भाजपा में विचारधारा को लेकर सहज नहीं था : अरविंदर सिंह लवली

Rishi
Published on: 17 Feb 2018 1:23 PM GMT
भाजपा में विचारधारा को लेकर सहज नहीं था : अरविंदर सिंह लवली
X

नई दिल्ली : दिल्ली के पूर्व मंत्री अरविंदर सिंह लवली शनिवार को भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) छोड़कर फिर से कांग्रेस में शामिल हो गए और उन्होंने कहा कि भाजपा में विचारधारा को लेकर वह सहज नहीं थे। वह गत वर्ष अप्रैल में भाजपा में शामिल हुए थे। लवली ने दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष अजय माकन, दिल्ली के पूर्व मंत्री हारून यूसुफ और पार्टी प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला के साथ कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से उनके आवास पर मुलाकात की और इसके थोड़ी ही देर बाद लवली की कांग्रेस में वापसी की घोषणा की गई।

लवली ने मीडिया से कहा, "कांग्रेस को छोड़ना मेरे लिए आसान निर्णय नहीं था। यह निर्णय पीड़ा में लिया गया था। विचारधारा के स्तर पर, मैं भाजपा में सहज नहीं था।"

ये भी देखें : अरविंदर सिंह लवली कांग्रेस में लौटे, रास न आया भगवा चोला

माकन ने लवली की पार्टी में वापसी की घोषणा करते हुए कहा, "लवली फिर से कांग्रेस में शामिल हो गए हैं। हम उनका पार्टी में स्वागत करते हैं।"

कांग्रेस नेता ने कहा, "कांग्रेस उनकी उपस्थिति से मजबूत होगी और हम दिल्ली के लोगों की सेवा करेंगे।"

माकन ने कहा, "लवली और उनके परिवार ने कांग्रेस में लंबे समय से योगदान दिया है। वह पीढ़ियों से हमारे मजबूत सिपाही रहे हैं। वह दिल्ली इकाई के पूर्व प्रमुख और दिल्ली सरकार में मंत्री रह चुके हैं।"

लवली पिछले वर्ष राष्ट्रीय राजधानी में नगर निगम चुनाव से पहले भाजपा में शामिल हो गए थे। चार बार विधायक रह चुके लवली पहली बार 1998 में दिल्ली विधानसभा के लिए चुने गए थे। लवली की कांग्रेस में वापसी को यहां की 20 विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव से पहले कांग्रेस के लिए बड़े प्रोत्साहन के तौर पर देखा जा रहा है।

Rishi

Rishi

आशीष शर्मा ऋषि वेब और न्यूज चैनल के मंझे हुए पत्रकार हैं। आशीष को 13 साल का अनुभव है। ऋषि ने टोटल टीवी से अपनी पत्रकारीय पारी की शुरुआत की। इसके बाद वे साधना टीवी, टीवी 100 जैसे टीवी संस्थानों में रहे। इसके बाद वे न्यूज़ पोर्टल पर्दाफाश, द न्यूज़ में स्टेट हेड के पद पर कार्यरत थे। निर्मल बाबा, राधे मां और गोपाल कांडा पर की गई इनकी स्टोरीज ने काफी चर्चा बटोरी। यूपी में बसपा सरकार के दौरान हुए पैकफेड, ओटी घोटाला को ब्रेक कर चुके हैं। अफ़्रीकी खूनी हीरों से जुडी बड़ी खबर भी आम आदमी के सामने लाए हैं। यूपी की जेलों में चलने वाले माफिया गिरोहों पर की गयी उनकी ख़बर को काफी सराहा गया। कापी एडिटिंग और रिपोर्टिंग में दक्ष ऋषि अपनी विशेष शैली के लिए जाने जाते हैं।

Next Story