×

Shashi Tharoor: थरूर को वोट देने वालों पर असम के CM का दिलचस्प बयान, कांग्रेस नेता की तीखी प्रतिक्रिया

Shashi Tharoor: हिमंत बिस्वा सरमा ने आने वाले दिनों में कांग्रेस के तमाम नेताओं के भाजपा में शामिल होने की संभावना जताई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष के चुनाव में शशि थरूर को वोट देने वाले कई कांग्रेसी भाजपा में शामिल हो जाएंगे।

Anshuman Tiwari
Published on: 13 Nov 2022 5:58 AM GMT
Congress leader Shashi Tharoor
X

Congress leader Shashi Tharoor (Social Media)

Shashi Tharoor: असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने आने वाले दिनों में कांग्रेस के तमाम नेताओं के भाजपा में शामिल होने की संभावना जताई है। उन्होंने कहा कि मेरा मानना है कि कांग्रेस अध्यक्ष के चुनाव में शशि थरूर को वोट देने वाले कम से कम हजार कांग्रेसी भाजपा में शामिल हो जाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस में राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव को लोकतंत्र की वापसी का संकेत नहीं माना जा सकता। उन्होंने थरूर को वोट देने वाले कांग्रेसियों को अच्छा आदमी भी बताया। दूसरी और असम के मुख्यमंत्री के इस बयान पर हाल में कांग्रेस अध्यक्ष का चुनाव लड़ने वाले शशि थरूर ने तीखी प्रतिक्रिया जताई है। उन्होंने कहा कि लड़ाई लड़ने की हिम्मत रखने वाले लोग कभी भाजपा में शामिल नहीं होंगे।

थरूर को वोट देने वाले भाजपा में होंगे शामिल

बिस्वा सरमा ने एक अंग्रेजी अखबार के कार्यक्रम में हिस्सा लेते हुए कहा कि कांग्रेस में पिछले दिनों में हुए अध्यक्ष पद के चुनाव में मल्लिकार्जुन खड़गे को चुने जाने की प्रक्रिया को पार्टी में लोकतंत्र की वापसी का संकेत नहीं माना जा सकता। अगर थरूर को पार्टी का अध्यक्ष चुना गया होता तो मैं जरूर मानता की पार्टी में लोकतंत्र आ गया है। कांग्रेस छोड़कर भाजपा का दामन थामने वाले सरमा ने कहा कि आने वाले दिनों में कांग्रेस के तमाम लोग भाजपा में शामिल हो जाएंगे।

उन्होंने कहा कि मुझे पूरी उम्मीद है कि थरूर को वोट देने वाले एक हजार लोग देर-सबेर भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर लेंगे। मालूम हो कि पिछले महीने की 17 तारीख को हुए अध्यक्ष पद के चुनाव में मल्लिकार्जुन खड़गे ने बड़ी जीत हासिल की थी। उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी उम्मीदवार थरूर को करारी शिकस्त दी थी। खड़गे कांग्रेस प्रतिनिधियों के 7897 मत हासिल करने में कामयाब हुए थे जबकि थरूर को सिर्फ 1072 मत मिले थे।

कांग्रेस में सिर्फ एक परिवार का महत्व

अपनी पूर्व पार्टी कांग्रेस पर हमला करते हुए असम के मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के पास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जैसा नेता नहीं है। उन्होंने पीएम मोदी के नेतृत्व की प्रशंसा करते हुए कहा है कि मोदी सबके लिए प्रेरणा के स्रोत बने हुए हैं। दूसरी ओर कांग्रेस के पास ऐसी कोई प्रेरणा नजर नहीं आती। कांग्रेस में तो लोग सिर्फ एक परिवार के कहने और उसके बारे में सोचने पर ही मजबूर हैं।

उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भाजपा और ताकतवर बनकर उभरेगी। 2024 के चुनावों तक भाजपा के हाथ में दो-तीन और बड़े राज्य होंगे। देश के पूर्वी राज्यों में भी भाजपा अभी तक अपने चरम पर नहीं पहुंची है। हालांकि यह सच्चाई है कि इन राज्यों में भाजपा की ताकत लगातार बढ़ रही है और आने वाले दिनों में पार्टी कांग्रेस के मुकाबले और मजबूत हो जाएगी।

शशि थरूर ने जताई तीखी प्रतिक्रिया

बिस्वा सरमा के इस बयान पर पूर्व केंद्रीय मंत्री और हाल में अध्यक्ष पद का चुनाव हारने वाले शशि थरूर ने तीखी प्रतिक्रिया जताई है। थरूर ने कहा कि मुझे वोट देने वालों के भाजपा में शामिल होने की कोई संभावना नहीं है। कांग्रेस सांसद ने कहा कि लड़ने की हिम्मत रखने वाले लोग कभी भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने वाले नहीं हैं। केवल वे ही लोग भाजपा की लालच में फंस सकते हैं जिनमें लड़ाई लड़ने की हिम्मत नहीं होगी। उन्होंने असम के मुख्यमंत्री के बयान को पूरी तरह बेबुनियाद और निराधार बताया।

Prashant Dixit

Prashant Dixit

Next Story