×

Mission 2024: यूपी के बाद महाराष्ट्र और आंध्र में भी खेल करेगी भाजपा, RLD के साथ MNS और TDP पर भी निगाहें

Mission 2024: देश में जल्द होने वाले लोकसभा चुनाव के मद्देनजर भाजपा अपनी रणनीति को लगातार धार देने की कोशिश में जुटी हुई है। भाजपा की ओर से लगातार अपने कुनबे को मजबूत बनाने की कोशिश की जा रही है तो दूसरी ओर विपक्षी दलों का गठबंधन इंडिया लगातार बिखरता हुआ दिख रहा है। भाजपा के शीर्ष नेतृत्व की ओर से एनडीए में नए दलों को शामिल करने का प्रयास किया जा रहा है।

Anshuman Tiwari
Written By Anshuman Tiwari
Published on: 7 Feb 2024 12:01 PM GMT
Mission 2024: After UP, BJP will also play in Maharashtra and Andhra, eyes on MNS and TDP along with RLD
X

Mission 2024: यूपी के बाद महाराष्ट्र और आंध्र में भी खेल करेगी भाजपा, RLD के साथ MNS और TDP पर भी निगाहें: Photo- Social Media

Mission 2024: देश में जल्द होने वाले लोकसभा चुनाव के मद्देनजर भाजपा अपनी रणनीति को लगातार धार देने की कोशिश में जुटी हुई है। भाजपा की ओर से लगातार अपने कुनबे को मजबूत बनाने की कोशिश की जा रही है तो दूसरी ओर विपक्षी दलों का गठबंधन इंडिया लगातार बिखरता हुआ दिख रहा है। भाजपा के शीर्ष नेतृत्व की ओर से एनडीए में नए दलों को शामिल करने का प्रयास किया जा रहा है।

उत्तर प्रदेश में राष्ट्रीय लोकदल के साथ भाजपा नेतृत्व की बातचीत अंतिम दौर में पहुंच चुकी है जबकि महाराष्ट्र में राज ठाकरे के नेतृत्व वाली महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) और आंध्र प्रदेश में चंद्रबाबू नायडू की पार्टी (TDP) के भी जल्द ही एनडीए में शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। सियासी जानकारों का मानना है कि आने वाले दिनों में भाजपा के शीर्ष नेतृत्व की ओर से किए जा रहे प्रयासों का बड़ा असर दिख सकता है और एनडीए में नए सहयोगी दलों की एंट्री हो सकती है।

नीतीश के बाद इंडिया गठबंधन को लगातार झटका

भाजपा ने पिछले दिनों बिहार में नीतीश कुमार को तोड़कर इंडिया गठबंधन को बड़ा झटका दिया था। उसके बाद से विपक्षी खेमे में लगातार बिखराव की स्थिति दिख रही है। पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी ने सभी सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है जबकि पंजाब में आम आदमी पार्टी कांग्रेस को एक भी सीट देने के लिए तैयार नहीं है।

विपक्षी खेमा लगातार बिखरता दिख रहा है तो दूसरी ओर भाजपा एनडीए के खेमे में नए सहयोगी दलों को शामिल करने की कोशिश में जुटी हुई है। भाजपा की ओर से अलग जॉइनिंग कमेटी का गठन किया गया है जो विपक्षी दलों में नाराज चल रहे नेताओं को भाजपा में शामिल करेगी। भाजपा विपक्षी खेमे में सेंध लगाने की कोशिश में जुटी हुई है और आने वाले दिनों में इसका बड़ा नतीजा दिख सकता है।

उत्तर प्रदेश में रालोद से होगा गठबंधन

देश के सबसे बड़े सूबे उत्तर प्रदेश में भाजपा राष्ट्रीय लोकदल को साथ लेकर सपा-कांग्रेस के गठबंधन को बड़ा झटका देने की मुहिम में जुटी हुई है। पिछले दिनों समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने राष्ट्रीय लोकदल के साथ गठबंधन होने और आरएलडी को सात सीटें देने का ऐलान किया था मगर रालोद के मुखिया जयंत चौधरी भाजपा नेतृत्व से बातचीत में जुटे हुए हैं।

जानकार सूत्रों का कहना है कि एक-दो दिनों के भीतर ही भाजपा-रालोद के बीच गठबंधन का बड़ा ऐलान किया जा सकता है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में लोकसभा की 27 सीटें हैं और माना जा रहा है कि रालोद से गठबंधन के बाद एनडीए को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में काफी मजबूती मिलेगी। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश में विपक्षी खेमे के बिखरने का बड़ा संदेश भी बाहर निकलेगा। रालोद मुखिया की भाजपा नेतृत्व से बातचीत के कारण समाजवादी पार्टी में भी जबर्दस्त बेचैनी दिख रही है।

राज ठाकरे की पार्टी भी आ सकती है साथ

महाराष्ट्र में शिवसेना और एनसीपी में टूट के बाद अब राज ठाकरे की पार्टी महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (एमएनएस) भी एनडीए के साथ आ सकती है। राज ठाकरे की पार्टी के कई नेताओं ने मंगलवार की रात महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम और भाजपा के वरिष्ठ नेता देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात की है। जानकार सूत्रों के अनुसार राज ठाकरे ने अपने तीन विश्वस्त नेताओं को सीट शेयरिंग के मुद्दे पर भाजपा से बातचीत की जिम्मेदारी सौंपी है।

दोनों पक्षों के बीच बातचीत चल रही है और आने वाले दिनों में इसका नतीजा दिखने की संभावना है। भाजपा ने पहले ही शिवसेना में टूट कराकर उद्धव ठाकरे को बड़ी चोट दी है। एनसीपी में अजित पवार की बगावत से शरद पवार को भी बड़ा झटका लगा है। अब चुनाव आयोग ने भी शिंदे गुट और अजित गुट को मान्यता के साथ ही दोनों दलों का चुनाव निशान भी सौंप दिया है।

टीडीपी की हो सकती है एनडीए में वापसी

आंध्र प्रदेश में भी चंद्रबाबू नायडू की पार्टी (टीडीपी) जल्द ही एनडीए का हिस्सा बन सकती है। चंद्रबाबू नायडू आज दिल्ली पहुंच रहे हैं और माना जा रहा है कि दिल्ली में उनकी मुलाकात भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा और पार्टी के अन्य बड़े नेताओं से होगी। आंध्र प्रदेश में जनसेना प्रमुख पवन कल्याण चंद्रबाबू नायडू को भाजपा के साथ लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

दो दिन पहले पवन कल्याण ने अमरावती में चंद्रबाबू नायडू से मुलाकात की थी और अब चंद्रबाबू नायडू दिल्ली में भाजपा नेताओं से मुलाकात करने वाले हैं। माना जा रहा है कि इस मुलाकात के दौरान एनडीए में चंद्रबाबू नायडू की वापसी और सीट शेयरिंग के मुद्दे पर व्यापक चर्चा की जाएगी। नायडू की एनडीए में वापसी की काफी दिनों से चर्चाएं सुनी जा रही हैं मगर अब चुनाव नजदीक आने के साथ ही इस प्रक्रिया में तेजी आ गई है और जल्द ही इस बाबत बड़ा ऐलान किया जा सकता है।

Shashi kant gautam

Shashi kant gautam

Next Story