×

टाइगर अभी जिंदा है: जानें क्यों अमर सिंह ने कही ऐसी बात

हमारे मित्र जो हमारी मृत्यु की कामना कर रहे हैं, वह यह कामना छोड़ दें। हर दम मृत्यु हमारे द्वार को खटखटाती है। झांसी में एकबार हवाई जहाज से गिर गया था तो भी यमराज ने स्वीकार नहीं किया। दस साल पहले भी गुर्दे का प्रत्यारोपण हुआ तो भी मैं लौटकर आ गया।

SK Gautam
Published on: 2 March 2020 4:58 PM GMT
टाइगर अभी जिंदा है: जानें क्यों अमर सिंह ने कही ऐसी बात
X

लखनऊ: एक ऐसा समय था जब समाजवादी पार्टी के कद्दावर नेता अमर सिंह ही माने जाते थे। कुछ दिनों पहले ये खबर आयी कि बॉलिवुड के महानायक अमिताभ बच्चन और उनके परिवार से अमर सिंह ने माफी मांगी थी। इस दौरान अमर सिंह ने बताया था कि वह इन दिनों सिंगापुर में हैं और मौत से लड़ रहे हैं। जिसका विडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल भी हुआ था।

टाइगर अभी जिंदा है

बता दें कि इस विडियो के बाद सोमवार को अमर सिंह का एक और विडियो सामने आया है। जिसमें उन्होंने कहा है कि "कुछ लोग मेरी मौत की ख़बर प्रसारित कर रहे हैं, जो कि पूरी तरह से झूठी है।" इसके साथ ही उन्होंने विडियो के साथ लिखा कि टाइगर अभी जिंदा है।

विडियो में अमर सिंह यह कहते हुए दिखाई देते हैं कि-

"सिंगापुर से मैं अमर सिंह बोल रहा हूं। रुग्ण (बीमार) हूं, त्रस्त हूं व्याधि (दिक्कतों) से लेकिन संत्रस्त (डरा) नहीं हूं। हिम्मत बाकी है, जोश बाकी है, होश भी बाकी है। हमारे शुभचिंतक और मित्रों ने ये अफवाह बहुत तेजी से फैलाई है कि यमराज ने मुझे अपने पास बुला लिया है। ऐसा बिल्कुल नहीं है। मेरा इलाज चल रहा है।"

'...तो दोगुनी ताकत के साथ आऊंगा'

अमर सिंह ने कहा कि- "मां भगवती की इच्छा हुई तो अपनी शल्य चिकित्सा के उपरांत शीघ्र-अतिशीघ्र दोगुनी ताकत से वापस आऊंगा और आप लोगों के बीच सदैव की भांति...जैसा भी हूं, जो भी हूं आपका हूं। बुरा हूं तो अच्छा हूं तो...अपनी चिरपरिचित शैली, प्रथा और परंपरा के अनुकूल जैसे अबतक जीवन जिया है, वैसे आगे भी जीता रहूंगा।"

मृत्यु की कामना करने वालों को दिया तगड़ा जवाब- मृत्यु द्वार को खटखटाती है

एसपी के पूर्व नेता अमर ने कहा कि "बाकी हमारे मित्र जो हमारी मृत्यु की कामना कर रहे हैं, वह यह कामना छोड़ दें। हर दम मृत्यु हमारे द्वार को खटखटाती है। झांसी में एकबार हवाई जहाज से गिर गया था तो भी यमराज ने स्वीकार नहीं किया। दस साल पहले भी गुर्दे का प्रत्यारोपण हुआ तो भी मैं लौटकर आ गया। 12-13 दिन तक मिडिल ईस्ट में वेंटिलेटर पर मौत से लड़कर वापस आ गया।"

पहले के मुकाबले अबकी बार तो बिल्कुल स्वस्थ हूं, बिल्कुल सचेतन हूं। हमारे डॉक्टर कहते हैं कि हमारा मस्तिष्ट 10 साल के बच्चे से ज्यादा उर्वरक है। फिर भी अपने सारे शुभेच्छुओं को जो हमारी मृत्यु की खबर फैला रहे हैं, उन्हें कोटि-कोटि धन्यवाद।'

SK Gautam

SK Gautam

Next Story