×

हटाए जाने के बाद अपमानित महसूस कर रहे अशोक चौधरी, जल्द छोड़ेंगे कांग्रेस

aman
By aman
Published on: 27 Sep 2017 9:47 AM GMT
हटाए जाने के बाद अपमानित महसूस कर रहे अशोक चौधरी, जल्द छोड़ेंगे कांग्रेस
X
हटाए जाने के बाद अपमानित महसूस कर रहे अशोक चौधरी, जल्द छोड़ेंगे कांग्रेस

पटना: बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पद से हटाए जाने के बाद अशोक चौधरी खुद को अपमानित महसूस कर रहे हैं। हालांकि, वो तुरंत कांग्रेस से इस्तीफा नहीं देंगे, वो इसके लिए वक्त लेंगे। पद से हटाए जाने के फैसले को अशोक चौधरी ने अपना 'अपमान' बताया है।

उन्होंने कहा 'जिस तरह हमें अपमानित करके निकाला गया, हम वो डिजर्व नहीं करते।' चौधरी ने कहा, 'अभी हमारा पार्टी छोड़ने का कोई इरादा नहीं है लेकिन ये भी मंजूर नहीं है।'

जनार्दन द्विवेदी ने दी थी जानकारी

कांग्रेस ने मंगलवार (26 सितंबर) पार्टी की बिहार इकाई के प्रमुख अशोक चौधरी को उनके पद से तुरंत प्रभाव से हटा दिया। कांग्रेस ने उनकी जगह किसी अन्य नेता को अभी यह जिम्मेदारी नहीं दी है। कांग्रेस महासचिव जनार्दन द्विवेदी ने बताया था, 'कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने अशोक चौधरी को बिहार प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद से तुरंत प्रभाव से हटा दिया है।' कांग्रेस पार्टी की ओर से यह कदम इन खबरों के बीच उठाया गया कि पार्टी की राज्य इकाई में दो फाड़ हो सकती है जिसमें से एक धड़े की अगुवाई चौधरी कर सकते हैं।

अशोक चौधरी ने हाल ही में आरोप लगाया था कि एक वर्ग पार्टी की बिहार इकाई में बगावत को हवा देने के लिए उनका नाम लेकर उनकी छवि खराब कर रहा है।

आगे की स्लाइड में पढ़ें पूरी खबर

विधानसभा में कांग्रेस के 27 विधायक हैं

गौरतलब है कि बिहार की 243 सदस्यीय विधानसभा में कांग्रेस के 27 विधायक हैं। बिहार में जदयू के महागठबंधन से हटने के बाद इस बात को लेकर आशंकाएं थीं, कि उसके कुछ विधायक जदयू में शामिल हो सकते हैं। हालांकि, कांग्रेस ने दावा किया था कि उसने स्थिति पर नियंत्रण कर लिया है।

टूट रोकने में जुटे थे राहुल

पार्टी उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने पिछले माह 20 से अधिक विधायकों से मुलाकात कर पार्टी के कामकाज के बारे में उनकी अलग-अलग राय जानी थी। पार्टी सूत्रों के अनुसार, राहुल ने कांग्रेस विधायकों को बुलाकर इसलिए बातचीत की थी ताकि पार्टी की राज्य इकाई में विभाजन को टाला जा सके।

पार्टी के 18 विधायक तोड़ने के आरोप

लेकिन पार्टी सूत्रों के अनुसार, पार्टी के कम से कम 18 विधायक नीतीश कुमार के नेतृत्व वाले जनता दल (यू) में जाने को तैयार हैं। इन बागी विधायकों का नेतृत्व अशोक चौधरी कर रहे हैं। इस बारे में नीतीश कुमार से उनकी बातचीत भी हो चुकी है।

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story