×

ADR Report: छह राष्ट्रीय दलों की कमाई 3077 Cr. रुपए, BJP ने बचाया तो AAP-Congress जमकर किया खर्च

ADR Report की मानें तो 2022-23 में बीजेपी, कांग्रेस और AAP सहित 6 राष्ट्रीय पार्टियों ने 3077 करोड़ रुपए से अधिक की कमाई की। सबसे ज्यादा कमाई बीजेपी ने की है।

aman
Written By aman
Published on: 29 Feb 2024 3:09 PM GMT (Updated on: 29 Feb 2024 3:37 PM GMT)
ADR Report
X

प्रतीकात्मक चित्र (Social Media) 

ADR Report: लोकसभा चुनाव की तैयारियों के बीच चुनाव सुधारों की वकालत करने वाली संस्था एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (ADR) ने राजनीतिक दलों के आय-व्यय का लेखा-जोखा पेश किया। एडीआर ने 6 राष्ट्रीय दलों की कुल खर्च का लेखा-जोखा रखा। दरअसल, महज कुछ दिनों में देश भर में चुनावी माहौल पूरे शबाब पर होगा। जगह-जगह पोस्टर-होर्डिंग पर उम्मीदवारों के विज्ञापन दिखने लगेंगे। उससे ठीक पहले ADR ने अपनी रिपोर्ट पेश की है।

चुनाव से पहले मतदाताओं के मन में ये सवाल जरूर चलता है कि, राजनीतिक पार्टियां कमाती कितना हैं? क्योंकि, चुनाव के दौरान पैसा पानी की तरह बहते देखी जाती है। वोटर्स के मन में उठने वाले ऐसे सवालों का जवाब दिया है।

इन 6 पार्टियों की कमाई 3,077 Cr. से अधिक

राजनीतिक पार्टियों पर नजर रखने वाली संस्था एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (ADR) की रिपोर्ट ने। ADR रिपोर्ट्स के अनुसार, 2022-23 में देशभर की 6 राष्ट्रीय पार्टियों ने 3,077 करोड़ रुपए से अधिक की कमाई की। ये 6 राष्ट्रीय पार्टियां हैं, भारतीय जनता पार्टी (BJP), कांग्रेस (Congress), आम आदमी पार्टी (AAP), बहुजन समाज पार्टी (BSP), कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ़ इंडिया (CPI) और नेशनल पीपुल्स पार्टी (NPP) हैं। इनमें 76 प्रतिशत की कमाई बीजेपी की है।

BJP की आय 77% बढ़ी

एडीआर रिपोर्ट की मानें तो वर्ष 2022-23 में भाजपा ने ने 2,061 करोड़ रुपए से अधिक की कमाई की। बता दें, एक साल में बीजेपी की कमाई में 77 फीसदी तक वृद्धि दर्ज की गई है। जबकि, 2021-22 में बीजेपी ने 1,917 करोड़ रुपए कमाई की थी।

AAP की कितनी कमाई?

भारतीय जनता पार्टी के बाद सबसे ज्यादा कमाई करने वाला दल आम आदमी पार्टी (AAP) है। आम आदमी पार्टी ने 2021-22 में 45 जहां करोड़ रुपए कमाई की थी, वहीं 2022-23 में उसकी कमाई 91 प्रतिशत तक बढ़कर 85 करोड़ रुपए हो गई है।

बीजेपी के बाद कांग्रेस सबसे रईस पार्टी

भारतीय जनता पार्टी के बाद देश की सबसे रईस पार्टी कांग्रेस है। कांग्रेस को 2022-23 में करीब 452 करोड़ रुपए मिले थे। दिलचस्प बात ये है कि, बीजेपी और आम आदमी पार्टी की तुलना में कांग्रेस की कमाई घटी है। साल 2021-22 में कांग्रेस ने 541 करोड़ रुपए कमाए थे। अर्थात, एक साल में उसकी कमाई 16 फीसदी तक कम हुई थी।

इन पार्टियों की आय में हुई कमी

कांग्रेस, सीपीआई (एम) और बहुजन समाज पार्टी (BSP) की आय में क्रमश: 16.42 फीसदी, 12.68 प्रतिशत और 33.14 फीसद की कमी आई है।

- कांग्रेस और AAP ने आय से अधिक किया खर्च

- कांग्रेस पार्टी ने कुल आय का 3.26 प्रतिशत अधिक खर्च किया।

- आम आदमी पार्टी ने आय से 19.82 प्रतिशत अधिक खर्च किया।

- बीजेपी ने अपनी कुल आय का 57.68 प्रतिशत खर्च किया।

- माकपा ने कुल आय का 74.87 फीसदी खर्च किया।

इलेक्टोरल बॉन्ड से कमाई में भी बीजेपी अव्वल

गौरतलब है कि, सुप्रीम कोर्ट ने हाल ही में इलेक्टोरल बॉन्ड स्कीम (Electoral Bond Scheme) को 'असंवैधानिक' बताते हुए रद्द कर दिया था। राजनीतिक दलों की आधी से अधिक कमाई इसी जरिए होती है। ऑडिट रिपोर्ट की मानें तो बीजेपी की 55 फीसदी कमाई इलेक्टोरल बॉन्ड से ही हुई। भाजपा को 1,294 करोड़ रुपए चुनावी बॉन्ड से मिले। जबकि, कांग्रेस को 38 प्रतिशत अर्थात 171 करोड़ रुपए चुनावी बॉन्ड प्राप्त हुए। इसी तरह, आम आदमी पार्टी (AAP) की भी 45 करोड़ यानी 53 फीसदी कमाई इसी स्कीम से हुई।

कुल मिलाकर कहें तो 6 राष्ट्रीय पार्टियों को 2022-23 में 1,511 करोड़ रुपए चुनावी बॉन्ड से मिले। इसके अतिरिक्त, 1,034 करोड़ रुपए चंदे और 532 करोड़ रुपए अन्य जरिए से प्राप्त हुए।

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story