×

Sartaj Singh Death: बीजेपी के दिग्गज नेता सरताज सिंह का निधन, 5 बार सांसद और दो बार रहे विधायक

Sartaj Singh Death: भाजपा नेता सरताज सिंह पांच बार सांसद और दो बार विधायक रहे हैं। इसके अलावा केंद्र सरकार में मंत्री भी रहे हैं।

Jugul Kishor
Published on: 12 Oct 2023 6:38 AM GMT
Sartaj Singh
X
सरताज सिंह (सोशल मीडिया)

Sartaj Singh Death: पूर्व केंद्रीय मंत्री और बीजेपी नेता सरताज सिंह का गुरुवार (12 अक्टूबर) को 83 साल की उम्र में निधन हो गया है। उन्होने भोपाल में गुरुवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे अंतिम सांस ली। वे लंबे समय से स्वास्थ्य संबंधी कई परेशानियों का सामना कर रहे थे। सरताज सिंह पांच बार सांसद और दो बार विधायक रहे हैं। इसके अलावा केंद्र सरकार में मंत्री भी रहे हैं। बता दें कि साल 2018 में भारतीय जनता पार्टी से अनबन होने पर कांग्रेस का दामन थाम लिया था। लेकिन, वे 2020 में घर वापसी करते हुए दोबारा बीजेपी में शामिल हो गए थे।

वाजपेयी सरकार में बने थे केंद्रीय मंत्री

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक भारत पाकिस्तान का विभाजन होने के बाद सरताज सिंह का परिवार इटारसी में बस गया था। सरताज सिंह पहली बार 1971 में इटारसी नगर पालिका के कार्यवाहक नगर पालिका अध्यक्ष बने थे। वे अटल बिहारी बाजपेयी की 13 दिन की सरकार में केंद्रीय मंत्री रहे और 2008 से 2016 तक मध्य प्रदेश सरकार में मंत्री रहे।

पांच बार सांसद और दो बार रहे विधायक

सरताज सिंह पांच बार सांसद व दो बार विधायक रहे हैं। 1989 से 1996 तक वे लगातार तीन बार नर्मदापुरम संसदीय सीट से सांसद चुने गए थे। जबकि, 1998 के लोकसभा चुनाव में उन्होने कांग्रेस प्रत्याशी अर्जुन सिंह को हराया था और 2004 के लोकसभा चुनाव में भी वह सांसद चुने गए थे। इसके अलावा सरताज सिंह दो बार विधायक रहे हैं। 2008 में होशंगाबाद जिले की सिवनी मालवा विधानसभा क्षेत्र से जीत हासिल की थी। 2013 के विधानसभा चुनाव में फिर जीत दर्ज की थी। हालांकि 2018 में बीजेपी से टिकट न मिलने पर वह कांग्रेस में शामिल हो गए थे। उन्होने नर्मदापुरम सीट से चुनाव लड़ा था। लेकिन, उन्हे हार का सामना करना पड़ा था। इसके बाद 2020 में दोबारा बीजेपी में शामिल हो गए थे।

सरताज सिंह का निधन अत्यंत दुखद: जेपी नड्डा

सरताज सिंह के निधन पर बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने श्रद्धांजलि दी है। उन्होने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा कि पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं मध्यप्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री, वरिष्ठ नेता श्री सरताज सिंह जी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद हैं। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें एवं शोकाकुल परिजनों को इस असीम दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति!

ज्योतिरादित्य सिंधिया ने दी श्रद्धांजलि

सरताज सिंह के निधन पर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। ज्योतिरादित्य सिंधिया ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा, ''पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं मध्य प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री, सरताज सिंह जी के निधन का समाचार अत्यंत दु:खद है. ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और शोकाकुल परिजनों को इस मुश्किल घड़ी में हिम्मत और शक्ति दें।

सरताज सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए वीडी शर्मा ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पोस्ट कर लिखा, वरिष्ठ नेता, पूर्व केंद्रीय मंत्री और प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री श्री सरताज सिंह जी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें एवं शोकमय परिजनों को इस कठिन समय में संबल प्रदान करें। ॐ शांति


Jugul Kishor

Jugul Kishor

Content Writer

मीडिया में पांच साल से ज्यादा काम करने का अनुभव। डाइनामाइट न्यूज पोर्टल से शुरुवात, पंजाब केसरी ग्रुप (नवोदय टाइम्स) अखबार में उप संपादक की ज़िम्मेदारी निभाने के बाद, लखनऊ में Newstrack.Com में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। भारतीय विद्या भवन दिल्ली से मास कम्युनिकेशन (हिंदी) डिप्लोमा और एमजेएमसी किया है। B.A, Mass communication (Hindi), MJMC.

Next Story