय तेज सतही हवाएं चलने की संभावना है।

तापमान में बढ़ोतरी से बढ़ेगी मुसीबत

मौसम विभाग का कहना है कि पूर्वी भारत में आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी। दो से चार डिग्री सेल्सियस की इस बढ़ोतरी के बाद गर्मी के तेवर और तल्ख हो जाएंगे। दक्षिण भारत के कई हिस्सों के तापमान में भी दो से तीन सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है।

मौसम विभाग की ओर से आज ओडिशा, विदर्भ, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में लू चलने की चेतावनी दी गई है। ओडिशा में 17 मई तक लू लोगों को बेहाल कर सकती है। पश्चिम बंगाल में भी कल लू का प्रकोप दिखने की संभावना है। गुजरात और कोकण के इलाके में भी आज मौसम काफी गर्म रहने की संभावना है।

स्काईमेट वेदर का पूर्वानुमान

स्काईमेट वेदर के मुताबिक मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, नागालैंड और अरुणाचल प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में आज मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में मध्यम से तेज़ हवाएं चल सकती हैं। पूर्व व दक्षिण असम और मेघालय में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। गंगीय पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है। बांग्लादेश तट, उत्तरी म्यांमार तट, गंगीय पश्चिम बंगाल और ओडिशा के उत्तरी तट पर समुद्र की स्थिति काफी खराब हो सकती है।

पश्चिमी हिमालय पर हल्की से मध्यम बारिश और अलग-अलग जगहों पर बर्फबारी संभव है। लक्षद्वीप में एक या दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। केरल और दक्षिण तटीय कर्नाटक में एक या दो मध्यम बारिश हो सकती है। राजस्थान और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में लू लोगों को बेहाल कर सकती है।

Anshuman Tiwari

Anshuman Tiwari

Next Story