×

UP सरकार ने 22 जनवरी को शराब, मांस-मछली की बिक्री पर लगाया बैन, देश में आधे दिन की छुट्टी का ऐलान...केंद्र सरकार का आदेश

Ramlala Pran Pratishtha: अयोध्या में राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के दिन यानी 22 जनवरी को पूरे देश में आधे दिन की छुट्टी रहेगी। केंद्र सरकार ने आधे दिन की छुट्टी का आदेश जारी कर दिया है।

aman
Report aman
Published on: 18 Jan 2024 10:10 AM GMT (Updated on: 18 Jan 2024 10:29 AM GMT)
Ramlala Pran Pratishtha
X

अयोध्या राम मंदिर (Social Media)

Ayodhya Ram Mandir: उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने 22 जनवरी को राज्य में मांस और मछली की बिक्री पर प्रतिबंध लगाने की घोषणा की। गौरतलब है कि, 22 जनवरी को अयोध्या के राम मंदिर में रामलला प्राण प्रतिष्ठा का आयोजन हो रहा है। इससे पहले यूपी सरकार ने इस दिन पूरे प्रदेश में शराब की खरीद-बिक्री पर प्रतिबंध की घोषणा की थी।

वहीं, दूसरी तरफ राम मंदिर उद्घाटन को लेकर चल रही तैयारियों के बीच केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने भी गुरुवार (18 जनवरी) को बड़ा ऐलान किया। केंद्रीय राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने जानकारी दी कि, रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के दिन यानी 22 जनवरी को आधे दिन के लिए सरकारी दफ्तर बंद रहेंगे। जितेंद्र सिंह ने बताया, 'केंद्रीय कर्मचारियों को आधे दिन का ब्रेक दिया जाएगा। ये ब्रेक 22 जनवरी की दोपहर 2 बजकर 30 मिनट तक रहेगा। उन्होंने कहा, भारी जनभावनाओं के मद्देनजर ये फैसला लिया गया है।

समारोह के लिए 7,000 से अधिक लोगों को आमंत्रण

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) 22 जनवरी को रामलला के प्राण प्रतिष्ठा समारोह की अध्यक्षता करेंगे। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) प्रमुख मोहन भागवत (Mohan Bhagwat) समेत कई अन्य गणमान्य व्यक्तियों के साथ मंच साझा करेंगे। श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट द्वारा समारोह में 7,000 से अधिक लोगों को आमंत्रित किया गया है।

किस समय होगा प्राण प्रतिष्ठा?

वाराणसी के पुजारी लक्ष्मी कांत दीक्षित दोपहर 12 बजकर 20 मिनट पर रामलला 'प्राण प्रतिष्ठा' समारोह करेंगे। समारोह दोपहर एक बजे तक समाप्त होने की उम्मीद है। बता दें, मैसूर के मूर्तिकार अरुण योगीराज द्वारा बनाई गई राम लला की मूर्ति को स्थापना के लिए चुना गया है। प्राण प्रतिष्ठा समारोह का सात दिवसीय अनुष्ठान मंगलवार को शुरू हो चुका है। अनुष्ठानों में पूजा के विभिन्न रूप शामिल हैं। 21 जनवरी को रामलला विग्रह को 125 कलशों से दिव्य स्नान कराया जाएगा।

आधे दिन की छुट्टी का ऐलान, ताकि देख सकें लाइव प्रसारण

दूसरी तरफ, केंद्र सरकार की ओर से आज जारी एक पत्र में कहा गया है कि, 'कर्मचारियों की आस्था, भावना और उनके अनुरोध के कारण केंद्र सरकार ने आधे दिन की छुट्टी का ऐलान किया है। राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर पूरे भारत में सभी केंद्रीय सरकारी कार्यालयों, केंद्रीय संस्थानों और केंद्रीय औद्योगिक प्रतिष्ठानों में 22 जनवरी की दोपहर 2 बजकर 30 बजे तक आधे दिन की छुट्टी रहेगी। ज्ञात हो कि, ऐसा इसलिए किया जा रहा है, ताकि लोग प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देख सकें।

PM मंत्रियों से लिया फीडबैक

मंदिर के उद्घाटन की तैयारियों को लेकर प्रधानमंत्री मोदी ने सभी मंत्रियों से फीडबैक लिया। केंद्र के मंत्रियों से दीवाली जैसा उत्सव मनाने के लिए कहा गया है। उनसे ये भी कहा गया है कि, वे 22 जनवरी को अपने घरों में ही दीपक प्रज्ज्वलन करें। गरीबों को खाना खिलाएं। ये बात कहा गया है कि, 22 जनवरी के बाद अपने संसदीय क्षेत्र के लोगों को अयोध्या के लिए ट्रेनों में रवाना करें।



aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story