11 साल में तीसरी बार गिरा एक ही पुल, बिहार में जारी है पुल गिरने का सिलसिला

Bihar Bridge Collapse: अगवानी सुल्तानगंज फोरलेन पुल तिसरी बार गिर गया है। 11 साल से बन रहा पुल अभी अधूरा ही है।

Network
Newstrack Network
Published on: 17 Aug 2024 5:39 AM GMT
Bihar News
X

अगवानी सुल्तानगंज फोरलेन पुल तीसरी बार धराशायी (Pic: Social Media)

Bihar News: बिहार में पुलों के धराशायी होने का सिलसिला जारी है। एक बार फिर पुल गिरने की खबर सामने आई है। 1710 करोड़ की लागत से बन रहे अगुवानी सुल्तानगंज फोरलेन पुल के पिलर संख्या 9 का सुपर स्ट्रक्चर एक बार फिर गिर गया है। हादसा आज यानी शनिवार सुबह हुआ है। माना जा रहा है कि गंगा में आए बाढ़ और तेज बहाव की वजह से यह पुल गिरा। पिलर संख्या 9 के ऊपर सुपर स्ट्रक्चर का कुछ हिस्सा शेष बच गया था जो अचानक पानी में समा गया। स्ट्रक्चर पानी में गिरने से बहुत जोर की आवाज आई। गंगा में काफी दूर तक बड़ी लहरें उठी। वहां मौजूद लोग भी इसे देखकर सन्न रह गए। नमामि गंगे घाट पर मौजूद कांवड़िए भी दूर जा खड़े हुए।

11 साल मे तीसरी बार गिरा

अगवानी सुल्तानगंज फोरलेन पुल 2015 से बन रहा है। अभी तक यह पूरा नहीं हो सका है। इसे एसपी सिंगला कंस्ट्रक्शन कंपनी बना रही है। 11 साल से बन रहा यह फोर लेन पुल आज तीसरी बार गिरा है। इससे पहले 30 अप्रैल 2022 को तेज हवा के झोंके से पिलर संख्या पांच पानी में समा गया था। 2022 के दो साल बाद यानी चार मई 2024 को यह पुल एक बार फिर गिरा। इस बार अगुवानी की तरफ से पिलर नंबर 9,10, 11, 12 का सुपर स्ट्रक्चर गंगा में मिल गया। आज 17 अगस्त 2024 को यह तीसरी बार है जब पुल का स्ट्रक्चर गिरा है।

अधिकारी फरार

घटना की जानकारी मिलते ही अधिकारी फरार हो गए हैं। पुल निर्माण कंपनी एसपी सिंगला से जुड़े तमाम कर्मचारी और अधिकारी अपनी जगह नहीं मिले। पुल गिरने की जिम्मेदारी लेने के लिए मौके पर कोई मौजूद नहीं है। न ही कंपनी के कोई आदमी इसके गिरने का कारण बता पा रहा है। पुल गिरने की सूचना आग की तरह फैल गई। क्षेत्र के कई जनप्रतिनिधियों और आम जनों ने मौके पर पहुंचकर दृश्य देखा।

2022 में गिरे 54 सेगमेंट

2022 में 30 अप्रैल की सुबह पुल के 54 सेगमेंट गिर गए। तेज हवा की वजह से पिलर संख्या 5 और 6 पर चढ़ाए जा रहे 54 सेगमेंट गिर गए। इस हादसे के बाद आईआईटी रुड़की, मुंबई और खड़गपुर की टीम ने आकर निर्माण सामग्री की जांच की थी। उनकी स्वीकृति मिलने के बाद काम को दोबारा शुरु किया गया। निर्माण सामग्री में कोई कमी नहीं पाई गई। हालांकि उसके बाद भी पुल दो बार गिरा। 2023 चार मई को पिलर नंबर 9 से 12 तक का हिस्सा गंगा में केबल स्ट्रैंथ के साथ गिर गया।

हाई कोर्ट का निर्देश

पटना हाई कोर्ट ने पुल गिरने के बाद एसपी सिंगला कंपनी को निर्देश दिए थे। निर्देश में कहा गया कि नई डिजाइन के मुताबिक पिलर संख्या 9 से 13 के बीच स्टील ब्रिज का निर्माण एसपी सिंगला अपने खर्च पर करेगी। नए डिजाइन की मंजूरी भी मिल गई है। गिरे हुए पिलर नंबर 9 से 13 के नए डिजाइन पर अभी काम शुरु भी नहीं हुआ था कि आज फिर से पुल गंगा में समा गया है।

Sidheshwar Nath Pandey

Sidheshwar Nath Pandey

Content Writer

मेरा नाम सिद्धेश्वर नाथ पांडे है। मैंने इलाहाबाद विश्विद्यालय से मीडिया स्टडीज से स्नातक की पढ़ाई की है। फ्रीलांस राइटिंग में करीब एक साल के अनुभव के साथ अभी मैं NewsTrack में हिंदी कंटेंट राइटर के रूप में काम करता हूं। पत्रकारिता के अलावा किताबें पढ़ना और घूमना मेरी हॉबी हैं।

Next Story