×

Amarnath Yatra 2023: पवित्र अमरनाथ गुफा जाने वालों के लिए बड़ी खबर, 23 अगस्त से निलंबित रहेगी यात्रा

Amarnath Yatra 2023 News: अधिकारियों की ओर से इस फैसले की वजह तीर्थयात्रियों की संख्या में गिरावट और रास्ते की मरम्मत के कार्यों को बताया गया है। बता दें कि इस साल ये यात्रा 1 जुलाई को शुरू हुई थी, जो 31 अगस्त तक चलेगी।

Krishna Chaudhary
Published on: 20 Aug 2023 9:41 AM GMT (Updated on: 20 Aug 2023 9:46 AM GMT)
Amarnath Yatra 2023: पवित्र अमरनाथ गुफा जाने वालों के लिए बड़ी खबर, 23 अगस्त से निलंबित रहेगी यात्रा
X
Amarnath Yatra 2023 News (photo: social media )

Amarnath Yatra 2023: पवित्र अमरनाथ यात्रा को लेकर इस वक्त बड़ी खबर सामने आई है। जम्मू कश्मीर प्रशासन ने 23 अगस्त से यात्रा को अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया है। अधिकारियों की ओर से इस फैसले की वजह तीर्थयात्रियों की संख्या में गिरावट और रास्ते की मरम्मत के कार्यों को बताया गया है। बता दें कि इस साल ये यात्रा 1 जुलाई को शुरू हुई थी, जो 31 अगस्त तक चलेगी।

दरअसल, इस बार शुरू से ही खराब मौसम के कारण अमरनाथ यात्रा को बीच में कई बार अस्थायी तौर पर स्थगित करना पड़ा था। भारी बारिश और चट्टानों के खिसकने के कारण बालटाल और पहलगाम दोनों रास्ते बाधित होने के कारण प्रशासन को यात्रा बीच में ही रूकवानी पड़ी थी। शुरू में यात्रा को लेकर तीर्थायात्रियों में भारी उत्साह देखा जा रहा था। लेकिन जैसे-जैसे मौसम का मिजाज बिगड़ता गया, श्रद्धालु कम आने लगे।

खराब मौसम और खराब सड़कें बनी वजह

इन दिनों उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों में कुदरत कहर बरपा रही है। भारी बारिश के कारण भूस्खलन की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। इसके कारण उत्तराखंड में चल रही पवित्र चारधाम की यात्रा भी प्रभावित हो रही है। जम्मू कश्मीर में भी मौसम का मिजाज बिगड़ा हुआ है। अमरनाथ श्राइन बोर्ड के अधिकारियों और प्रशासन के बीच हुई बैठक में निर्णय लिया गया कि 23 अगस्त से यात्रा को अस्थायी तौर पर स्थगित कर दिया जाए।

श्राइन बोर्ड के प्रवक्ता ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि तीर्थयात्रियों की संख्या में भारी गिरावट आने और सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) द्वारा संवेदनशील मार्गों पर किए जा रहे मरम्मत एवं देखरेख के काम को देखते हुए श्रद्धालुओं को पवित्र गुफा तक जाने वाले दोनों मार्गों पर आवाजाही न करने की सलाह दी गई है। उन्होंने कहा कि यात्रा 23 अगस्त से दोनों मार्गों से अस्थायी रूप से निलंबित रहेगी। छड़ी मुबारक को पारंपरिक पहलगाम मार्ग से ले जाया जाएगा, जिसके साथ ही यात्रा 31 अगस्त को संपन्न हो जाएगी।

अब तक कितने तीर्थयात्रियों ने किए दर्शन

पवित्र अमरनाथ गुफा में स्थित बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए तीर्थयात्रियों का पहला जत्था भारी सुरक्षा के साथ 30 जून को रवाना हुआ था। तब से लेकर अब तक 4.4 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने अनंतनाग जिले में 48 किलोमीटर लंबे पारंपरिक पहलगाम मार्ग और गांदरबल जिले में 14 किलोमीटर लंबे बालटाल मार्ग के जरिए बाबा बर्फानी के दर्शन किए हैं।

Krishna Chaudhary

Krishna Chaudhary

Next Story