×

Lok Sabha Election 2024: आप दिल्ली में कांग्रेस को सिर्फ एक सीट देने को तैयार, समय से जवाब नहीं मिला तो प्रत्याशी घोषित करने का अल्टीमेटम

Lok Sabha Election 2024: आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और महासचिव (संगठन) संदीप पाठक ने हम दिल्ली में कांग्रेस को सिर्फ एक सीट देने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस की ओर से आप के इस प्रस्ताव का समय से जवाब नहीं दिया गया तो फिर दिल्ली की सीटों पर आप उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर दिया जाएगा।

Anshuman Tiwari
Written By Anshuman Tiwari
Published on: 13 Feb 2024 1:11 PM GMT
AAP is ready to give only one seat to Congress in Delhi, ultimatum to declare candidate if response is not received in time
X

आप दिल्ली में कांग्रेस को सिर्फ एक सीट देने को तैयार, समय से जवाब नहीं मिला तो प्रत्याशी घोषित करने का अल्टीमेटम: Photo- Social Media

Lok Sabha Election 2024: लोकसभा चुनाव से पहले ही विपक्षी दलों के गठबंधन इंडिया में कई राज्यों में बिखराव दिखने लगा है। आम आदमी पार्टी ने पंजाब में कांग्रेस को बड़ा झटका देते हुए सभी सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है और अब पार्टी दिल्ली में भी कांग्रेस को बड़ा झटका देने वाली है। आप की ओर से दिल्ली की सात लोकसभा सीटों में से सिर्फ एक सीट कांग्रेस को देने का प्रस्ताव रखा गया है।

आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और महासचिव (संगठन) संदीप पाठक ने हम दिल्ली में कांग्रेस को सिर्फ एक सीट देने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस की ओर से आप के इस प्रस्ताव का समय से जवाब नहीं दिया गया तो फिर दिल्ली की सीटों पर आप उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर दिया जाएगा।

समय पर जवाब नहीं मिला तो घोषित होंगे नाम

लोकसभा चुनाव नजदीक आने के साथ विपक्षी दलों के गठबंधन इंडिया में लगातार बिखराव की स्थिति दिख रही है। बिहार के बिहार में नीतीश कुमार के इंडिया गठबंधन से बाहर निकालने के बाद राष्ट्रीय लोकदल के मुखिया जयंत चौधरी ने भी सोमवार को इंडिया गठबंधन को करारा झटका देते हुए एनडीए में शामिल होने का ऐलान किया था। अब आम आदमी पार्टी भी कांग्रेस को तेवर दिखाने लगी है।

आप की ओर से कांग्रेस को दिल्ली में सिर्फ एक सीट पर चुनाव लड़ने का ऑफर दिया गया है। आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता संदीप पाठक ने कहा कि हम दिल्ली में कांग्रेस को एक सीट पर चुनाव लड़ने का प्रस्ताव देते हैं जबकि बाकी बाकी छह सीटों पर आप चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस की ओर से इस प्रस्ताव का समय पर जवाब नहीं दिया गया तो पार्टी इन सीटों पर अपने उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर देगी।

Photo- Social Media

पंजाब के बाद दिल्ली में भी गठबंधन की संभावना खत्म

दरअसल दिल्ली की सातों सीटों पर दोनों दलों के बीच गठबंधन की संभावनाएं लगातार खत्म होती दिख रही हैं। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने हाल में पंजाब के तरनतारन में एक रैली को संबोधित करते हुए बड़ा बयान दिया था। उन्होंने साफ तौर पर कहा था कि दिल्ली की जनता ने सभी सात लोकसभा सीटों पर पार्टी प्रत्याशियों को जीत दिलाने की बात मन में ठान ली है। केजरीवाल के इस बयान से साफ हो गया था कि पार्टी दिल्ली की सभी सात लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी में जुटी हुई है।

पंजाब में पहले ही आप और कांग्रेस के बीच खींचतान की स्थिति दिख रही है। आप की ओर से राज्य की सभी सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया गया है तो दूसरी ओर कांग्रेस भी पंजाब की सभी 13 सीटों पर लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी में जुटी हुई है। अब दिल्ली में भी दोनों दलों के बीच गठबंधन टूटने की स्थिति दिख रही है।

विपक्षी गठबंधन को लगातार लग रहे झटके

दूसरी ओर कांग्रेस की ओर से भी दिल्ली में लोकसभा चुनाव की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। पार्टी की ओर से दिल्ली की सभी सीटों पर मजबूत प्रत्याशियों की तलाश शुरू कर दी गई है। आप और कांग्रेस दोनों दलों की तैयारी को देखते हुए यह कयास लगाए जा रहे हैं कि अब पंजाब की तरह दिल्ली में भी दोनों दलों के बीच तालमेल की संभावना खत्म हो गई है।

विपक्षी दलों के गठबंधन इंडिया को हाल के दिनों में तीन बड़े झटके लग चुके हैं। सबसे पहले पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और टीएमसी मुखिया ममता बनर्जी ने राज्य की सभी लोकसभा सीटों पर अकेले चुनाव लड़ने का ऐलान किया था।

उसके बाद विपक्षी एकजुटता के सूत्रधार नीतीश कुमार ने पाला बदलते हुए एनडीए का दामन थाम लिया था। सोमवार को भी इंडिया गठबंधन को बड़ा झटका लगा था जब रालोद मुखिया जयंत चौधरी ने एनडीए के गठबंधन में शामिल होने की जानकारी दी थी। ऐसी स्थिति में माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में विपक्षी गठबंधन को और भी झटके लग सकते हैं।

Shashi kant gautam

Shashi kant gautam

Next Story