×

Assembly Election 2024: BJP की अब नजरें विधानसभा चुनाव पर, घोषित किये चार राज्यों के प्रभारी और सह-प्रभारी

Assembly Election 2024: भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व ने जम्मू-कश्मीर के विधानसभा चुनाव के लिए जी किशन रेड्डी को प्रदेश चुनाव प्रभारी नियुक्त किया है।

Viren Singh
Published on: 17 Jun 2024 10:49 AM GMT (Updated on: 17 Jun 2024 10:52 AM GMT)
Assembly Election 2024
X

Assembly Election 2024 (सोशल मीडिया) 

Assembly Election 2024: लोकसभा चुनाव 2024 में मिली सफलता के बाद भारतीय जनता पार्टी (BJP) की निगाहें अब आगामी विधानसभा चुनाव पर टिक गई हैं। पार्टी की कोशिश है कि जिन राज्यों में उसकी सरकार है, वहां पर दोबारा सरकार बनाई जाए। जिन राज्यों में भाजपा विपक्ष में है, वहां पर सत्ता हासिल किया जाए। इसी उद्देश्य के साथ भाजपा ने सोमवार को चार राज्यों के लिए अपने प्रभारी और सह-प्रभारियों के नाम का ऐलान कर दिया है। पार्टी ने महाराष्ट्र, हरियाणा, झारखंड और जम्मू-कश्मीर के लिए प्रदेश चुनाव प्रभारी और सह-प्रभारियों की नियुक्ति की है।

भाजपा ने बनाए प्रभारी और सह-प्रभारी

इस साल चार राज्यों में विधानसभा चुनाव होने हैं। इसमें महाराष्ट्र, हरियाणा, झारखंड और जम्मू-कश्मीर राज्य शामिल है। जम्मू-कश्मीर में धारा 370 हटने के बाद पहली बार राज्य में विधानसभा चुनाव प्रस्तावित है, जिसकी जिम्मेदारी केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी के हाथों सौंपी गई है। भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व ने जम्मू-कश्मीर के विधानसभा चुनाव के लिए जी किशन रेड्डी को प्रदेश चुनाव प्रभारी नियुक्त किया है। वहीं, अन्य तीन राज्यों के लिए महाराष्ट्र, हरियाणा, झारखंड के लिए प्रभारी के साथ सह-प्रभारी की भी नियुक्ति की है।

महाराष्ट्र और हरियाणा में ये बनाए गए प्रभारी

भाजपा ने महाराष्ट्र में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव को प्रभारी बनाया गया है, जबकि अश्विनी वैष्णव को सह-प्रभारी नियुक्त किया गया है। केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान हरियाणा के प्रभारी और बिप्लब कुमार देब को सह-प्रभारी बनाया गया है, इसके बाद विधानसभा चुनाव पार्टी के अच्छे प्रदर्शन करने की जिम्मेदारी इन दोनों की हाथों में रहेगी।

झारखंड की जिम्मेदारी शिवराज सिंह के हाथों

झारखंड विधानसभा चुनाव की जिम्मेदारी हाल ही में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के कंधों पर होगी। उनका राज्य का प्रभारी नियुक्त किया गया है, जबकि उनका साथ देने के लिए हेमंत बिस्वा सरमा को झारखंड का सह-प्रभारी बनाया है।

इन राज्यों में होने हैं विधानसभा चुनाव

बता दें कि जम्मू कश्मीर की 90 विधानसभा सीटों पर राज्य का विशेष दर्जा हटने के बाद पहली बार विधानसभा चुनाव हो रहा है। यह चुनाव 30 सितंबर से पहले प्रस्तावित है। वहीं, झारखंड-महाराष्ट्र और हरियाणा में अक्टूबर-नवंबर में विधानसभा चुनाव होने की संभावना है। जम्मू-कश्मीर में इस बार भाजपा अकेले दम पर चुनाव मैदान में जाने की उम्मीद है। 2014 में हुई विधानसभा चुनाव में बीजेपी और पीडीपी की गठबंधन वाली सरकार बनी थी और जून 2018 में यह सरकार गिर गई थी। 2019 में धारा 370 हटने के बाद से राज्य में विधानसभा चुनाव नहीं हुई हैं। महाराष्ट्र में शिवसेना (शिंदे गुट) और भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार है। हरियाणा में भी भाजपा की सरकार है। वहीं, झारखंड में झारखंड मुक्ति मोर्चा और कांग्रेस के गठबंधन की सरकार है।


Viren Singh

Viren Singh

पत्रकारिता क्षेत्र में काम करते हुए 4 साल से अधिक समय हो गया है। इस दौरान टीवी व एजेंसी की पत्रकारिता का अनुभव लेते हुए अब डिजिटल मीडिया में काम कर रहा हूँ। वैसे तो सुई से लेकर हवाई जहाज की खबरें लिख सकता हूं। लेकिन राजनीति, खेल और बिजनेस को कवर करना अच्छा लगता है। वर्तमान में Newstrack.com से जुड़ा हूं और यहां पर व्यापार जगत की खबरें कवर करता हूं। मैंने पत्रकारिता की पढ़ाई मध्य प्रदेश के माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्विविद्यालय से की है, यहां से मास्टर किया है।

Next Story