×

Assam: भारत जोड़ो न्याय यात्रा पर छिड़ा घमासान, सीएम सरमा ने राहुल गांधी के खिलाफ FIR दर्ज करने के दिए निर्देश

Assam News: मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए उन पर पुलिस के खिलाफ भीड़ को उकसाने का आरोप लगाया है। उन्होंने डीजीपी को कांग्रेस सांसद के विरूद्ध एफआईआर दर्ज करने का निर्देश दिया है।

Krishna Chaudhary
Published on: 23 Jan 2024 8:19 AM GMT (Updated on: 23 Jan 2024 9:53 AM GMT)
Assam CM Himanta Biswa Sarma Rahul Gandhi
X

Assam CM Himanta Biswa Sarma Rahul Gandhi  (photo: social media )

Assam News: असम में राहुल गांधी की अगुवाई में निकली भारत जोड़ो न्याय यात्रा पर घमासान छिड़ गया है। गुवाहाटी पहुंचते ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिसकर्मियों के बीच झड़प शुरू हो गई। शहर में प्रवेश की इजाजत नहीं देने पर कांग्रेस कार्यकर्ता पुलिस से भिड़ गए। इस दौरान जमकर हाथापाई हुई। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए उन पर पुलिस के खिलाफ भीड़ को उकसाने का आरोप लगाया है। उन्होंने डीजीपी को कांग्रेस सांसद के विरूद्ध एफआईआर दर्ज करने का निर्देश दिया है।

असम सीएम ने एक्स पर लिखा, ये असमिया संस्कृति का हिस्सा नहीं हैं. हम एक शांतिपूर्ण राज्य हैं. ऐसी "नक्सली रणनीति" हमारी संस्कृति से पूरी तरह अलग हैं। मैंने डीजीपी असम पुलिस को भीड़ को उकसाने के लिए आपके नेता राहुल गांधी के खिलाफ मामला दर्ज करने और आपके द्वारा अपने हैंडल पर पोस्ट किए गए फुटेज को सबूत के रूप में उपयोग करने का निर्देश दिया है। आपके अनियंत्रित व्यवहार और सहमत दिशानिर्देशों के उल्लंघन के परिणामस्वरूप अब गुवाहाटी में बड़े पैमाने पर ट्रैफिक जाम हो गया है।

राहुल गांधी का सीएम सरमा पर पलटवार

राहुल गांधी ने गुवाहाटी के दमदमा में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के ताजा एक्शन पर जोरदार पलटवार करते हुए कहा कि असम के मुख्यमंत्री यात्रा के लिए जो कर रहे हैं इससे यात्रा को फायदा हो रहा है। असम में मुख्य मुद्दा यात्रा बन चुकी है। ये तो भाजपा का डराने का तरीका है, लेकिन हम डरते नहीं इन सब चीजों से। हमारा न्याय का संदेश गांव-गांव में जा रहा है क्योंकि जनता पूछ रही है कि ये क्या हो रहा है? उन्होंने कहा कि बीजेपी और वीएचपी के नेताओं की पदयात्रा से ट्रैफिक नहीं रूकती मगर हमारी यात्रा से रूकती है। इससे जनता साफ समझ रही है कि विपक्ष की लड़ाई कौन लड़ रहा है।

वहीं, सीएम सरमा पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि बीजेपी के कार्यकर्ता तक उन्हें पसंद नहीं करते। क्योंकी वो जानते हैं कि सरकार वो नहीं बल्कि दिल्ली से चलाया जा रहा है। उनके खिलाफ कई सारे केसेस हैं, जिसके कारण वह दिल्ली से निर्देश लेकर सरकार चलाते हैं। कांग्रेस सांसद ने आगे कहा कि 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' के पीछे न्याय की सोच है, जिसके 5 स्तंभ हैं।

1. युवा न्याय

2. भागीदारी

3. नारी न्याय

4. किसान न्याय

5. श्रमिक के लिए न्याय

इन स्तंभ के लिए कांग्रेस पार्टी एक प्रोग्राम आपके सामने एक महीने में रखेगी।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, गुवाहाटी पुलिस ने सीएम का निर्देश मिलते ही पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि पुलिस कांग्रेस कार्यकर्ताओं को आगे आने से रोक रही है और डंडे से पिटाई करते नजर आ रही है। झड़प के वक्त राहुल गांधी बस की छत पर खड़े थे। कांग्रेस की मानें तो इस समय यात्रा में राहुल गांधी के साथ करीब 5 हजार कार्यकर्ता चल रहे हैं।

असम से सांसद गौरव गोगाई ने कहा कि भाजपा सरकार जितना अत्याचार करेगी, जितनी पाबंदी लगाएगी भारत जोड़ो न्याय यात्रा और राहुल गांधी का हाथ और शक्तिशाली होगा। भाजपा सरकार समझ नहीं पा रही है कि हमारी यात्रा का क्या विकल्प हो सकता है। असम सरकार द्वारा राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा का रोके जाने का विरोध कांग्रेस शासित कर्नाटक में भी हो रहा है।

क्या कहा था सीएम सरमा ने ?

मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने गुवाहाटी में यात्रा के प्रवेश के सवाल पर कहा था कि सड़कों पर जाम की स्थिति से बचने के लिए यात्रा को सिटी में एंट्री की अनुमति नहीं दी जाएगी। इससे पहले उन्होंने कहा था कि अगर भारत जोड़ो यात्रा के दौरान नियम-कानून की धज्जियां उड़ाई जाती है तो पुलिस भी यात्रा की सुरक्षा में नहीं जाएगी। राहुल गांधी के खिलाफ केस दर्ज किया जाएगा और चुनाव बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

राहुल गांधी का शाह और सरमा पर आरोप

केरल के वायनाड से सांसद राहुल गांधी ने असम – मेघालय सीमा पर अपनी यात्रा बस के ऊपर से छात्रों और अन्य लोगों को संबोधित करते हुए कहा, मैं आपके विश्वविद्यालय में आकर आपको संबोधित करना चाहता था, आपकी बात सुनना चाहता था। मगर हुआ यह कि भारत के गृहमंत्री ने असम के मुख्यमंत्री को फोन किया फिर सीएमओ ने विश्वविद्यालय को फोन कर कहा कि राहुल गांधी को छात्रों से बात करने की अनुमति नहीं देनी चाहिए।

सीएम हिमंत बिस्वा सरमा ने राहुल गांधी के आरोपों पर पलटवार करते हुए एक्स पर लिखा, क्या आदमी हैं - कार्यक्रम मेघालय में थी लेकिन गाली गलोच असम को दे रहा है ।

बता दें कि राहुल गांधी के नेतृत्व में चल रही कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा अभी दो दिन और यानी 25 जनवरी तक असम में रहेगी। इसके बाद टीएमसी शासित पश्चिम बंगाल में प्रवेश करेगी। बंगाल से फिर बिहार में प्रवेश करेगी, जहां मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी राहुल की रैली में शामिल होंगे। ऐसे में बंगाल में इंडिया गठबंधन में शामिल सीएम ममता बनर्जी का यात्रा को लेकर क्या रूख रहता है, इस पर सबकी नजरें रहेंगी।

Monika

Monika

Content Writer

पत्रकारिता के क्षेत्र में मुझे 4 सालों का अनुभव हैं. जिसमें मैंने मनोरंजन, लाइफस्टाइल से लेकर नेशनल और इंटरनेशनल ख़बरें लिखी. साथ ही साथ वायस ओवर का भी काम किया. मैंने बीए जर्नलिज्म के बाद MJMC किया है

Next Story