×

Parliament House Security Issue: सोशल मीडिया के जरिए मिले थे 'स्मोक अटैक' के चारों आरोपी, फिर बनाया संसद में घुसने का प्लान, एक आरोपी लखनऊ का निकला

Parliament House Security Issue: लोकसभा के अंदर दुस्साहस करने वाले युवकों के नाम सागर और मनोरंजन हैं। जबकि जिन आरोपियों को सदन के बाहर से हिरासत में लिया गया है। उनके नाम नीलम और अमोल शिंदे हैं। संसद के बाहर और अंदर हंगामा करने वाले चारों आरोपी एक-दूसरे को जानते हैं।

Ashish Kumar Pandey
Published on: 13 Dec 2023 12:24 PM GMT
X

सोशल मीडिया के जरिए मिले थे 'स्मोक अटैक' के चारों आरोपी, फिर बनाया संसद में घुसने का प्लान, एक आरोपी लखनऊ का निकला: Video- Newstrack

Parliament House Security Issue: संसद का शीतकालीन सत्र चल रहा है। बुधवार को भी सदन की कार्यवाही चल रही थी। शून्य काल में पांच मिनट बचे थे। तभी पीछे से धड़ाम की आवाज आती है। ये आवाज सामान्य नहीं थी। दरअसल एक युवक दर्शक दीर्घा से कूदकर नीचे आ गया था। इसी बीच दूसरा युवक भी कूदकर नीचे आ गया। देखते ही देखते आरोपी एक डेस्क से दूसरी डेस्क पर छलांग लगाते हुए आगे बढ़ने लगे। इसी दौरान सांसद उन्हें पकड़ने के लिए दौड़, लेकिन वे एक डेस्क से दूसरे डेस्क पर कूदते रहे। लेकिन सांसदों ने उन्हें घेर कर पकड़ लिया और सागर नाम के युवक की जमकर पिटाई की। उसके बाद दोनों को सुरक्षाकर्मियों ने दबोच लिया। दबोचे जाने से पहले उन्होंने अपने जूते से कुछ निकाला और स्प्रे कर दिया। इससे थोड़ी ही देर में संसद में धुआं-धुआं हो गया। एक आरोपी सागर शर्मा लखनउ का रहने वाला है। उसकी मां ने दावा किया कि सागर प्रदर्शन करने की बात कह कर घर से बाहर निकला था।

पुलिस ने चारों आरोपियों को किया गिरफ्तार

यहीं नहीं इसी समय एक घटना संसद के बाहर भी घटी थी। पार्लियामेंट के बाहर एक युवक और एक महिला ने गैस का छिड़काव कर जमकर नारेबाजी की। इससे संसद परिसर के बाहर हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि इस हमले में कुल 6 लोग शामिल हैं। इनमें से 4 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, जबकि 2 आरोपियों की तलाश जारी है। दिल्ली पुलिस इनकी तलाश में जुटी है।

ये हैं चारों आरोपियों के नाम

पुलिस ने इन चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। लोकसभा के अंदर दुस्साहस करने वाले युवकों के नाम सागर और मनोरंजन हैं। जबकि जिन आरोपियों को सदन के बाहर से गिरफ्तार किया गया है। उनके नाम नीलम और अमोल शिंदे हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार संसद के अंदर और बाहर हंगामा करने वाले चारों आरोपी एक-दूसरे को जानते हैं। इन आरोपियों का एक ही मकसद था। बताया जा रहा है कि ये चारों सोशल मीडिया के जरिए एक-दूसरे के संपर्क में आए थे। फिर उन्होंने संसद पर हमले का प्लान बनाया था।

दर्शक दीर्घा से लोकसभा के चैंबर में कूदे थे आरोपी

लोकसभा के अंदर स्मोक अटैक करने वाले सागर शर्मा मैसूर से बीजेपी सांसद प्रताप सिम्हा के अतिथि के रूप में दर्शक दीर्घा में आया था। दोपहर करीब एक बजे दोनों सार्वजनिक गैलरी से चैंबर में कूद गए। भाजपा सदस्य राजेंद्र अग्रवाल जो कि आसन पर थे उन्होंने सदन की कार्यवाही को दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दी थी। संसद की सुरक्षा में सेंध के बाद सांसद प्रताप सिम्हा ने लोकसभा स्पीकर ओम बिरला और संसदीय कार्यमंत्री प्रह्लाद जोशी से मुलाकात कर सफाई दी। वहीं, सांसदों ने आरोपियों को सुरक्षाबलों के हवाले करने से पहले उनकी जमकर पिटाई की।

स्पीकर ने दिए एंट्री पास कैंसिल करने के आदेश

बता दें कि इस घटना के बाद लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने पूर्व सांसदों और सांसदों के निजी सहायकों के संसद भवन में एंट्री पास कैंसिल करने के आदेश दे दिए हैं। ओम बिरला ने इस मामले पर सभी दलों के सांसदों की एक बैठक भी बुलाई है। जेडीयू सांसद रामप्रित मंडल ने कहा कि युवकों ने गैस के कनस्तरों को अपने जूते में छिपा लिया था और लोकसभा कक्ष में पीले रंग की गैस का छिड़काव किया था।

पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। इनका मकसद क्या था और इन्होंने संसद में क्यों ऐसा किया। पुलिस को संदेह है कि कहीं इसके पीछे कोई बड़ा साजिश जो नहीं है। पुलिस इन सब पहलुओं पर जांच पड़ताल कर रही है। एक आरोपी सागर शर्मा लखनउ का रहने वाला है। उसकी मां ने दावा किया कि सागर प्रदर्शन करने की बात कह कर घर से बाहर निकला था।

Shashi kant gautam

Shashi kant gautam

Next Story