×

Andhra Pradesh: दक्षिण में बड़ी सियासी हलचल, पूर्व सीएम चंद्रबाबू नायडू गिफ्तार, हिरासत में बेटा भी

Chandrababu Naidu Arrest: मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, आंध्र प्रदेश पुलिस ने चंद्रबाबू नायडू को तब गिरफ्तार किया, जब वे वैनिटी वैन में आराम कर रहे थे। नायडू फिलहाल पूरे राज्य का दौरा कर रहे हैं।

Krishna Chaudhary
Published on: 9 Sep 2023 2:59 AM GMT (Updated on: 9 Sep 2023 3:04 AM GMT)
Chandrababu Naidu Arrest
X

Chandrababu Naidu Arrest (pic - social media)

Chandrababu Naidu Arrest: नंदयाल. दक्षिणी राज्य आंध्र प्रदेश में बड़ी सियासी हलचल है। मुख्य विपक्षी दल तेलुगू देशम पार्टी (टीडीपी) के मुखिया और पूर्व मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू को गिरफ्तार कर लिया गया है। स्किल डेवलपमेंट घोटाले में आज यानी शनिवार सुबह 6 बजे उन्हें आपराधिक जांच आयोग (सीआईडी) ने नंदयाल शहर से गिरफ्तार कर लिया। इनता ही नहीं उनके बेटे नारा लोकेश को भी हिरासत में लने की खबर है। सीआईडी ने बीते दिनों पूर्व सीएम के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया था।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, आंध्र प्रदेश पुलिस ने चंद्रबाबू नायडू को तब गिरफ्तार किया, जब वे वैनिटी वैन में आराम कर रहे थे। नायडू फिलहाल पूरे राज्य का दौरा कर रहे हैं। शुक्रवार को नंदयाल जिले की बनगनपल्ली में जनसभा को संबोधित कर आराम करने अपने वैनेटी वैन में चले गए थे, जहां से उनकी गिरफ्तारी हुई। उनके बेटे नारा लोकेश को ईस्ट गोदावरी जिले से हिरासत में लिया गया है।

पुलिस से भिड़ गए टीडीपी कार्यकर्ता

शनिवार सुबह अचानक पूर्व सीएम को गिरफ्तार करने पहुंची पुलिस को देखकर टीडीपी के कार्यकर्ता भड़क गए। कार्यकर्ताओं ने चंद्रबाबू नायडू के वैनिटी वैन को चारों तरफ से घेर लिया और पुलिसकर्मी को अंदर आने से रोक दिया। इस दौरान पुलिस और टीडीपी नेताओं के बीच तीखी बहस हुई। जिसके बाद नायडू खुद बाहर आए और पुलिस से अपनी गिरफ्तारी को लेकर डिटेल्स मांगी।

पुलिस ने महज उन्हें इतना बताया कि उनकी गिरफ्तारी के लिए सीआरपीसी 51 के तहत नोटिस जारी किया गया था। पूर्व सीएम इसके बाद पुलिस के साथ चलने को राजी हो गए। उन्हें पहले मेडिकल टेस्ट के लिए अस्पताल ले जाया गया है, जिसके बाद उन्हें कोर्ट में पेश किया जाएगा।

किस मामले को लेकर हुई गिरफ्तारी ?

आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडु की गिरफ्तारी स्किल डेवलपमेंट घोटाले को लेकर हुई है। ये घोटाला करीब 250 करोड़ रूपये का है। इस मामले को लेकर उनके खिलाफ साल 2021 में पहली एफआईआर दर्ज कराई गई थी। नायडू ने बीते 6 सितंबर को अपनी गिरफ्तारी को लेकर आशंका जाहिर कर दी थी। उन्होंने सत्तारूढ़ वाईएसआर कांग्रेस पर इसकी साजिश रचने का आरोप लगाया था।

टीडीपी चीफ ने दावा किया था कि मुझे आज और कल में ये गिरफ्तार कर सकते हैं। उनके पास मेरे खिलाफ कोई सबूत नहीं है। इसलिए मेरे ऊपर जानलेवा हमला भी कराया जा सकता है। नायडू ने कहा कि 45 साल के राजनीतिक कैरियर में उनके खिलाफ कोई केस दर्ज नहीं हुआ। मौजूदा सीएम जगनमोहन रेड्डी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि उनके पिता दिवंगत सीएम राजशेखर रेड्डी ने भी मेरे ऊपर कई केस दर्ज कराए, मगर उन्हें कुछ हासिल नहीं हुआ।

आंध्र में लोकसभा के साथ विधानसभा चुनाव

आंध्र प्रदेश देश के उन राज्यों में शामिल है, जहां लोकसभा के साथ ही विधानसभा चुनाव होते हैं। इस लिहाज से वहां विधानसभा चुनाव में महज अब सात-आठ माह का वक्त ही शेष रह गया है, लिहाजा राज्य का सियासी तापमान चढने लगा है। आंध्र में सत्तारूढ़ वाईएसआर कांग्रेस और मुख्य विपक्षी टीडीपी के बीच जबरदस्त खींचतान रही है। दोनों दल फिलहाल एनडीए और इंडिया गठबंधन से बाहर हैं। वाईएसआर कांग्रेस के केंद्र में काबिज बीजेपी के साथ बेहतर संबंध हैं, पार्टी ने हर मौके पर संसद में सरकार का साथ दिया है।

वहीं, मोदी सरकार के पहले कार्यकाल के दौरान एनडीए छोड़कर बाहर निकलने वाले टीडीपी चीफ चंद्रबाबू नायडु लगातार एनडीए में शामिल होने की कोशिश कई बार कर चुके हैं मगर बातचीत आगे नहीं बढ़ पाई। मौजूदा स्थिति में सत्तारूढ़ वाईएसआर कांग्रेस उनसे राज्य में कहीं अधिक मजबूत है। 2019 में जगनमोहन रेड्डी के नेतृत्व में वाईएसआर कांग्रेस ने लोकसभा और विधानसभा दोनों जगह टीडीपी के खिलाफ बड़ी जीत हासिल की थी। आसन्न चुनाव को देखते हुए सियासी जानकार मानते हैं कि राज्य में अभी और राजनीतिक ड्रामा होना बाकी है।

Admin 2

Admin 2

Next Story