×

AAP Sunderkand Path: प्राण प्रतिष्ठा से पहले आप का बड़ा ऐलान, दिल्ली के सभी विधानसभा क्षेत्रों में होगा सुंदरकांड का पाठ, भाजपा को जवाब देने के लिए पार्टी का हिंदुत्व कार्ड

AAP Sunderkand Path: भाजपा, संघ और विहिप की ओर से प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम की जोरदार तैयारियां चल रही हैं। आप की ओर से सुंदरकांड के पाठ के आयोजन को भाजपा की इसी रणनीति का जवाब माना जा रहा है।

Anshuman Tiwari
Written By Anshuman Tiwari
Published on: 15 Jan 2024 9:36 AM GMT (Updated on: 15 Jan 2024 1:55 PM GMT)
Aap Saurabh Bhardwaj
X

AAP Saurabh Bhardwaj  (photo: social media )

AAP Sunderkand Path: अयोध्या में भगवान रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के कार्यक्रम से पहले आम आदमी पार्टी ने भी बड़ा हिंदुत्व कार्ड चल दिया है। आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और दिल्ली सरकार में मंत्री सौरभ भारद्वाज ने दिल्ली के सभी विधानसभा क्षेत्रों में सुंदरकांड का पाठ किए जाने का ऐलान किया है। उन्होंने बताया कि पार्टी के सभी नेता, पार्षद और कार्यकर्ता सुंदरकांड के इस पाठ में हिस्सा लेंगे। कल से माह के हर मंगलवार को विभिन्न क्षेत्रों के बड़े मंदिरों में यह आयोजन कराया जाएगा।

आम आदमी पार्टी की ओर से किए गए इस ऐलान को 2024 की सियासी जंग से जोड़कर देखा जा रहा है। दरअसल भाजपा, संघ और विहिप की ओर से प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम की जोरदार तैयारियां चल रही हैं। आप की ओर से सुंदरकांड के पाठ के आयोजन को भाजपा की इसी रणनीति का जवाब माना जा रहा है। सियासी जानकारों का मानना है कि इसके जरिए पार्टी ने हिंदुत्व का कार्ड चल दिया है और पार्टी की रणनीति हिंदू वोट बैंक को आप के साथ एकजुट बनाए रखने की है।

भाजपा को जवाब देने की कोशिश

दरअसल अयोध्या में 22 जनवरी को आयोजित होने वाले प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम को लेकर विपक्षी दलों में भी बेचैनी दिखने लगी है। विपक्षी दलों का मानना है कि इस प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के जरिए भाजपा और संघ 2024 के लोकसभा चुनाव में बढ़त हासिल करने की कोशिश में जुटे हुए हैं। इसके जरिए भाजपा की ओर से हिंदू वोट बैंक को साधने की कोशिश की जा रही है। भाजपा की ओर से की जा रही इन तैयारियों की गूंज देश ही नहीं बल्कि विदेश में भी सुनी जा रही है। भाजपा की इस रणनीति का जवाब देने के लिए अब आम आदमी पार्टी ने भी बड़ा कदम उठाया है।

आयोजन में हिस्सा लेंगे सभी कार्यकर्ता

आम आदमी पार्टी के नेता और दिल्ली सरकार में मंत्री सौरभ भारद्वाज ने आज प्रेस कॉन्फ्रेंस में सुंदरकांड का पाठ किए जाने का बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि यह आयोजन दिल्ली के सभी विधानसभा क्षेत्र में किया जाएगा। इस आयोजन में आप के नेता, पार्षद और कार्यकर्ता सभी हिस्सा लेंगे। उन्होंने बताया कि पार्टी के नेताओं को अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों के मंदिरों में सुंदरकांड के पाठ का आयोजन करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। सुंदरकांड के पाठ के अलावा हनुमान चालीसा का पाठ भी किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि कल यानी 16 जनवरी को मंगलवार है और कल से ही इस सुंदरकांड के पाठ के आयोजन की शुरुआत कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि दिल्ली में करीब 2600 स्थानों पर हर महीने के पहले मंगलवार को इस तरह का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस आयोजन को आम आदमी पार्टी की गतिविधियों का हिस्सा माना जाएगा।

आयोजन को व्यवस्थित रूप से चलाने की तैयारी

आप नेता सौरभ भारद्वाज ने कहा कि दिल्ली के विभिन्न विधानसभा क्षेत्र में पार्टी के विधायकों की ओर से पहले से ही सुंदरकांड के पाठ का आयोजन किया जाता रहा है। अभी तक पार्टी के विधायक अपनी सुविधा के अनुसार इस तरह का आयोजन करते रहे हैं मगर अब यह आयोजन दिल्ली के हर विधानसभा क्षेत्र में माह के पहले मंगलवार को आयोजित किया जाएगा। इस आयोजन को सफल बनाने के लिए पार्टी की ओर से अलग संगठन भी बनाया गया है। उन्होंने कहा कि पार्टी अब इस आयोजन को संगठित और व्यवस्थित रूप से चलाने की तैयारी में जुटी हुई है। उन्होंने कहा कि दिल्ली के लोगों को इस महत्वपूर्ण आयोजन में हिस्सा लेना चाहिए।

हिंदू वोट बैंक पर आप की नजर

सियासी जानकारों का मानना है कि भाजपा की ओर से आयोजित प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम को देखते हुए आप ने जवाबी रणनीति तैयार की है। हालांकि पार्टी की ओर से सुंदर कांड के पाठ का आयोजन पहले भी किया जाता रहा है मगर अब इस कार्यक्रम को हर विधानसभा क्षेत्र में व्यवस्थित रूप से आयोजित करने की तैयारी है। इसके जरिए पार्टी हिंदू वोट बैंक को एकजुट बनाए रखने की रणनीति में जुट गई है।


Monika

Monika

Content Writer

पत्रकारिता के क्षेत्र में मुझे 4 सालों का अनुभव हैं. जिसमें मैंने मनोरंजन, लाइफस्टाइल से लेकर नेशनल और इंटरनेशनल ख़बरें लिखी. साथ ही साथ वायस ओवर का भी काम किया. मैंने बीए जर्नलिज्म के बाद MJMC किया है

Next Story