×

Aurangzeb Tomb Controversy: औरंगजेब की कब्र के विवाद में शिंदे ने दिलाई लादेन की याद, कहा-अमेरिका ने भी नहीं बनने दी थी आतंकी सरगना की कब्र

Aurangzeb Tomb Controversy: कांग्रेस नेताओं पर तंज कसते हुए शिंदे ने आतंकी सरगना ओसामा बिन लादेन की याद भी दिलाई। उन्होंने कहा कि अमेरिका ने भी लादेन को मारने के बाद उसे अपनी जमीन पर दफनाने की इजाजत नहीं दी थी।

Anshuman Tiwari
Published on: 19 March 2025 10:48 AM IST
Aurangzeb Tomb Controversy: औरंगजेब की कब्र के विवाद में शिंदे ने दिलाई लादेन की याद, कहा-अमेरिका ने भी नहीं बनने दी थी आतंकी सरगना की कब्र
X

Eknath Shinde  (PHOTO: Social media )

Aurangzeb Tomb Controversy: महाराष्ट्र की सियासत में मुगल बादशाह औरंगजेब की कब्र का मुद्दा लगातार गरमाया हुआ है। कब्र को लेकर बढ़ते विवाद के बीच महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि राज्य में औरंगजेब का महिमामंडन नहीं किया जाना चाहिए। वह हमारे इतिहास पर एक धब्बा है।

कांग्रेस नेताओं पर तंज कसते हुए शिंदे ने आतंकी सरगना ओसामा बिन लादेन की याद भी दिलाई। उन्होंने कहा कि अमेरिका ने भी लादेन को मारने के बाद उसे अपनी जमीन पर दफनाने की इजाजत नहीं दी थी। अमेरिका ने उसकी बॉडी को समुद्र में फेंक दिया था ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार के महिमामंडन से बचा जा सके।

शिंदे ने दिलाई ओसामा बिन लादेन की याद

औरंगजेब की कब्र के विवाद को लेकर नागपुर में भड़की हिंसा के संबंध में विधान परिषद में चर्चा के दौरान शिंदे काफी हमलावर दिखे। उन्होंने कहा कि मुगल बादशाह औरंगजेब ने मराठा शासक छत्रपति संभाजी राजे को इस्लाम धर्म अपनाने का विकल्प दिया था मगर मराठा छत्रपति संभाजी ने औरंगजेब के सामने झुकने से इनकार कर दिया था। इस कारण संभाजी को काफी प्रताड़ित करने के बाद मार दिया गया था।

डिप्टी सीएम ने कहा कि हमें औरंगजेब के इतिहास के बारे में जानना चाहिए। उन्होंने सवाल किया कि हमें औरंगजेब का महिमामंडन क्यों होने देना चाहिए? कुछ लोग उसके महिमामंडन में जुटे हुए हैं जबकि वह हमारे इतिहास पर काला धब्बा है। उन्होंने आतंकी सरगना ओसामा बिन लादेन के खिलाफ अमेरिका की ओर से की गई कार्रवाई का भी जिक्र किया।

शिंदे ने कहा कि लादेन को मारने के बाद अमेरिका ने यह सुनिश्चित किया था कि उसे जमीन पर न दफनाया जाए। भविष्य में लादेन के किसी भी प्रकार के महिमामंडन से बचने के लिए अमेरिका ने उसे समुद्र में दफना दिया था।

फडणवीस के शासन की औरंगजेब से तुलना उचित नहीं

शिंदे ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल की ओर से मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के शासन की तुलना औरंगजेब के शासन से किए जाने की तीखी आलोचना की। उन्होंने कहा कि क्या फडणवीस ने कभी किसी को उस तरह प्रताड़ित किया है, जिस तरह औरंगजेब ने अपने दुश्मनों को प्रताड़ित किया था? शिंदे ने शिवसेना (यूबीटी) के एमएलसी अनिल परब से मुखातिब होते हुए सवाल किया कि क्या मुख्यमंत्री ने उन्हें प्रताड़ित किया है?

शिंदे की इस टिप्पणी के बाद अनिल परब खड़े हो गए और उन्होंने सभापति से अपनी बात करने की अनुमति मांगी। हालांकि सभापति ने उन्हें संबोधन की अनुमति नहीं दी। इस बीच शिंदे ने अपना संबोधन जारी रखते हुए यह भी कहा कि अनिल परब को यह नहीं भूलना चाहिए कि मैंने जो कुछ भी किया, खुलेआम किया। उन्होंने कांग्रेस पर हमला करते हुए यह भी कहा कि यह कांग्रेस ही थी जिसने औरंगजेब की कब्र को सुरक्षा प्रदान की थी।

औरंगजेब की कब्र को लेकर सियासत गरमाई

महाराष्ट्र में इन दिनों औरंगजेब को लेकर पैदा हुआ विवाद सियासी रूप से काफी गरमाया हुआ है। विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल की ओर से औरंगजेब की कब्र को हटाने की मांग जोर पकड़ती जा रही है। भाजपा नेताओं की ओर से भी इसका समर्थन किया जा रहा है। नागपुर में विहिप और बजरंग दल की ओर से हाल में प्रदर्शन के बाद हाल में हिंसा भी भड़क गई थी।

इसके बाद यह मामला और भी गरमा गया है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और डिप्टी सीएम शिंदे ने कहा है कि नागपुर में हिंसा भड़काने वाले लोगों को किसी भी सूरत में बक्शा नहीं जाएगा। औरंगजेब की कब्र को लेकर विभिन्न सियासी दलों के नेताओं की ओर से अलग-अलग बयान सामने आ रहे हैं।

Monika

Monika

Content Writer

पत्रकारिता के क्षेत्र में मुझे 4 सालों का अनुभव हैं. जिसमें मैंने मनोरंजन, लाइफस्टाइल से लेकर नेशनल और इंटरनेशनल ख़बरें लिखी. साथ ही साथ वायस ओवर का भी काम किया. मैंने बीए जर्नलिज्म के बाद MJMC किया है

Next Story