×

Mulayam Singh Yadav: मुलायम सिंह यादव मरणोपरांत पद्म विभूषण से सम्मानित, अखिलेश बोले- 'यह महान विचारों का सम्मान'

Mulayam Singh Yadav: राष्ट्रपति भवन में 05 अप्रैल को एक विशेष कार्यक्रम के तहत पद्म पुरस्कार का वितरण किया गया। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने इस कार्यक्रम में अपने पिता मुलायम सिंह यादव को दिए गए मरणोपरांत पद्म विभूषण सम्मान ग्रहण किया।

Krishna Chaudhary
Published on: 5 April 2023 8:08 AM GMT (Updated on: 5 April 2023 11:03 PM GMT)
Mulayam Singh Yadav: मुलायम सिंह यादव मरणोपरांत पद्म विभूषण से सम्मानित, अखिलेश बोले- यह महान विचारों का सम्मान
X
अखिलेश यादव ने लिया सम्मान (photo: social media )

Mulayam Singh Yadav: समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) के संस्थापक मुलायम सिंह यादव (Mulayam Singh Yadav) को बुधवार (05 अप्रैल) को मरणोपरांत पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया। उनकी तरफ से ये सम्मान ग्रहण करने उनके बेटे और यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) राष्ट्रपति भवन पहुंचे। अखिलेश यादव ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू (Draupadi Murmu) के हाथों ये सम्मान ग्रहण किया। याद दिला दें, मुलायम सिंह यादव का लंबी बीमारी के बाद पिछले साल अक्टूबर में निधन हो गया था।

अखिलेश यादव ने ट्विटर पर सम्मान ग्रहण करती हुई अपनी तस्वीर साझा की। उन्होंने लिखा, 'महान व्यक्तियों का सम्मान वस्तुतः उनके महान विचारों एवं कार्यों का सम्मान होता है। माननीय नेता जी के ‘पद्म विभूषण’ से सम्मानित होने पर हार्दिक नमन!'

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) पिता की तरफ से सम्मान ग्रहण करने के लिए बुधवार सुबह ही दिल्ली पहुंच गए थे। पद्म पुरस्कार वितरण समारोह में अखिलेश यादव के साथ उनके परिवार के अन्य सदस्य भी मौजूद थे। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव को अंतिम दिनों में कई तरह की स्वास्थ्य समस्याओं से जूझना पड़ रहा था। सिंतबर 2022 में उन्हें गुड़गांव के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहीं, उन्होंने अंतिम सांसें लीं। मुलायम सिंह उस वक्त मैनपुरी सीट से लोकसभा सांसद थे। उनके निधन के बाद ये सीट रिक्त होने के बाद कराए गए उप चुनाव में उनकी बहू डिंपल यादव निर्वाचित होकर लोकसभा पहुंची।

अखिलेश के साथ परिवार के अन्य सदस्य भी

सपा संस्थापक मुलायम सिंह को आज मरणोपरांत पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया। उनकी जगह पुत्र और सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के हाथों सम्मान प्राप्त किया। इस दौरान अखिलेश यादव की पत्नी और मैनपुरी सांसद डिंपल यादव भी मौजूद रहीं।

मुलायम को भारत रत्न देने की हो चुकी है मांग

मुलायम सिंह यादव की गिनती देश के सबसे कद्दावर ओबीसी नेताओं में होती है। उत्तर प्रदेश जैसे देश के सबसे बड़े सूबे के कई बार मुख्यमंत्री रहे सपा संस्थापक एक समय प्रधानमंत्री पद के सबसे प्रबल दावेदार थे। यही वजह है कि उनके निधन के बाद उन्हें भारत रत्न से सम्मानित करने की मांग उठी थी। उनके भाई शिवपाल यादव और उनकी बहू डिंपल यादव ने नेताजी के कद का जिक्र करते हुए उन्हें भारत रत्न देने की मांग की थी।

मेदांता अस्पताल में हुआ था निधन

पहलवान से नेता बने मुलायम सिंह यादव का पिछले साल 10 अक्टूबर को हरियाणा के गुरूग्राम स्थित मेदांता अस्पताल में निधन हो गया था। 82 वर्षीय मुलायम कई स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे थे। 22 नवंबर 1939 को इटावा जिले के सैफई गांव में जन्मे मुलायम तीन बार यूपी के सीएम और एक बार देश के रक्षा मंत्री रहे। इसके अलावा वो 8 बार विधायक और सात बार लोकसभा सांसद भी रहे। 2012 के यूपी विधानसभा चुनाव में बड़ी जीत दर्ज करने के बाद उन्होंने अपने बेटे अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाया था।

Krishna Chaudhary

Krishna Chaudhary

Next Story