×

Shivraj Singh Meet JP Nadda: नड्डा से मुलाकात के बाद बोले शिवराज-कहीं भी काम करने को तैयार हूं, मिल सकती है ये बड़ी जिम्मेदारी

Shivraj Singh Meet JP Nadda: विधानसभा चुनाव परिणाम आने के बाद मंगलवार को पहली बार पूर्व सीएम शिवराज सिंह चैहान दिल्ली पहुंचे और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात की। शिवराज सिंह ने कहा, पार्टी जो तय करेगी वो मंजूर है। शिवराज सिंह ने कहा कि कहीं भी काम करने को तैयार हूं। राज्य हो या केंद्र, जहां भी पार्टी बोलेगी वहां काम कर लूंगा।

Ashish Kumar Pandey
Published on: 19 Dec 2023 10:49 AM GMT
After meeting Nadda, Shivraj said - I am ready to work anywhere, can get this big responsibility
X

नड्डा से मुलाकात के बाद बोले शिवराज-कहीं भी काम करने को तैयार हूं, मिल सकती है ये बड़ी जिम्मेदारी: Photo- Social Media

Shivraj Singh Meet JP Nadda: जहां एक ओर मध्य प्रदेश की डॉक्टर मोहन यादव सरकार के मंत्रिमंडल पर अभी सस्पेंस बना हुआ है तो वहीं इस बीच चुनाव परिणाम आने के बाद पहली बार पूर्व सीएम शिवराज सिंह चैहान मंगलवार को दिल्ली पहुंचे और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात की। इस दौरान पूर्व सीएम शिवराज सिंह चैहान ने 'सेवा ही संकल्प' की बात कही। उन्होंने कहा कि पार्टी जो तय करेगी वो मंजूर है। शिवराज सिंह ने कहा कि कहीं भी काम करने को तैयार हूं। राज्य हो या केंद्र, जहां भी पार्टी बोलेगी वहां काम कर लूंगा। इस दौरान शिवराज मीडिया से भी रूबरू हुए। भाई बहन और मामा के सवाल पर उन्होंने कहा कि भाई-बहन का प्यार अलग है। उसका किसी पद से कोई लेनादेना नहीं है।

मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम शिवराज सिंह ने सोशल मीडिया पर लिखा कि दिल्ली में राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा जी से भेंट की। इस दौरान राष्ट्र उत्थान, लोक कल्याण एवं जनसेवा के विषय में चर्चा हुई। 'सेवा ही संकल्प है' के ध्येय के लिए भाजपा के हम समस्त कार्यकर्ता समर्पित हैं।

मध्य प्रदेश के सीएम डॉ. मोहन यादव और दो डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा और राजेंद्र शुक्ला के शपथ ग्रहण करने के बाद मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर चर्चा बनी हुई है। रविवार को केंद्रीय नेतृत्व के साथ सीएम और प्रदेश के नेताओं की मंत्रिमंडल के नाम पर बैठक हुई। इसमें नए चेहरों के साथ ही कुछ पुराने चेहरे के नाम पर सहमति बनने की बात सामने आई, लेकिन दिग्गज नेताओं की भूमिका को लेकर पेंच फंस गया है। इसके चलते मंत्रिमंडल विस्तार के कुछ दिन टलने की बात सामने आ रही है।

दरअसल कुछ दिग्गज नेताओं ने मंत्रिमंडल में शामिल न करने का आग्रह केंद्रीय नेतृत्व से किया है। इसमें शिवराज सिंह की भूमिका को लेकर भी निर्णय होना है। दिल्ली में शिवराज और जेपी नड्डा की मुलाकात के बाद दोनों नेताओं के बीच पूर्व सीएम की नई भूमिका और मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर चर्चा होने के कयास लगाए जा रहे थे। बता दें राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा कह चुके हैं कि शिवराज सिंह को उनके कद के अनुसार ही काम दिया जाएगा। उनके अनुभव का पार्टी पूरा उपयोग करेगी।

भाजपा का केंद्रीय नेतृत्व आगामी लोकसभा चुनाव की तैयारी के अनुसार काम कर रहा है। इसमें जातिगत और क्षेत्रीय समीकरण को साध कर प्रदेश के नेताओं से चर्चा कर मंत्रिमंडल का गठन किया जा रहा है। इसमें करीब 20 नामों पर सहमति बन चुकी है। इसमें नए चेहरे के साथ ही कुछ पुराने चेहरे शामिल होने की बात कही जा रही है।

शिवराज को मिल सकती है बड़ी जिम्मेदारी-

शिवराज सिंह को भाजपा का शीर्ष नेतृत्व किसी भी तरह से नाराज करने के मुड में नहीं दिख रहा है। सबको मालूम है कि शिवराज सिंह की मध्य प्रदेश में मजबूत पकड़ है। वहीं 2024 में लोकसभा का चुनाव होना है। ऐसे में पार्टी हो सकता है कि उन्हें चुनाव लड़ाए और पार्टी को मजबूत करने की जिम्मेदारी उन्हें सौंपे। इस तरह से चुनाव तक उन्हें मध्य प्रदेश में ही रहने को कहा जाए और पार्टी को मजबूत बनाने का कार्य सौंपा जाए।

बन सकते हैं कृषि मंत्री-

शिवराज सिंह को केंद्र में कृषि मंत्री की जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है। यह बड़ा मंत्रालय है और शिवराज सिंह इस पर अपनी सहमति भी दे सकते हैं। इससे पहले नरेंद्र सिंह तोमर केंद्र में कृषि मंत्री थे। पार्टी ने उन्हें विधानसभा का चुनाव लड़ाया वे चुनाव जीत भी गए। अब उन्हें मध्य प्रदेश विधानसभा का अध्यक्ष बना दिया गया है। ऐसे में इस खाली पद कर शिवराज को कृषि मंत्री बनाया जा सकता है।

Shashi kant gautam

Shashi kant gautam

Next Story