×

Bihar News: पटना में महंगाई के विरोध में कांग्रेस का मार्च, प्रदेश अध्यक्ष- सरकारी एजेंसियों का हो रहा बेजा इस्तेमाल

Bihar News: पटना में महंगाई और बेरोजगारी के खिलाफ कांग्रेस नेता राजभवन तक मार्च निकाल रहे थे। कांग्रेस का मार्च अभी कुछ दूर ही निकला था कि पुलिस ने बैरिकेडिंग कर उन्हें रोक दिया।

Network
Newstrack Network
Published on: 5 Aug 2022 9:40 AM GMT
bihar news congress protest march against inflation and unemployment in patna
X

हिरासत में लिए गए कांग्रेस नेता

Congress Protest in Patna : देश में बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और खाद्य पदार्थों पर जीएसटी के खिलाफ आज (05 अगस्त) को राजधानी पटना में कांग्रेस नेताओं और सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने राजभवन तक मार्च निकाला। कांग्रेस अध्यक्ष के नेतृत्व में ये प्रदर्शन हुए। कांग्रेस आज देशव्यापी धरना-प्रदर्शन कर रही है। राजधानी पटना सहित देश के सभी राज्यों में कांग्रेस ने केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।

पटना में भी कांग्रेसी प्रदर्शन करते नजर आए। महंगाई और बेरोजगारी के खिलाफ कांग्रेस नेता राजभवन तक मार्च निकाल रहे थे। कांग्रेस का मार्च अभी कुछ दूर ही निकला था कि पुलिस ने बैरिकेडिंग कर उन्हें रोक दिया। उसके बाद हंगामा शुरू हो गया। कार्यकर्ता सड़क पर नारेबाजी करने लगे।

कांग्रेस अध्यक्ष सहित कार्यकर्ता हिरासत में लिए गए

कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार पर पुलिस और सरकारी एजेंसियों के गलत इस्तेमाल का आरोप लगाया और हंगामा किया। हंगामा बढ़ता देख पुलिस ने कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन झा (Madan Mohan Jha) को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद कांग्रेस के कार्यकर्ता जिस गाड़ी में प्रशासन ने मदन मोहन झा को बिठाया था उस गाड़ी को घेर कर गिरफ्तारी का विरोध करने लगे। इस बीच पुलिस और कार्यकर्ताओं में हल्की नोकझोंक भी हुई। बाद में मदन मोहन झा के कहने पर कार्यकर्ता शांत हुए। फिर पुलिस मदन मोहन झा को थाने ले गई। इसी बीच हंगामा कर रहे दर्जनभर से अधिक कार्यकर्ताओं को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया। वज्र वाहन में भरकर उन्हें भी थाने ले गई।


'राज्य में अपराध चरम पर'

बिहार कांग्रेस अध्यक्ष मदन मोहन झा (Bihar Congress President Madan Mohan Jha) के नेतृत्व में सैकड़ों की संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता शुक्रवार को राजभवन मार्च के लिए निकले थे। लेकिन राजभवन पहुंचने से पहले ही पुलिस ने उन्हें रोक दिया। पुलिस के रोकने के बाद जिससे आक्रोशित कांग्रेसियों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान, प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन झा ने कहा कि, 'राज्य में अपराध चरम पर है। अपराधी खुलेआम घूम रहे हैं, लेकिन पुलिस के पास उन्हें पकड़ने के लिए समय नहीं है। जब कोई जनता की समस्या को लेकर आवाज उठाएगा तो उसपर कार्रवाई करने के लिए पुलिस तैयार रहती है।'

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story