×

Covishield Vaccine: 'सौदागर नहीं होनी चाहिए सरकार!', अखिलेश यादव का सरकार पर वार

Akhilesh Yadav On Covishield Vaccine: सपा मुखिया अखिलेश यादव ने सरकार पर निशाना साधा है। सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट करते हुए अखिलेश यादव ने सरकार से सवाल किया है।

Sidheshwar Nath Pandey
Published on: 1 May 2024 3:59 PM GMT
Akhilesh Yadav On Covishield Vaccine
X

Akhilesh Yadav On Covishield Vaccine (Pic: Social Media)

Akhilesh Yadav On Covishield Vaccine: कोविशील्ड वैक्सीन पर हाल ही में आई रिपोर्ट देश भर में चर्चा का विषय बना हुआ है। देश की तमाम राजनीतिक पार्टियां इस मुद्दे को लोकसभा चुनाव में भी भुनाने की कोशिश कर रही हैं। सरकार पर आरोप प्रत्यारोप का दौर जारी है। इसी क्रम में सपा मुखिया अखिलेश यादव ने भी सरकार पर निशाना साधा है। सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट करते हुए अखिलेश यादव ने सरकार से सवाल किया है। उन्होंने सरकार पर देश के लोगों की जिंदगी दांव पर लगाने का आरोप लगाया है। उच्च स्तरीय जांच की मांग करते हुए अखिलेश यादव ने लिखा कि जिम्मेदार लोगों पर मुकदमा चलाया जाना चाहिए।

चंद पैसों के लिए खतरे में डाला लोगों का जीवन

चंदा लेने का आरोप लगाते हुए अखिलेश ने लिखा कि, 'देश की सम्पत्ति बेचनेवालों ने, चंद पैसों के लिए देश की करोड़ों लोगों की ज़िंदगियों की भी बाज़ी लगा दी है। अब जनता भाजपा को हमेशा के लिए हटाकर अपना वर्तमान और भविष्य दोनों सुरक्षित कर लेगी'। उन्होंने लिखा कि 'हमने पहले भी कहा था, अब भी कह रहे हैं कि पूरी तरह से जाँच-परीक्षण के बिना वैक्सीन दिया जाना सही नहीं था। अब जब विदेशी कोर्ट में कोविशील्ड वैक्सीन बनानेवाली कंपनी ने ख़ुद इसके बुरे साइड इफ़ेक्ट के बारे में स्वीकार कर लिया है तो फिर जनता को और क्या सबूत चाहिए। चंदे के नाम पर कुछ करोड़ रुपयों के लिए देश की 80% आबादी का जीवन ख़तरे में डालनेवाली पैसों की लालची पार्टी को देश की जनता लोकसभा चुनाव में बुरी तरह हराकर अपना जवाब देगी। देशभर की डरी हुई जनता अपना वैक्सिनेशन सर्टिफिकेट निकालकर देख रही है कि उसे कौन सी वैक्सीन लगी है'।

जनता के जीवन का सवाल करेगा पीछा

सपा मुखिया ने भाजपा पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने लिखा कि 'अब भाजपाई जहाँ भी जाएंगे, जनता के जीवन का सवाल उनका पीछा करेगा। इसका शिकार तो भाजपा के समर्थक भी हुए हैं। वैक्सीन के बुरे असर और जनता के विरोध के कारण, भाजपाइयों का डर तो आम जनता के डर से दोगुना हो गया है। धीरे-धीरे पनपते जन विरोध को देखते हुए भाजपाइयों के घरों और वाहनों से झंडे उतर गये हैं और गलों से भाजपा के पट्टे भी क्योंकि आम भाजपाई को तो सुरक्षा का कोई घेरा नहीं मिला है'।

प्रमाणपत्र में फोटो लगाकर किया प्रचार

सरकार पर लोगों के जिंदगी का दांव लगाने का आरोप लगाते हुए उन्होंने लिखा कि, 'अब देखें भाजपा कैसे अपने मंचों से दावा करती है कि उसने कोरोनाकाल में जनता की जान बचाने का काम किया है; जबकि सच में जान जोखिम में डालने का काम किया है।' साथ ही मोदी की तस्वीर पर तंज कसते हुए अखिलेश यादव ने लिखा कि, 'भाजपा ने एक वैश्विक महामारी की आपदा में भी कोविड के टीके के प्रमाणपत्र में तस्वीर छापकर अपने प्रचार का अवसर ढूँढ लिया था। अब जब लोग अपने वैक्सिनेशन सर्टिफिकेट को देख रहे हैं, तो उनका विरोध और ग़ुस्सा और बढ़ रहा है'।

एस्ट्राजेनेका ने कबूली थी खराब असर होने की बात

कंपनी ने कोर्ट में पेश किए दस्तावेजों में यह पहली बार माना है कि कोविड-19 वैक्सीन की वजह से साइड इफेक्ट्स हो सकते हैं, लेकिन वहीं ऐसे मामलों की संख्या काफी कम होने का दावा किया है। बता दें कि कोरोना महामारी के दौरान पूरी दुनिया में ऑक्सफोर्ड-एस्ट्राजेनेका कोविड वैक्सीन को कोविशील्ड और वैक्सजेवरिया समेत कई नामों से बेचा गया। फिलहाल, इस वैक्सीन के कारण से होने वाली मौतों समेत कई गंभीर बीमारियों को लेकर एस्ट्राजेनेका पर केस दायर किया गया था। इस कंपनी पर आरोप है कि उसने ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी की मदद से जो वैक्सीन तैयार की है, उसके कई साइड इफेक्ट्स सामने आए हैं।

Sidheshwar Nath Pandey

Sidheshwar Nath Pandey

Content Writer

मेरा नाम सिद्धेश्वर नाथ पांडे है। मैंने इलाहाबाद विश्विद्यालय से मीडिया स्टडीज से स्नातक की पढ़ाई की है। फ्रीलांस राइटिंग में करीब एक साल के अनुभव के साथ अभी मैं NewsTrack में हिंदी कंटेंट राइटर के रूप में काम करता हूं। पत्रकारिता के अलावा किताबें पढ़ना और घूमना मेरी हॉबी हैं।

Next Story