×

Lok Sabha Election 2024: Akhilesh Yadav देंगे BJP सांसद Varun Gandhi को टिकट? सपा प्रमुख ने दिया संकेत

Akhilesh Yadav on Varun Gandhi: समाजवादी पार्टी मुखिया अखिलेश यादव ने वरुण गांधी को टिकट देने के सवाल पर इंकार न करते हुए कहा कि यह फैसला पार्टी संगठन करेगा।

Sidheshwar Nath Pandey
Published on: 19 March 2024 11:48 AM GMT (Updated on: 19 March 2024 1:34 PM GMT)
वरुण गांधी को मिल सकता है समाजवादी पार्टी से टिकट।
X
वरुण गांधी को मिल सकता है समाजवादी पार्टी से टिकट। (Pic: Social Media)

Akhilesh Yadav on Varun Gandhi: भारतीय जनता पार्टी (BJP) के लोकसभा उम्मीदवारों की तीसरी सूची जल्द ही आने के कयास लगाए जा रहे हैं। इस सूची को लेकर चर्चा तेज हो गई है। माना जा रहा है कि भाजपा अपने कई सांसदों का टिकट काट सकती है। इस चर्चा में पीलीभीत से सांसद वरुण गांघी (Varun Gandhi) का नाम भी शामिल है। अपनी ही सरकार के खिलाफ लगातार बगावती सुर के लिए चर्चित वरुण गांधी का टिकट कटना लगभग तय माना जा रहा है। इस बीच समाजवादी पार्टी मुखिया अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने आज लखनऊ में मीडिया से बात करते हुए वरुण गांधी को सपा से टिकट देने पर जवाब दिया है।

वरुण गांधी को मिल सकता है सपा से टिकट

वरुण गांधी को टिकट देने की बात पर अखिलेश यादव ने इंकार नहीं किया। उन्होंने कहा कि अगर भाजपा वरुण गांधी की टिकट काटती है तो उनका सपा से टिकट देने का निर्णय हमारी पार्टी करेगी। उन्होंने कहा कि ये फैसला पार्टी संगठन की सहमती से ही लिया जा सकता है। इस बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है। अगर समाजवादी पार्टी वरुण गांधी को अपना उम्मीदवार बनाती है, तो यह पहली बार होगा कि वरुण गांधी और अखिलेश यादव एक मंच पर नजर आएंगे।

भाजपा जबरन लोगों को कर रही पार्टी में शामिल

सवालों के जवाब देते हुए उन्होंने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए। अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा अन्य पार्टियों के नेताओं पर भाजपा में शामिल होने का दबाव बना रही है। सपा मुखिया ने अमेठी से विधायक महारानी प्रजापति की बात करते हुए कहा कि, वो मेरे पास आई थीं। मगर उनपर भाजपा ने दबाव बनाया और अपने साथ शामिल कर लिया। उन्होंने बिना नाम लिए एक और नेता को इसका शिकार बताया। अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा के एक वरिष्ठ नेता ने ही फोन करके पार्टी में शामिल होने का दबाव बनाया।

सरकार पर बरसे अखिलेश

पत्रकारों से बात करते हुए आज सपा मुखिया अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने युवाओं के भविष्य को अंधकार में धकेल दिया है। तमाम भर्तियों को रद्द कर दिया जा रहा है। जिन सरकारी भर्तियों की परीक्षा भी हो रही है वो पहले ही लीक हो जा रही हैं। भाजपा सरकार शुचिता से परीक्षा कराने में विफल रही है। देश का 60 लाख युवा इस सरकार से त्रस्त है। लोगों से भाजपा का बहिष्कार करने की अपील करते हुए उन्होंने कहा कि अगर इन युवाओं और उनके परिवार ने भाजपा का बहिष्कार कर दिया तो भाजपा को 2.25 लाख वोट कम मिलेंगे। इससे भाजपा को सत्ता से हटाने में आसानी होगी।

Sidheshwar Nath Pandey

Sidheshwar Nath Pandey

Content Writer

मेरा नाम सिद्धेश्वर नाथ पांडे है। मैंने इलाहाबाद विश्विद्यालय से मीडिया स्टडीज से स्नातक की पढ़ाई की है। फ्रीलांस राइटिंग में करीब एक साल के अनुभव के साथ अभी मैं NewsTrack में हिंदी कंटेंट राइटर के रूप में काम करता हूं। पत्रकारिता के अलावा किताबें पढ़ना और घूमना मेरी हॉबी हैं।

Next Story